पंजाब के अमृतसर में दिनदहाड़े लूट, महिला सरपंच के कानों से सोने की बालियां नोचीं

पंजाब के गांव सैदोलेहल में बाइक सवार दो बदमाशों ने महिला सरपंच अमरजीत कौर को बातों में उलझाकर उनके कानों से सोने की बालियां झपट लीं और फरार हो गए. पूरी वारदात सीसीटीवी में कैद हुई है. पुलिस ने मुकदमा नंबर 113 दर्ज कर फुटेज के आधार पर संदिग्धों की पहचान शुरू कर दी है.

Advertisement
अमृतसर में सरपंच से लूट.(Photo-ITG) अमृतसर में सरपंच से लूट.(Photo-ITG)

अमित शर्मा

  • अमृतसर,
  • 25 सितंबर 2026,
  • अपडेटेड 9:50 AM IST

पंजाब में अमृतसर के सैदोलेहल गांव में बेखौफ बदमाशों द्वारा दिनदहाड़े एक सनसनीखेज वारदात को अंजाम देने का मामला सामने आया है. गांव की मौजूदा महिला सरपंच अमरजीत कौर के कानों से अज्ञात बाइक सवार लुटेरे सोने की बालियां झपटकर मौके से फरार हो गए. यह पूरी घटना पास में लगे सीसीटीवी कैमरे में भी कैद हो गई है.

पीड़िता अमरजीत कौर ने आपबीती सुनाते हुए बताया कि वह अपने घर के अंदर मौजूद थीं और उनकी पोती बाहर एक्टिवा धो रही थी. इसी दौरान मोटरसाइकिल पर सवार दो अज्ञात युवक उनके घर के बाहर पहुंचे. उन्होंने उनकी पोती से सरपंच को बाहर बुलाने के लिए कहा. जब अमरजीत कौर बाहर आईं, तो एक युवक दरवाजे के पास खड़ा था, जबकि दूसरा युवक स्टार्ट मोटरसाइकिल पर तैयार बैठा था.

Advertisement

बदमाशों ने किसी का घर पूछने और मुर्गों के बारे में बात करने के बहाने उन्हें बातों में उलझा लिया. जैसे ही सरपंच का ध्यान भटका, युवक ने अचानक झपट्टा मारकर उनके दोनों कानों की सोने की बालियां नोच लीं. वारदात के बाद अमरजीत कौर ने बदमाशों को पकड़ने और रोकने की पूरी कोशिश की, लेकिन धक्का-मुक्की और छीना-झपटी के दौरान वह रास्ते में जमीन पर गिर गईं. इसके बाद बदमाश तेजी से बाइक पर सवार होकर फरार हो गए.

 सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली जा रही 

थाना तरसिक्का के पुलिस अधिकारी कर्म सिंह ने बताया कि इलाके में लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली जा रही है. फुटेज की शुरुआती जांच में दो संदिग्ध युवक दिखाई दे रहे हैं, जो वारदात को अंजाम देने के बाद फरार होते नजर आए हैं. पुलिस का कहना है कि संदिग्धों के हुलिए और बाइक की पहचान की जा रही है और जल्द ही आरोपियों को गिरफ्तार कर सलाखों के पीछे भेजा जाएगा.

Advertisement

पुलिस ने पीड़िता के बयानों के आधार पर अज्ञात आरोपियों के खिलाफ मुकदमा नंबर 113 दर्ज कर आगे की कानूनी कार्रवाई शुरू कर दी है. वहीं, पीड़िता और स्थानीय ग्रामीणों ने इलाके में सुरक्षा व्यवस्था पर सवाल उठाते हुए आरोपियों की शीघ्र गिरफ्तारी और इंसाफ की मांग की है.

---- समाप्त ----

Read more!
Advertisement

RECOMMENDED

Advertisement
Latest News in Hindi »