तमिलनाडु के मुख्यमंत्री विजय ने सरकारी नौकरी की तैयारी कर रहे युवाओं को बड़ी राहत दी है. उन्होंने सरकारी नौकरियों के लिए अधिकतम उम्र सीमा में पांच साल की छूट देने का एलान किया है. यह छूट पांच साल तक लागू रहेगी और पहले से मिल रही उम्र की छूट के ऊपर से दी जाएगी. ग्रुप 1 में सामान्य वर्ग की सीमा 32 से बढ़कर 37 साल होगी, जबकि ग्रुप 2 और 2ए में सामान्य वर्ग की सीमा 30 से बढ़कर 35 साल हो जाएगी. यह जानकारी समाचार एजेंसी पीटीआई ने दी है.
तमिलनाडु सरकार ने सरकारी नौकरी के लिए आवेदन करने की अधिकतम उम्र सीमा बढ़ा दी है. मुख्यमंत्री विजय ने शुक्रवार को इसकी घोषणा की. अब तक हर नौकरी के लिए एक तय उम्र होती थी और उससे ज्यादा उम्र के लोग आवेदन नहीं कर पाते थे. नए फैसले के बाद ऐसे कई उम्मीदवारों को फिर से परीक्षा देने का मौका मिलेगा.
फैसला क्यों लिया गया?
सरकारी विज्ञप्ति के मुताबिक यह फैसला सरकारी नौकरी की तैयारी करने वाले उम्मीदवारों की मांग पर लिया गया है. उम्मीदवारों ने सरकार से कहा था कि प्रतियोगी परीक्षाओं में बैठने के लिए उन्हें कुछ और मौके दिए जाएं. सरकार ने इस मांग को मानते हुए उम्र सीमा में राहत दी है.
कितनी छूट और कब तक?
यह पांच साल की छूट सिर्फ पांच साल के लिए लागू रहेगी. सरकारी विज्ञप्ति में साफ कहा गया है कि यह छूट मौजूदा नियमों में मिलने वाली उम्र की छूट के ऊपर से दी जाएगी. यानी जिन वर्गों को पहले से छूट मिलती है, उन्हें भी यह पांच साल अलग से मिलेंगे. यह छूट अलग अलग सर्विस ग्रुप और सामाजिक वर्गों पर लागू होगी.
यह भी पढ़ें: तमिलनाडु सरकार ने बदला ऑटो किराया, अब 50 रुपये होगा शुरुआती चार्ज
ग्रुप 1 सेवाओं में नई सीमा
ग्रुप 1 सेवाओं में सामान्य वर्ग के उम्मीदवारों की अधिकतम उम्र 32 साल से बढ़ाकर 37 साल कर दी गई है. आरक्षित वर्ग के उम्मीदवारों के लिए यह सीमा 37 साल से बढ़कर 42 साल हो गई है. दिव्यांग उम्मीदवारों में सामान्य वर्ग की सीमा 42 से बढ़कर 47 साल होगी. वहीं आरक्षित वर्ग के दिव्यांग उम्मीदवार अब 52 साल तक आवेदन कर सकेंगे, जबकि पहले यह सीमा 47 साल थी.
ग्रुप 2 और 2ए सेवाओं में नई सीमा
ग्रुप 2 और ग्रुप 2ए सेवाओं में सामान्य वर्ग की उम्र सीमा 30 साल से बढ़ाकर 35 साल की गई है. दिव्यांग उम्मीदवारों में सामान्य वर्ग के लिए सीमा 40 साल से बढ़कर 45 साल होगी. इन सेवाओं में आरक्षित वर्ग के उम्मीदवारों के लिए अभी कोई ऊपरी उम्र सीमा नहीं है.
उम्मीदवारों को क्या फायदा?
इस आदेश से तमिलनाडु में सरकारी नौकरी की तैयारी कर रहे हजारों उम्मीदवारों को फायदा होने की उम्मीद है. उनके लिए आवेदन करने का दायरा बढ़ जाएगा. बदली हुई उम्र सीमा पांच साल तक लागू रहेगी और इस दौरान पात्र उम्मीदवार राज्य सरकार के पदों के लिए मुकाबला कर सकेंगे.
aajtak.in