कश्मीर के अवंतीपोरा में सुरक्षा बलों और जम्मू-कश्मीर पुलिस की संयुक्त टीम ने हिज्बुल कमांडर रियाज नायकू को मार गिराया. घाटी में हुई इस कार्रवाई पर बुधवार को कांग्रेस के पूर्व अध्यक्ष राहुल गांधी ने सुरक्षा बलों को बधाई दी. उन्होंने एक ट्वीट में लिखा कि निर्दोष लोगों की हत्या करने वाले आतंकी बचने नहीं चाहिए.
राहुल गांधी ने ट्वीट में लिखा, ‘मैं आतंकवादी रियाज नायकू को उसके अंजाम तक पहुंचाने के लिए सुरक्षा बलों को बधाई देता हूं. आतंकवादियों द्वारा निर्दोष लोगों की हत्या करने पर सजा जरूर मिलनी चाहिए.’
जम्मू-कश्मीर के अवंतीपोरा में हिज्बुल मुजाहिदीन का कमांडर रियाज नायकू बुधवार को एक मुठभेड़ में मारा गया. इस कार्रवाई में एक संयुक्त टीम ने हिस्सा लिया जिसमें भारतीय सेना, सेंट्रल रिजर्व पुलिस फोर्स (सीआरपीएफ) और जम्मू-कश्मीर पुलिस शामिल रहे.
सुरक्षा बलों को रियाज नायकू की तलाश लंबे दिनों से थी. कई बार सुरक्षा बलों से उसका सामना भी हुआ लेकिन स्थानीय लोगों की मदद से वह भाग निकला. नायकू पिछले 8 साल से सुरक्षा बलों और पुलिस को चकमा देकर बच रहा था. बुधवार को सुरक्षा बलों और पुलिस की टीम को बड़ी सफलता हाथ लगी और कश्मीर के पुलवामा जिले में उसे मार गिराया गया.
ये भी पढ़ें: जब पिता की रिहाई के लिए आतंकी रियाज नायकू ने 10 पुलिसवालों के रिश्तेदारों को बनाया बंधक
कश्मीर में दो अलग-अलग मुठभेड़ में 4 आतंकी मारे गए. सरशाली में लश्कर-ए-तैयबा के 2 आतंकी भी इसमें शामिल हैं. दोनों आतंकियों की अभी शिनाख्त नहीं हो पाई है. दूसरा एनकाउंटर अवंतीपोरा के बेगपोरा में हुआ जिसमें दो आतंकी मारे गए. इसमें एक रियाज नायकू है जो घाटी में हिज्बुल मुजाहिदीन का कमांडर था. दोनों एनकाउंटर वाली जगह से भारी मात्रा में हथियार बरामद किए गए हैं. रियाज नायकू कश्मीर में हिज्बुल मुजाहिदीन का चीफ ऑपरेशनल कमांडर था.
aajtak.in