देश के कई राज्यों में मौसम ने करवट ली है. दिल्ली-एनसीआर समेत उत्तर भारत में हल्की बूंदाबांदी ने गर्मी से राहत दी है. भारत मौसम विज्ञान विभाग (IMD) ने उत्तर-पूर्वी क्षेत्र में आज, 29 अप्रैल को भारी से बहुत भारी बारिश का ऑरेंज अलर्ट जारी किया है. इस अलर्ट के मुताबिक अरुणाचल प्रदेश, असम, मेघालय, नागालैंड, मणिपुर, मिजोरम और त्रिपुरा में तेज बारिश के साथ आंधी और बिजली गिरने की संभावना है.
हिमाचल, पंजाब, समेत इन राज्यों में आंधी-बारिश का अलर्ट
IMD ने उत्तर भारत और पूर्वी राज्यों में आंधी-बारिश का अलर्ट जारी किया है. मौसम विभाग ने हिमाचल प्रदेश, पंजाब, चंडीगढ़, हरियाणा, दिल्ली, उत्तराखंड, बिहार और झारखंड में आज थंडरस्क्वॉल (तेज आंधी के साथ बारिश) की चेतावनी दी है. इन इलाकों में हवा की रफ्तार 60-70 किलोमीटर प्रति घंटा तक पहुंच सकती है.
हिमाचल के इन 4 जिलों में बारिश-ओलावृष्टि की चेतावनी
हिमाचल प्रदेश में शिमला मौसम कार्यालय ने चार जिलों कांगड़ा, कुल्लू, मंडी और शिमला के लिए आज ऑरेंज अलर्ट जारी किया है. इन जिलों में ओलावृष्टि, गरज-चमक के साथ बिजली गिरने और 40-50 किमी प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चलने की चेतावनी है. राज्य में 4 मई तक लगातार बारिश (वेट स्पेल) की संभावना है.
मौसम विभाग के पूर्वानुमान के मुताबिक, एक नया पश्चिमी विक्षोभ (Western Disturbance) 2 मई से पश्चिमी हिमालयी क्षेत्र को प्रभावित करने वाला है, जिससे हिमाचल में 4 मई तक बारिश की गतिविधियां जारी रहेंगी.
अगले 2 दिन कैसा रहेगा दिल्ली का मौसम?
दिल्ली-एनसीआर वालों के लिए राहत भरी खबर है. मौसम विभाग के पूर्वानुमान के मुताबिक, दिल्ली-एनसीआर में अगले दो दिन आंशिक रूप से बादल छाए रहेंगे. 29 अप्रैल को तेज हवाओं के साथ हल्की से मध्यम बारिश और गरज-चमक के साथ छींटे पड़ने की संभावना है. तापमान में हल्की गिरावट दर्ज होगी और अधिकतम 37 डिग्री तथा न्यूनतम 20 डिग्री रहने का अनुमान है.
30 अप्रैल को अधिकतम तापमान 36 डिग्री और न्यूनतम 21 डिग्री तक रह सकता है. इस दिन भी आंशिक तौर पर बादल छाए रहेंगे. 1 मई से तापमान में फिर बढ़ोतरी देखने को मिलेगी और अधिकतम पारा फिर से 40 डिग्री सेल्सियस तक पहुंच सकता है.
दक्षिणी तटीय इलाकों में गर्मी और नमी
मौसम विभाग के मुताबिक, अगले दो दिनों तक आंध्र प्रदेश के तटीय क्षेत्रों, ओडिशा, तमिलनाडु, पुडुचेरी और कराईकल में गर्म और नम मौसम बना रहेगा. ज्यादा नमी के कारण गर्मी ज्यादा असरदार महसूस होगी. लोगों को दोपहर में धूप से बचने और खूब पानी पीने की सलाह दी गई है.
aajtak.in