क्या तमिलनाडु में विजय के नेतृत्व वाली TVK सरकार को गिराने की कोई साजिश थी? स्टेट इंटेलिजेंस डिपार्टमेंट ने दावा किया है कि उसने TVK सरकार के सत्ता संभालने के दो महीने से भी कम वक्त में उसे अस्थिर करने की कथित साजिश को नाकाम कर दिया है.
टीवीके सरकार में मंत्री निर्मल कुमार ने कहा कि DMK के सीनियर लीडर सेंथिल बालाजी ने स्टालिन और उदयनिधि की मंजूरी से पिछले 40 दिनों में हमारे कई विधायकों से संपर्क करने की कोशिश की है और उन्हें ₹10 करोड़ से ₹50 करोड़ तक की पेशकश की है.
उन्होंने आगे कहा, "ऐसा कोई विधायक नहीं है, जिनसे उन्होंने संपर्क न किया हो. उन्होंने एक विधायक को धमकी भी दी है, जिसने अब पुलिस में शिकायत दर्ज कराई है. पुलिस ने हॉर्स ट्रेडिंग यानी विधायकों की खरीद-फरोख्त में शामिल लोगों को गिरफ्तार कर लिया है.
अब तक तीन गिरफ्तारियां...
पुलिस ने इस मामले में 3 लोगों को गिरफ्तार किया है, जिनका नाम नरेश और त्यागराजन है. टीवीके नेता ने दावा किया है कि आरोपियों में से एक नरेश सीधे सेंथिल बालाजी के भाई अशोक कुमार के संपर्क में था. नरेश हर दिन अशोक से इस बारे में बात करता था कि किस विधायक को कितनी रकम की पेशकश करनी है. इस मामले की विस्तृत जांच होगी.
निर्मल कुमार ने कहा, "स्टालिन, उदयनिधि और सेंथिल बालाजी को यह घटिया काम बंद कर देना चाहिए. उन्होंने विधायकों को ₹50 करोड़ तक की पेशकश की है."
'पाला बदलने के लिए 35 करोड़...'
तमिलनाडु में TVK के विधायक डॉ. एन. इलैयाराजा (उथांगराई) के इस आरोप के बाद राजनीतिक विवाद खड़ा हो गया है कि तमिलनाडु विधानसभा में एक प्रस्तावित प्रस्ताव पर वोटिंग के दौरान अपना रुख बदलने के लिए उन्हें ₹35 करोड़ की पेशकश की गई थी.
यह भी पढ़ें: मछुआरों के मुद्दे पर गरजे टीवीके प्रमुख विजय, कहा- चिट्ठी नहीं, सख्त कदम उठाने होंगे
पुलिस में दर्ज शिकायत के मुताबिक, थिरुनावुक्कारासु नाम के एक शख्स ने खुद को एक राजनीतिक सर्वे संस्था का प्रतिनिधि बताते हुए विधायक से संपर्क किया और बाद में वोटिंग प्रोसेस के दौरान समर्थन के बदले पैसे की पेशकश की.
आरोप है कि MLA ने इस ऑफर को ठुकरा दिया और बाद में पुलिस से शिकायत की. डॉ. एन. इलैयाराजा ने दावा किया कि उन्हें और उनके परिवार को धमकियां भी मिली थीं.
शिकायत के आधार पर ट्रिपलिकेन पुलिस स्टेशन में मामला दर्ज किया गया. पुलिस ने इस मामले में थिरुनावुक्कारासु, नरेश और त्यागराजन को गिरफ्तार किया है. पुलिस ने बताया कि आगे की जांच चल रही है और वे इस मामले से जुड़े लोगों के कथित संबंधों की जांच कर रहे हैं.
aajtak.in