'इनको समझाइए, बेटियों का चरित्र...', कंगना रनौत का नाम लिए बिना बरसे संजय सिंह

राज्यसभा में एंटी पेपर लीक बिल पर चर्चा के दौरान बोलते हुए संजय सिंह ने केंद्र सरकार और भारतीय जनता पार्टी पर जमकर हमला बोला.

Advertisement
संजय सिंह ने नौजवानों को गटर कहने पर घेरा (Photo: PTI) संजय सिंह ने नौजवानों को गटर कहने पर घेरा (Photo: PTI)

aajtak.in

  • नई दिल्ली,
  • 30 जुलाई 2026,
  • अपडेटेड 8:12 PM IST

राज्यसभा में एंटी पेपर लीक बिल पर चर्चा के दौरान आम आदमी पार्टी के राज्यसभा सांसद संजय सिंह केंद्र सरकार पर जमकर हमला बोला. उन्होंने नीट पेपर लीक के कारण सुसाइड करने वाले 21 छात्रों को श्रद्धांजलि के साथ अपनी बात शुरू की और कहा कि हर साल सुसाइड करने वाले दो हजार छात्रों को भी श्रद्धांजलि देता हूं. संजय सिंह ने कहा कि नीट की जो पहली परीक्षा हुई थी, उसमें 22 लाख 80 हजार बच्चे बैठे थे.

Advertisement

उन्होंने सरकार को कठघरे में खड़ा करते हुए कहा कि जब दोबारा परीक्षा हुई, उसमें 20 लाख बच्चे शामिल हुए. संजय सिंह ने कहा कि 2 लाख 80 हजार बच्चों ने परीक्षा छोड़ दी. इसके लिए जिम्मेदार कौन है. इसके जिम्मेदार आप (सरकार) है. उन्होंने कहा कि यह जो बिल लाया गया है, सरकार मान रही है कि पेपर लीक होंगे. पेपर लीक होने पर सजा दी जाएगी. पेपर कराने की जिम्मेदारी तो सरकार की है.

संजय सिंह ने कहा कि आपको अपने ऊपर कॉन्फिडेंस ही नहीं है कि ऐसा पेपर कराएंगे, जिसमें पेपर लीक न हो. उन्होंने कहा कि बिल में लिखा है कि दो महीने में जांच, पांच महीने में ट्रायल पूरा हो जाएगा. आप ये कह रहे हैं कि फास्ट ट्रैक कोर्ट बनाए जाएंगे. फास्ट ट्रैक की वास्तविकता यह है कि ढाई लाख केस पेंडिंग हैं. संजय सिंह ने एक उदाहरण भी सदन में दिया और कहा कि शाहीन नाम की एक लड़की है.

Advertisement

उन्होंने कहा कि शाहीन का केस 15 साल फास्ट ट्रैक कोर्ट में चला और सभी आरोपी बरी हो गए. संजय सिंह ने तंज करते हुए कहा कि मोदी जी का नारा है- अनपढ़ रहेगा इंडिया, तभी तो अंधभक्त बनेगा इंडिया. उन्होंने राज्यसभा में तल्ख आरोप लगाते हुए कहा कि इस सरकार ने पेपर चुराया, स्कूल चुराया, राम का चंदा चुराया. पेपर चोरी से चंदा चोरी तक, चोरी के सारे गुनाह में तुम लोग शामिल हो. 

संजय सिंह ने कहा कि किसान आंदोलन करता है, तो खालिस्तानी हो जाता है. मुसलमान आंदोलन करता है, तो पाकिस्तानी हो जाता है. नौजवान आंदोलन करता है तो चाइनिस्तानी हो जाता है. उन्होंने कहा कि जो नौजवानों पर गोली चलाती है, वो सरकार आतंकियों की तरह बर्ताव करती है. छात्र जो गए आंदोलन करने, उनको बर्बरतापूर्वक पीटा गया. 500 छात्रों को घायल किया. संजय सिंह ने कहा कि बिहार में एके-47 चलाया. क्या वे आतंकी हैं.

उन्होंने कंगना रनौत का नाम लिए बिना कहा कि इनकी एक सांसद हैं, किसान आंदोलन में किसानों पर भद्दी टिप्पणियां की थीं. अब नौजवानों के आंदोलन में ऐसी टिप्पणियां की हैं बच्चियों के लिए, कि सदन में कह नहीं सकता. बेटियों का चरित्र हनन किया. संजय सिंह ने जेपी नड्डा का नाम लेकर कहा कि उनको समझाइए. नौजवानों को गटर मत बोलो. उन्होंने कहा कि नौजवानों को गटर बोला तो आपकी सरकार को गटर में डालने का काम वो नौजवान करेंगे.

Advertisement

इस पर ट्रेजरी बेंच से किसी सदस्य ने कुछ कहा. संजय सिंह ने कहा कि अकेले रहेंगे, तब भी तुम्हारे खिलाफ लड़ेंगे. बैठ जाओ तुम लोग चंदा चोरी करते हो. पेपर चोर हो. उन्होंने आगे कहा कि मैं सोच रहा था कि ये सरकार पेपर चोरों पर कार्रवाई क्यों नहीं करती. एक कंपनी गुजरात में ब्लैकलिस्ट हुई, उसे बिहार और यूपी में पेपर कराने का टेंडर मिल गया. अहमदाबाद की उस कंपनी के संबंध प्रधानमंत्री और कई राज्यों के मुख्यमंत्री से हैं.

---- समाप्त ----

Read more!
Advertisement

RECOMMENDED

Advertisement
Latest News in Hindi »