अनंत सिंह की पत्नी नीलम देवी पर भी एक्शन, उप मंत्री का दर्जा छिना, बंगला खाली करने का नोटिस

बिहार सरकार ने अनंत सिंह की पत्नी नीलम देवी को एक समिति से हटाकर उप मंत्री का दर्जा वापस ले लिया और 25 नवंबर 2026 तक सरकारी आवास खाली करने का नोटिस दिया. यह कदम जेडीयू से 6 साल के निष्कासन और विधान परिषद चुनाव में पार्टी उम्मीदवार के खिलाफ प्रचार के बाद उठाया गया.

Advertisement
अनंत सिंह को JDU ने पार्टी से निकाल दिया है. (File Photo) अनंत सिंह को JDU ने पार्टी से निकाल दिया है. (File Photo)

शशि भूषण कुमार

  • पटना,
  • 26 अक्टूबर 2026,
  • अपडेटेड 5:01 PM IST

बिहार में मोकामा के विधायक अनंत सिंह की पत्नी नीलम देवी पर सरकार ने बड़ा एक्शन लिया है. उन्हें राज्य स्तरीय कार्यक्रम कार्यान्वयन समिति के सदस्य पद से हटा दिया गया है. इसके साथ ही उन्हें मिला उप मंत्री का दर्जा भी तत्काल प्रभाव से खत्म कर दिया गया है. इतना ही नहीं, भवन निर्माण विभाग ने उन्हें पटना के 1 मॉल रोड स्थित सरकारी बंगला खाली करने का नोटिस दिया है. नीलम देवी को 25 नवंबर तक यह आवास खाली करना होगा. फिलहाल इसी बंगले में अनंत सिंह और उनका परिवार रह रहा है.

Advertisement

बिहार सरकार की तरफ से जारी अधिसूचना के मुताबिक, नीलम देवी को समिति के सदस्य पद से मुक्त कर दिया गया है. इसके बाद उनका उप मंत्री का दर्जा भी समाप्त हो गया. इसके अलावा भवन निर्माण विभाग ने सरकारी आवास खाली करने की समयसीमा तय कर दी है. इस कार्रवाई के बाद नीलम देवी को मिले सरकारी पद और सुविधाएं वापस ले ली गई हैं.

यह भी पढ़ें: 'क्विक एक्शन होगा', JDU से बाहर होते ही अनंत सिंह की विधायकी पर संकट, पार्टी ने उठाया कदम

जेडीयू से भी छह साल के लिए निष्कासन

इससे पहले जनता दल यूनाइटेड (JDU) ने अनंत सिंह और नीलम देवी को छह साल के लिए पार्टी से निष्कासित कर दिया था. पार्टी के प्रदेश अध्यक्ष उमेश कुशवाहा ने दोनों की प्राथमिक सदस्यता खत्म करने की घोषणा की थी. जेडीयू ने विधानसभा अध्यक्ष से संविधान की दसवीं अनुसूची के तहत अनंत सिंह की विधानसभा सदस्यता रद्द करने की सिफारिश भी की है.

Advertisement

कार्रवाई के पीछे क्या वजह?

जेडीयू के मुताबिक, हालिया बिहार विधान परिषद चुनाव के दौरान अनंत सिंह और नीलम देवी ने पार्टी के आधिकारिक उम्मीदवार नीरज कुमार के बजाय जन सुराज के उम्मीदवार अनुज सिंह का समर्थन किया था. पार्टी ने इसे दल-विरोधी गतिविधि बताया. इसके अलावा अनंत सिंह पर पार्टी के शीर्ष नेतृत्व के खिलाफ अपमानजनक और अमर्यादित भाषा इस्तेमाल करने का आरोप भी लगाया गया.

यह भी पढ़ें: 'बाहुबलियों को यूज एंड थ्रो करती है बीजेपी', अनंत सिंह के सपोर्ट में पप्पू यादव ने गिनाए ये चार नाम

फ्लोर टेस्ट में क्रॉस वोटिंग के बाद मिला था पद

नीलम देवी ने 2024 में बिहार विधानसभा के फ्लोर टेस्ट के दौरान आरजेडी का साथ छोड़कर एनडीए सरकार के पक्ष में क्रॉस वोटिंग की थी. इससे नीतीश कुमार की सरकार को बहुमत साबित करने में मदद मिली थी. इसके बाद उन्हें समिति में जगह और उप मंत्री का दर्जा मिला था. अब जेडीयू से निष्कासन के बाद उनका पद और सरकारी आवास भी वापस लिया जा रहा है.

---- समाप्त ----

Read more!
Advertisement

RECOMMENDED

Advertisement
Latest News in Hindi »