पंजाब के होशियारपुर से दिल दहला देने वाली वारदात सामने आई है. आम आदमी पार्टी (AAP) के सरपंच सतपाल सिंह मिंटा की मंगलवार रात उनके घर के बाहर कार से कुचलकर और धारदार हथियारों से हमला कर हत्या कर दी गई. वारदात की शुरुआत पार्किंग को लेकर हुए विवाद से हुई, लेकिन पुलिस आशंका जता रही है कि इसके पीछे पुरानी रंजिश भी हो सकती है. मामले में कुछ संदिग्धों को हिरासत में लिया गया है.
घटना होशियारपुर के आनंदगढ़ गांव की है. प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक, रात करीब 8 बजे 15 से 20 युवक दो कारों में सवार होकर सतपाल सिंह मिंटा के घर पहुंचे. घर के बाहर खड़ी गाड़ी हटाने को लेकर कहासुनी हुई, जो देखते ही देखते हिंसक झड़प में बदल गई.
मृतक के बेटे राहुल के मुताबिक, जब उनके पिता विवाद शांत कराने के लिए घर से बाहर आए तो हमलावरों ने उन पर तलवारों से हमला कर दिया. बचाव में उन्होंने तलवार पकड़ने की कोशिश की, लेकिन तभी आरोपियों ने कार उनके ऊपर चढ़ा दी. हमलावरों ने दो बार कार को आगे-पीछे कर उन्हें कुचल दिया. इसके बाद भी जब उन्हें लगा कि सतपाल सिंह जिंदा हैं तो उन्होंने दोबारा धारदार हथियारों से हमला किया.
यह भी पढ़ें: मुजफ्फरपुर में दोहरा हत्याकांड! झोला, टेप और ग्लव्स लेकर घुसे बदमाश, रिटायर्ड बैंककर्मी और पत्नी की बेरहमी से हत्या
परिवार किसी तरह घायल सरपंच को अस्पताल लेकर निकला, लेकिन रास्ते में भी हमलावरों ने उनका पीछा किया. राहुल का आरोप है कि कार से आरोपियों ने उनका रास्ता रोकने और फिर हमला करने की कोशिश की. उन्होंने अपनी कार रिवर्स कर रास्ता बनाया और सीधे पुलिस थाने पहुंचे. वहां से अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने सतपाल सिंह मिंटा को मृत घोषित कर दिया.
राहुल का कहना है कि कुछ समय पहले पड़ोसी गांव के युवकों के बीच हुए विवाद को उनके पिता ने समझौते के जरिए सुलझाया था. उसी बात की रंजिश में इस वारदात को अंजाम दिया गया. घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू की.
डीएसपी सिटी कुलभूषण शर्मा ने बताया कि सूचना मिलते ही पुलिस टीम मौके पर पहुंच गई थी. कुछ लोगों को हिरासत में लिया गया है. शुरुआती जांच में सामने आया है कि सरपंच की हत्या उनके ऊपर गाड़ी चढ़ाकर की गई है. हत्या के पीछे की वजह की जांच की जा रही है और सभी पहलुओं की गहनता से पड़ताल जारी है. पुलिस आसपास के सीसीटीवी फुटेज, प्रत्यक्षदर्शियों के बयान और अन्य साक्ष्यों के आधार पर घटना की कड़ियां जोड़ने में जुटी है.
aajtak.in