पंजाब के लुधियाना से एक दिल दहला देने वाली वारदात सामने आई है. यहां बदमाशों ने घर में घुसकर एक युवक पर तेजधार हथियारों से हमला कर दिया और उसका हाथ काटकर अलग कर दिया. वारदात को अंजाम देने के बाद आरोपी कटे हुए हाथ को एक लिफाफे में डालकर किराना दुकानदार को थमा गए. दुकानदार ने जब लिफाफा खोलकर देखा तो उसके होश उड़ गए. उसमें युवक का कटा हुआ हाथ था. इस घटना से पूरे इलाके में हड़कंप मच गया. गंभीर रूप से घायल युवक की बाद में अस्पताल में मौत हो गई.
घर में घुसकर किया हमला, काट दिया हाथ
जानकारी के मुताबिक, यह मामला लुधियाना का है. यहां शक्ति नाम के युवक पर बदमाशों ने तेजधार हथियारों से हमला किया. हमले के दौरान उसका हाथ काटकर शरीर से अलग कर दिया गया. वारदात के बाद आरोपी कटे हुए हाथ को लिफाफे में रखकर एक किराना दुकानदार को दे गए. दुकानदार ने जब लिफाफा खोला तो उसके अंदर कटा हुआ हाथ देखकर वह हैरान रह गया. इसके बाद मामले की सूचना पुलिस को दी गई.
गंभीर हालत में अस्पताल पहुंचाया गया युवक
घटना की सूचना मिलने के बाद पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू की. घायल शक्ति को गंभीर हालत में अस्पताल ले जाया गया, जहां लुधियाना के सिविल अस्पताल में उसकी मौत हो गई. युवक की मौत के बाद पुलिस मामले में आगे की कार्रवाई कर रही है. शुरुआती जानकारी के मुताबिक, इस वारदात के पीछे आपसी रंजिश की आशंका जताई जा रही है.
दो मोटरसाइकिलों पर सवार होकर आए थे आरोपी
मामले की गंभीरता को देखते हुए एसीपी क्राइम रूपदीप कौर भी मौके पर पहुंचीं. उन्होंने बताया कि पुलिस मामले की जांच कर रही है और कुछ सुराग मिले हैं. शुरुआती जानकारी के मुताबिक, वारदात को अंजाम देने के लिए आरोपी दो मोटरसाइकिलों पर सवार होकर आए थे. पुलिस अब हमलावरों की पहचान करने और वारदात के पीछे की वजह का पता लगाने में जुटी है.
युवक पर पहले भी दर्ज थे कई मामले
पुलिस के मुताबिक, शक्ति के खिलाफ पहले भी कई मामले दर्ज थे. हालांकि, इस वारदात को किस वजह से अंजाम दिया गया और इसमें कौन-कौन लोग शामिल थे, इसका खुलासा जांच के बाद ही हो सकेगा. पुलिस घटनास्थल से सबूत जुटा रही है और आरोपियों तक पहुंचने की कोशिश कर रही है.
विवेक ढल्ल