'2030 हॉकी विश्व कप की मेजबानी के लिए पंजाब पूरी तरह तैयार', CM मान ने जताया भरोसा

CM मान ने कहा है कि पंजाब 2030 में हॉकी विश्व कप की मेजबानी के लिए पूरी तरह तैयार है. मोहाली में एशियन चैंपियंस ट्रॉफी-2026 के फाइनल में भारत ने जापान को 4-1 से हराकर खिताब अपने पास बरकरार रखा. इस मौके पर सीएम मान और राज्यपाल गुलाब चंद कटारिया ने टूर्नामेंट के सफल आयोजन के लिए पंजाब के लोगों को बधाई दी.

Advertisement
पंजाब CM मान का मानना है कि राज्य 2030 में हॉकी विश्व कप की मेजबानी के लिए पूरी तरह तैयार है. (Photo-ITG) पंजाब CM मान का मानना है कि राज्य 2030 में हॉकी विश्व कप की मेजबानी के लिए पूरी तरह तैयार है. (Photo-ITG)

aajtak.in

  • मोहाली,
  • 06 नवंबर 2026,
  • अपडेटेड 11:51 AM IST

पंजाब के मुख्यमंत्री भगवंत सिंह मान ने कहा है कि राज्य 2030 में हॉकी विश्व कप की मेजबानी के लिए पूरी तरह तैयार है. उन्होंने कहा कि एशियन चैंपियंस ट्रॉफी-2026 का सफल आयोजन पंजाब की बढ़ती खेल क्षमता का उदाहरण है. मोहाली में खेले गए टूर्नामेंट के फाइनल में भारत ने जापान को 4-1 से हराकर खिताब अपने पास बरकरार रखा.

Advertisement

इस मौके पर मुख्यमंत्री भगवंत मान और राज्यपाल गुलाब चंद कटारिया ने टूर्नामेंट की सफल मेजबानी के लिए पंजाब के लोगों को बधाई दी. मुख्यमंत्री ने भारतीय टीम को गोल्ड मेडल से सम्मानित किया. वहीं, अपना 200वां अंतरराष्ट्रीय मैच खेलने वाले हॉकी खिलाड़ी हार्दिक सिंह को स्पेशल जर्सी देकर सम्मानित किया गया.

2030 हॉकी विश्व कप की मेजबानी का लक्ष्य

CM भगवंत मान ने कहा कि पंजाब हॉकी की समृद्ध विरासत वाला राज्य है. यहां से 77 हॉकी ओलंपियन निकले हैं. 48 खिलाड़ियों ने ओलंपिक पदक जीते हैं. पंजाब ने भारतीय हॉकी को कई बड़े खिलाड़ी दिए हैं. इनमें बलबीर सिंह सीनियर, ऊधम सिंह, पृथीपाल सिंह, अजीत पाल सिंह और सुरजीत सिंह जैसे नाम शामिल हैं.

CM मान ने कहा कि पंजाबी खिलाड़ियों ने 10 बार ओलंपिक में भारतीय हॉकी टीम की कप्तानी की है. टोक्यो ओलंपिक-2020 में पंजाब के आठ खिलाड़ी भारतीय टीम का हिस्सा थे, जबकि पेरिस ओलंपिक-2024 में राज्य के नौ खिलाड़ियों ने भारत का प्रतिनिधित्व किया था.

Advertisement

उन्होंने आगे कहा कि एशियन चैंपियंस ट्रॉफी की मेजबानी पंजाब के लिए ऐतिहासिक उपलब्धि है. इससे राज्य की बड़े अंतरराष्ट्रीय खेल आयोजनों को आयोजित करने की क्षमता सामने आई है. मुख्यमंत्री ने भरोसा जताया कि पंजाब 2030 में हॉकी विश्व कप की मेजबानी भी कर सकता है.

6 नए हॉकी एस्ट्रोटर्फ मैदान तैयार

मुख्यमंत्री मान ने बताया कि राज्य में हॉकी का ढांचा मजबूत करने के लिए छह नए एस्ट्रोटर्फ मैदान तैयार किए गए हैं. दो अन्य मैदानों का काम चल रहा है. इसके अलावा, निचले स्तर पर खिलाड़ियों को बढ़ावा देने के लिए 18 सिक्स-ए-साइड एस्ट्रोटर्फ हॉकी मैदान भी बनाए गए हैं. सरकार ने 2023 में नई खेल नीति लागू की थी. इसके तहत खेलों के लिए 1,744 करोड़ रुपये का विशेष बजट रखा गया है. सरकार का लक्ष्य खिलाड़ियों को बेहतर मैदान, पेशेवर कोचिंग और आर्थिक मदद देना है.

CM मान ने कहा कि जालंधर और उसके आसपास के गांवों ने भारतीय हॉकी को कई बड़े खिलाड़ी दिए हैं. संसारपुर, खुसरोपुर और मिठापुर जैसे गांव अपनी हॉकी परंपरा के लिए जाने जाते हैं. इन गांवों से 20 से ज्यादा ओलंपियन निकले हैं.

उन्होंने ओलंपियन सुरजीत सिंह हॉकी स्टेडियम का भी जिक्र किया. यहां पंजाब इंस्टीट्यूट ऑफ स्पोर्ट्स सेंटर और खेलो इंडिया सेंटर के जरिए खिलाड़ियों को ट्रेनिंग दी जा रही है. इन केंद्रों में क्रमशः 102 और 33 हॉकी खिलाड़ी प्रशिक्षण ले रहे हैं.

Advertisement

भारत ने जापान को 4-1 से हराकर जीता खिताब

मालूम हो, मोहाली के बलबीर सिंह सीनियर अंतरराष्ट्रीय हॉकी स्टेडियम में खेले गए फाइनल में भारतीय टीम ने जापान को 4-1 से हराया. इस जीत के साथ भारत ने एशियन चैंपियंस ट्रॉफी का खिताब अपने पास बरकरार रखा.

फाइनल के बाद मुख्यमंत्री भगवंत मान और राज्यपाल गुलाब चंद कटारिया ने भारतीय खिलाड़ियों से मुलाकात की. मुख्यमंत्री ने विजेता टीम को गोल्ड मेडल दिए. हार्दिक सिंह को उनके 200वें अंतरराष्ट्रीय मैच के लिए स्पेशल जर्सी गिफ्ट की गई.

भारतीय टीम ने 4-1 से जापान को हराकर खिताबी जीत हासिल की. (Photo-ITG)

मुख्यमंत्री ने कहा कि ऐसे अंतरराष्ट्रीय आयोजन युवाओं को खेलों के लिए प्रेरित करते हैं. साथ ही खेल पर्यटन, होटल और आतिथ्य कारोबार,  खेल सामान से जुड़े उद्योगों को भी बढ़ावा मिलता है.

---- समाप्त ----

Read more!
Advertisement

RECOMMENDED

Advertisement
Latest News in Hindi »