राम मंदिर के चढ़ावे को लेकर चल रहे राजनीतिक विवाद के बीच बीजेपी के राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नवीन ने लखनऊ में विपक्ष पर जमकर निशाना साधा. शक्ति केंद्र संयोजक सम्मेलन को संबोधित करते हुए उन्होंने कहा कि आज जो लोग राम मंदिर को लेकर सवाल उठा रहे हैं, वही लोग कभी भगवान राम के अस्तित्व और रामसेतु पर भी सवाल खड़े करते थे.
नितिन नवीन ने कहा, "आज मैं यहां चारों तरफ जो जोश और उत्साह देख रहा हूं, वह इस बात का परिचायक है कि 2027 में भाजपा का एक-एक कार्यकर्ता उत्तर प्रदेश में फिर कमल खिलाने के लिए तैयार बैठा है."
यह भी पढ़ें: BJP अध्यक्ष नितिन नवीन ने NDA सहयोगियों संग की बैठक, 2027 की बनाई रणनीति
नितिन नवीन ने विपक्ष पर हमला बोलते हुए कहा, "आज आस्था के नाम पर घड़ियाली आंसू बहाने वाले लोग कभी आस्था की बात कर ही नहीं सकते. अयोध्या में राम मंदिर निर्माण से लेकर काशी विश्वनाथ धाम तक भाजपा सरकार ने भारत की विरासत को नई पहचान दी है. ये वही लोग हैं जिन्होंने भगवान श्रीराम के अस्तित्व पर सवाल उठाए, रामसेतु पर सवाल उठाए और रामसेवकों पर गोलियां चलवाकर खून की नदियां बहा दीं. ऐसे लोग कभी हिंदुओं की आस्था की बात नहीं कर सकते."
राहुल, अखिलेश और केजरीवाल को नितिन नवीन का मैसेज
राम मंदिर को लेकर बीजेपी के रुख को दोहराते हुए उन्होंने कहा, "अगर भगवान श्रीराम के मंदिर की आस्था की रक्षा के लिए हमें अपना खून भी बहाना पड़े, तो हम पीछे नहीं हटेंगे. लेकिन राहुल गांधी, अखिलेश यादव और अरविंद केजरीवाल से मैं साफ कहना चाहता हूं कि हिंदू समाज को कमजोर मत समझिए. आपके छल और राजनीतिक हथकंडों में हिंदू समाज आने वाला नहीं है."
बीजेपी अध्यक्ष ने कहा कि पार्टी के कार्यकर्ताओं की ताकत ही उसकी सबसे बड़ी पूंजी है. "जब हमारे कार्यकर्ताओं का उत्साह और ऊर्जा सामने आती है, तब विपक्ष चाहे कितनी भी ताकत लगा ले, भाजपा का कार्यकर्ता उसे धूल चटाने का काम करेगा."
यह भी पढ़ें: यूपी दौरे पर पहुंचे BJP अध्यक्ष नितिन नवीन का मुस्लिम महिलाओं ने किया स्वागत, देखें VIDEO
योगी आदित्यनाथ के नेतृत्व में उत्तर प्रदेश अग्रणी राज्य बना!
अपने संबोधन में उन्होंने उत्तर प्रदेश को संतों और ऋषि-मुनियों की धरती बताते हुए पूर्व प्रधानमंत्री अटल बिहारी वाजपेयी को भी याद किया. उन्होंने कहा कि राष्ट्र प्रेरणा स्थल पर डॉ. श्यामा प्रसाद मुखर्जी, पंडित दीनदयाल उपाध्याय और अटल बिहारी वाजपेयी की प्रतिमाएं आने वाली पीढ़ियों को राष्ट्र सेवा और विकास के लिए प्रेरित करती रहेंगी.
नितिन नवीन ने 2017 से पहले के उत्तर प्रदेश का जिक्र करते हुए कहा, "एक समय प्रदेश भ्रष्टाचार, तुष्टिकरण, परिवारवाद और माफियाराज से पहचान बना चुका था. लेकिन आज मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के नेतृत्व में डबल इंजन सरकार ने उत्तर प्रदेश की तस्वीर बदल दी है. प्रदेश विकास के नए मॉडल के रूप में उभरा है और कानून व्यवस्था इतनी मजबूत हुई है कि महिलाएं भी बिना किसी डर के दिन-रात घर से बाहर निकल सकती हैं."
aajtak.in