'अनाउंसमेंट के बाद भागने लगे यात्री, रास्ते हो गए थे ब्लॉक...', NDLS भगदड़ पर RPF की रिपोर्ट से खुलासा

RPF ने रेलवे स्टेशन पर हुए हादसे की अपनी रिपोर्ट में खुलासा किया है कि नई दिल्ली रेलवे स्टेशन पर शनिवार रात करीब पौने नौ बजे भगदड़ हुई. रिपोर्ट में बताया गया है कि RPF इंस्पेक्टर ने स्टेशन डायरेक्टर को बढ़ती भीड़ को ध्यान में रखते हुए स्पेशल ट्रेन को जल्दी चलाने की सलाह दी और रेलवे की टीम को तुरंत प्रयागराज के टिकट बेचने पर रोक लगाने को कहा था.

Advertisement
रेलवे स्टेशन पर भगदड़ के बाद का नजारा. (PTI Photo) रेलवे स्टेशन पर भगदड़ के बाद का नजारा. (PTI Photo)

अरविंद ओझा / श्रेया चटर्जी

  • नई दिल्ली,
  • 18 फरवरी 2025,
  • अपडेटेड 12:54 PM IST

नई दिल्ली रेलवे स्टेशन पर शनिवार रात हुई भगदड़ को लेकर RPF ने एक रिपोर्ट तैयार की है. रिपोर्ट में बताया गया है कि रेलवे के अनाउंमेंट के बाद यात्रियों की भीड़ प्लेटफार्म नंबर 12-13 से 16 की ओर भागने लगी, जिससे प्लेटफार्म नंबर 12, 13, 14, 15,16 पर जाने वाले रास्ते पूरी तरह जाम हो गए थे. स्टेशन पर लगातार बढ़ रही भीड़ को ध्यान में रखते हुए RPF इंस्पेक्टर ने स्टेशन डायरेक्टर को स्पेशल ट्रेन को जल्दी चलाने की सलाह दी थी. रिपोर्ट में खुलासा किया कि भगदड़ रात 8:48 बजे हुई थी. भगदड़ के बाद राहत सहायता देने में 40 मिनट से अधिक की देरी हुई थी. वहीं, रेलवे ने आरपीएफ की रिपोर्ट पर प्रतिक्रिया दी है और इसे व्यक्तिगत बयान करार दिया है.

Advertisement

RPF की रिपोर्ट में बताया गया है कि शनिवार रात 8 बजे शिवगंगा एक्सप्रेस के प्लेटफार्म नंबर 12 से रवाना होने के बाद प्लेटफार्म पर यात्रियों की बहुत ज्यादा भीड़ जुटने लगी थी, जिससे प्लेटफार्म नंबर 12, 13, 14, 15,16 पर जाने वाले रास्ते पूरी तरह जाम हो गए थे. इसके बाद RPF इंस्पेक्टर ने स्टेशन डायरेक्टर को स्पेशल ट्रेन को जल्दी चलाने की सलाह दी और प्रयागराज के लिए हर घंटे में 1500 टिकट बेच रही रेलवे की टीम को तुरंत टिकट बेचने पर रोक लगाने को कहा था.

आरपीएफ की रिपोर्ट में बताया गया है कि सीसीटीवी फुटेज में बढ़ती भीड़ को देखकर स्टेशन डायरेक्टर को टिकट जारी करने से रोकने के लिए कहा गया.

'स्टेशन इंचार्ज को दी थी भगदड़ की सूचना'

रिपोर्ट के अनुसार, ड्यूटी पर तैनात आरपीएफ स्टाफ जब 8:45 बजे भीड़ से भरे FOB 2 और 3 को खाली करने की कोशिश कर रहा था, तभी अनाउंसमेंट हुआ कि कुंभ स्पेशल ट्रेन प्लेटफार्म नंबर 12 से जाएगी. उसके कुछ देर बाद फिर से स्टेशन पर अनाउंसमेंट हुआ कि कुंभ स्पेशल ट्रेन प्लेटफार्म नंबर 16 से जाएगी. जिसके बाद यात्रियों ने भगदड़ की स्थिति उत्पन्न हो गई. आरपीएफ के अनुसार रात 8:48 बजे ड्यूटी स्टेशन इंचार्ज को भगदड़ की सूचना दी गई.

Advertisement

अनाउंमेंट के बाद भागने लगे यात्री: रिपोर्ट

रेलवे द्वारा किए गए अनाउंसमेंट सुनकर प्लेटफार्म 12- 13 और 14-15 से प्रयागराज स्पेशल के यात्री सीढ़ियों के रास्ते फूट ओवर ब्रिज 2 और 3 पर चढ़ने के लिए भागने लगे. इसी दौरान दूसरी ट्रेन के यात्री सीढ़ियों से उतर रहे थे, जिनके बीच धक्का-मुक्की हुई और इस अफरा-तफरी में कुछ लोग फिसलकर गिर गए, जिससे भगदड़ मच गई. ये हादसा रात 8 बजकर 48 मिनट पर हुआ था.

वहीं, भगदड़ के बाद राहत सहायता देने में 40 मिनट से अधिक की देरी हुई. दिल्ली फायर का कहना है कि उन्हें दिल्ली पुलिस से भगदड़ के बारे में पहली सूचना रात 9:55 बजे मिली थी. हालांकि, रेलवे ने अपने आधिकारिक कम्यूनिकेशन में बताया है कि भगदड़ रात 9:15 बजे हुई. इसके इतर आजतक ने देरी के बारे में जानने के लिए उत्तरी रेलवे के मुख्य जनसंपर्क अधिकारी से संपर्क किया था, लेकिन अभी तक कोई जवाब नहीं आया है.

रेलवे ने दी प्रतिक्रिया

रेलवे ने आरपीएफ की रिपोर्ट पर प्रतिक्रिया दी है. रेलवे ने आजतक के सूत्रों से कहा, 'यह एक व्यक्तिगत बयान है जो व्यक्तिगत दृष्टिकोण को दिखाता है. इसके अलावा ये समिति के समक्ष नहीं दिया गया था. घटना के वक्त नई दिल्ली स्टेशन पर कई ब्रांचों में 300 से अधिक रेलवे कर्मचारी तैनात थे. उच्च स्तरीय समिति अधिकांश व्यक्तियों के बयान लेगी तथा सभी बयानों और रिकॉर्ड को वैरिफाई करेगी... उसके बाद ही अपनी अंतिम और व्यापक रिपोर्ट देगी.'

Advertisement

आपको बता दें कि नई दिल्ली रेलवे स्टेशन पर शनिवार रात मची भगदड़ में 18 यात्रियों की दम घुटने से मौत हो गई, जबकि कई लोगों घायल हो गए. मरने वालों में 9 महिलाएं, 4 पुरुष और 5 बच्चे शामिल हैं. ये सभी लोगों बिहार, दिल्ली और हरियाणा के रहने वाले थे.

---- समाप्त ----

Read more!
Advertisement

RECOMMENDED

Advertisement
Latest News in Hindi »