Beat Report: बीजेपी की नई नेशनल टीम पर मंथन, संगठन के बाद मोदी कैबिनेट भी फेरबदल के संकेत

बीजेपी नई राष्ट्रीय टीम के गठन को अंतिम रूप देने में जुटी है. संगठन में बदलाव के बाद मोदी मंत्रिमंडल विस्तार और चुनावी राज्यों को प्रतिनिधित्व देने की तैयारी है.

Advertisement
अंतिम दौर में है बीजेपी की नई नेशनल टीम पर मंथन. (Photo: ITG) अंतिम दौर में है बीजेपी की नई नेशनल टीम पर मंथन. (Photo: ITG)

पीयूष मिश्रा

  • नई दिल्ली,
  • 03 जुलाई 2026,
  • अपडेटेड 6:32 PM IST

भारतीय जनता पार्टी में नए राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नवीन के नेतृत्व में संगठन के पुनर्गठन की प्रक्रिया अब अंतिम चरण में पहुंचती दिखाई दे रही है. पिछले कुछ दिनों से दिल्ली में लगातार बैठकों का दौर जारी है और पार्टी के शीर्ष नेतृत्व के बीच नए संगठनात्मक ढांचे को लेकर गहन मंथन हो रहा है. इसी कड़ी में बुधवार को बीजेपी के राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नवीन और केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह के बीच तीन घंटे से ज्यादा वक्त तक चली अहम बैठक ने राजनीतिक हलकों में नई चर्चाओं को जन्म दे दिया है.

Advertisement

पार्टी सूत्रों के मुताबिक, इस लंबी मीटिंग में बीजेपी की नई नेशनल टीम के गठन को अंतिम रूप देने पर विस्तार से चर्चा हुई. माना जा रहा है कि संगठन की नई टीम का ऐलान अब कभी भी किया जा सकता है. 

आगामी विधानसभा चुनावों और साल 2029 के लोकसभा चुनाव की तैयारियों को देखते हुए इस टीम को बीजेपी के लिए बेहद अहम माना जा रहा है. 

राज्यों से मांगे गए संभावित नाम 

सूत्रों के मुताबिक, राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नवीन ने नई टीम के गठन के लिए करीब सभी राज्यों से संभावित नेताओं के नाम मांगे थे. प्रदेश इकाइयों से मिले सुझावों के आधार पर एक विस्तृत सूची तैयार की गई है, जिसमें संगठन के विभिन्न पदों के लिए संभावित नेताओं के नाम शामिल हैं. इसी लिस्ट में से राष्ट्रीय पदाधिकारियों का चयन किए जाने की संभावना है. बताया जा रहा है कि बुधवार देर रात तक चली बैठक में इन नामों पर अंतिम स्तर की चर्चा हुई और अब सिर्फ शीर्ष नेतृत्व की औपचारिक मंजूरी और ऐलान का इंतजार है. 

Advertisement

विधानसभा चुनावों के साथ 2029 की तैयारी

बीजेपी के अंदर नई नेशनल टीम को केवल संगठनात्मक फेरबदल के रूप में नहीं देखा जा रहा है. पार्टी नेतृत्व का मानना है कि यही टीम आने वाले वर्षों में कई राज्यों के विधानसभा चुनावों की रणनीति तैयार करेगी और 2029 के लोकसभा चुनाव के लिए संगठनात्मक ढांचा मजबूत करने की जिम्मेदारी भी संभालेगी. ऐसे में क्षेत्रीय, सामाजिक और राजनीतिक संतुलन साधना पार्टी की प्राथमिकता बनी हुई है.

संगठन के बाद मंत्रिमंडल विस्तार की तैयारी

पार्टी के सीनियर नेताओं का मानना है कि संगठन में बदलाव के बाद प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के मंत्रिमंडल में भी व्यापक फेरबदल और विस्तार किया जा सकता है. सूत्रों का कहना है कि पिछले कुछ वक्त से इस संबंध में भी कई दौर की चर्चा हो चुकी है. जानकारी के मुताबिक, सरकार की कोशिश है कि संसद के संभावित मॉनसून सत्र से पहले मंत्रिपरिषद को नया स्वरूप दिया जाए. इस दौरान कुछ सीनियर मंत्रियों के विभागों में बदलाव के साथ-साथ नए चेहरों को भी जगह मिल सकती है. जिन राज्यों में आने वाले हाल के दिनों में विधानसभा चुनाव होने हैं, उन्हें मंत्रिमंडल में ज्यादा प्रतिनिधित्व देने पर भी विचार किया जा रहा है.

पंजाब से नए चेहरे की चर्चा

Advertisement

पंजाब को लेकर भी बीजेपी के अंदर मंथन जारी है. सूत्रों के मुताबिक, केंद्रीय मंत्री और राज्यसभा सांसद रवनीत सिंह बिट्टू आगामी पंजाब विधानसभा चुनाव लड़ने की तैयारी कर रहे हैं. ऐसे में उनके केंद्रीय मंत्रिमंडल से बाहर होने की संभावना जताई जा रही है. अगर ऐसा होता है, तो पंजाब से बीजेपी किस नेता को केंद्र में प्रतिनिधित्व देगी, इस पर भी चर्चा तेज हो गई है. 

पार्टी सूत्रों का कहना है कि सीनियर बीजेपी नेता तरुण चुघ को मोदी मंत्रिमंडल में शामिल किया जा सकता है. बीजेपी ने हाल ही में केवल सिंह ढिल्लों को पंजाब बीजेपी का प्रदेश अध्यक्ष बनाकर सिख समुदाय का प्रतिनिधित्व दिया है, जबकि तरुण चुघ को हिंदू चेहरे के रूप में केंद्रीय मंत्रिमंडल में स्थान दिए जाने की संभावना जताई जा रही है.

दिल्ली में भी बदलाव के संकेत

दिल्ली बीजेपी में हुए हालिया संगठनात्मक बदलावों का असर केंद्रीय मंत्रिमंडल पर भी पड़ सकता है. सूत्रों के मुताबिक, दिल्ली बीजेपी चीफ बनने के बाद हर्ष मल्होत्रा के मंत्रिमंडल से बाहर होने की चर्चा है. ऐसी स्थिति में पश्चिमी दिल्ली से सांसद योगेंद्र चंदोलिया को मंत्रिमंडल में शामिल किए जाने की संभावना जताई जा रही है. पार्टी के अंदर यह तर्क दिया जा रहा है कि दिल्ली में मुख्यमंत्री के रूप में रेखा गुप्ता महिला नेतृत्व का प्रतिनिधित्व कर रही हैं, जबकि योगेंद्र चंदोलिया को दलित प्रतिनिधित्व के लिहाज से मजबूत विकल्प माना जा रहा है.

Advertisement

सामाजिक और क्षेत्रीय संतुलन पर स्पेशल फोकस

बीजेपी नेतृत्व के अंदर चल रही बैठकों से संकेत मिल रहे हैं कि आगामी विधानसभा चुनावों को ध्यान में रखते हुए संगठन और सरकार दोनों स्तरों पर सामाजिक और क्षेत्रीय संतुलन साधने की रणनीति तैयार की जा रही है. पार्टी महिला, दलित, पिछड़े वर्ग, सिख समुदाय और विभिन्न क्षेत्रों के प्रतिनिधित्व को ध्यान में रखते हुए संगठन और मंत्रिमंडल दोनों में बदलाव करना चाहती है. माना जा रहा है कि इसी रणनीति के तहत नए चेहरों को अवसर देने और चुनावी राज्यों को बेहतर प्रतिनिधित्व प्रदान करने की कवायद चल रही है.

जल्द हो सकती हैं बड़े ऐलान

बीजेपी के अंदर जारी बैठकों और मंथन के आधार पर संकेत हैं कि पहले राष्ट्रीय संगठन की नई टीम का ऐलान किया जाएगा. इसके बाद प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के मंत्रिमंडल में फेरबदल और विस्तार का रास्ता साफ हो सकता है. अगर ऐसा होता है, तो यह बदलाव केवल संगठनात्मक नहीं बल्कि आगामी विधानसभा चुनावों और 2029 के लोकसभा चुनाव की रणनीति के लिहाज से बीजेपी की सबसे अहम राजनीतिक कवायदों में से एक माना जाएगा.

---- समाप्त ----

Read more!
Advertisement

RECOMMENDED

Advertisement
Latest News in Hindi »