अयोध्या राम मंदिर चढ़ावा चोरी का मामला सोमवार को केरल विधानसभा में भी गूंजा. कांग्रेस विधायक संदीप वारियर ने बीजेपी और विश्व हिंदू परिषद (VHP) नेताओं पर श्रद्धालुओं द्वारा दिए गए दान के दुरुपयोग का आरोप लगाया. सदन में चर्चा के दौरान वारियर ने बीजेपी के राष्ट्रवाद और आस्था की राजनीति पर सवाल उठाए. संदीप वारियर ने 2024 में बीजेपी छोड़कर कांग्रेस जॉइन की थी,
उन्होंने कहा, 'जो लोग खुद को राष्ट्रवाद का सबसे बड़ा समर्थक बताते हैं, वे अब क्या कर रहे हैं? रिपोर्ट्स में कहा गया है कि बीजेपी और VHP नेताओं ने अयोध्या के श्रीराम मंदिर में श्रद्धालुओं द्वारा चढ़ाया गया दान हड़प लिया है. करोड़ों रुपये का चढ़ावा गायब हो गया है.' वारियर ने आरोप लगाया कि बीजेपी के लिए आस्था केवल एक राजनीतिक हथियार बनकर रह गई है.
यह भी पढ़ें: आजतक की खबर का असर: अयोध्या में 17 साल से जमे RMO अर्जुन देव का तबादला, गोरखपुर भेजे गए
त्रिकरिपुर से विधायक वारियर ने अयोध्या मंदिर में कथित चढ़ावा घोटाले की तुलना पिछली एलडीएफ सरकार के दौरान सबरीमाला मंदिर में हुए सोना चोरी मामले से भी की. उन्होंने कहा कि दोनों घटनाएं धार्मिक संस्थाओं के दुरुपयोग को दर्शाती हैं. अयोध्या राम मंदिर में चढ़ावे के कथित गबन का विवाद 7 जून को सामने आया था. इसके बाद श्रीराम जन्मभूमि तीर्थ क्षेत्र ट्रस्ट के अनुरोध पर उत्तर प्रदेश सरकार ने 13 जून को स्पेशल इन्वेस्टिगेशन टीम (SIT) का गठन किया.
एसआईटी की शुरुआती जांच रिपोर्ट के आधार पर 25 जून को एफआईआर दर्ज की गई थी. पुलिस ने इस मामले में अब तक आठ लोगों को गिरफ्तार किया है, जिन्हें 29 जून तक न्यायिक हिरासत में भेजा गया है. उत्तर प्रदेश सरकार के अधिकारियों के मुताबिक मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने मामले में दोषी पाए जाने वाले किसी भी व्यक्ति के खिलाफ सख्त कार्रवाई के निर्देश दिए हैं.
aajtak.in