उपराष्ट्रपति सी.पी. राधाकृष्णन द्वारा शुक्रवार को दिए गए एक बयान ने राजनीतिक गलियारों में हलचल मचा दी है. उपराष्ट्रपति ने साफ कहा कि भविष्य में कोई तमिल व्यक्ति भी प्रधानमंत्री बन सकता है. उपराष्ट्रपति ने कहा कि देश के अलग-अलग हिस्सों से आए लोग प्रधानमंत्री पद पर रह चुके हैं. ऐसे में आने वाले समय में तमिलनाडु से भी कोई नेता देश का प्रधानमंत्री बन सकता है.
शुक्रवार को उपराष्ट्रपति सी.पी. राधाकृष्णन ने कहा, 'हमारे पास कर्नाटक से एक प्रधानमंत्री रहे हैं. अब हमारे पास गुजरात से एक प्रधानमंत्री हैं.' इसके साथ ही, उन्होंने कहा कि भविष्य में कोई तमिल व्यक्ति भी प्रधानमंत्री बन सकता है.
उपराष्ट्रपति सी.पी. राधाकृष्णन ने इस बात पर जोर दिया कि लोकतंत्र में हर नागरिक के पास नेतृत्व करने की क्षमता होती है. उन्होंने कहा, 'अभी अलग-अलग राज्यों के नेता सबसे ऊंचे पदों पर हैं, भविष्य में तमिलनाडु से भी कोई व्यक्ति प्रधानमंत्री बन सकता है.'
बता दें, अपने मदुरै दौरे के दौरान उपराष्ट्रपति सी.पी. राधाकृष्णन ने पत्रकारों के सवाल का जवाब देते हुए यह बात कही. गौरतलब है, तमिलनाडु से कोई भी व्यक्ति अब तक प्रधानमंत्री नहीं बना है, लेकिन इस राज्य से तीन लोग राष्ट्रपति और तीन लोग उपराष्ट्रपति रह चुके हैं, जिनमें सी.पी. राधाकृष्णन भी शामिल हैं.
यह भी पढ़ें: तमिलनाडु में सरकारी नौकरियों में उम्र सीमा 5 साल बढ़ी, सीएम विजय ने युवाओं को दी बड़ी राहत
1998 से 2004 तक कोयंबटूर से भाजपा सांसद रहे राधाकृष्णन ने शुक्रवार को राज्यपाल राजेंद्र विश्वनाथ आर्लेकर के साथ मीनाक्षी सुंदरेश्वर मंदिर का दौरा किया. उपराष्ट्रपति, आर्लेकर और पूर्व केंद्रीय मंत्री पोन राधाकृष्णन ने मदुरै से लगभग 80 किलोमीटर दूर, स्वतंत्रता सेनानी और आध्यात्मिक नेता मुथुरामलिंगम थेवर के जन्मस्थान पसुमपोन में उनके स्मारक पर जाकर उन्हें पुष्पांजलि अर्पित की.
मीनाक्षी सुंदरेश्वर मंदिर के दर्शन के दौरान उपराष्ट्रपति सी.पी. राधाकृष्णन ने कहा कि उन्होंने मदुरै, तमिलनाडु और पूरे देश के लोगों की खुशहाली और समृद्धि के लिए प्रार्थना की. इसके साथ ही, उन्होंने जोर देते हुए कहा कि आगे आने वाले समय में भारत एक वैश्विक महाशक्ति बनेगा.
प्रमोद माधव