निर्मला सीतारमण को राहुल गांधी का जवाब, टाटा ट्रस्ट्स और टाटा संस की बैठक पर उठाए सवाल

टाटा को लेकर राहुल गांधी ने एक्स पर आरोप लगाया कि उसे आपराधिक तरीके से बर्बाद किया जा रहा है और कारोबारी नेता चुप हैं. इसके जवाब में निर्मला सीतारमण ने कहा कि नेता प्रतिपक्ष को हर मुद्दे का राजनीतिकरण नहीं करना चाहिए और कानूनी और व्यावसायिक मामलों को आपराधिक नहीं बताना चाहिए. सीतारमण के पोस्ट पर राहुल ने जवाब दिया है.

Advertisement
निर्मला सीतारमण ने टाटा को लेकर राहुल गांधी की टिप्पणी पर पलटवार किया है (Photo: PTI) निर्मला सीतारमण ने टाटा को लेकर राहुल गांधी की टिप्पणी पर पलटवार किया है (Photo: PTI)

aajtak.in

  • नई दिल्ली,
  • 28 अक्टूबर 2026,
  • अपडेटेड 6:49 PM IST

टाटा को लेकर नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी की एक्स पोस्ट पर निर्मला सीतारमण ने कड़ा जवाब दिया है. उन्होंने कहा कि हर मुद्दे का राजनीतिकरण नहीं होना चाहिए और व्यावसायिक या कानूनी मामलों को यूं ही आपराधिक बताना स्वीकार नहीं है. उन्होंने लाइसेंस कोटा राज की याद दिलाई और अदालतों का अपमान करने का इतिहास भी गिनाया. इस पर अब राहुल गांधी ने भी प्रतिक्रिया दी है.

Advertisement

इससे पहले राहुल गांधी ने एक्स पर लिखा कि टाटा को आपराधिक तरीके से बर्बाद किया जा रहा है और कोई भी कारोबारी नेता एक शब्द बोलने की हिम्मत नहीं करता. उन्होंने पूछा कि कारोबारी कब तक चुप रहेंगे, क्या तब तक, जब तक वे आप पर मालिकाना हक न जमा लें. उन्होंने कहा कि भारतीय कारोबार प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और अमित शाह का खिलौना नहीं है. उनके मुताबिक आपमें हिम्मत की कमी है, हमारे पास है, और इन अपराधों के लिए न्याय सुनिश्चित किया जाएगा.

इसके जवाब में सीतारमण ने राहुल को नेता प्रतिपक्ष होने की याद दिलाते हुए हर मुद्दे को राजनीतिक रंग देने से बचने की सलाह दी. उन्होंने पूछा कि क्या राहुल कारोबारी नेताओं को भड़काकर अविश्वास और जहर फैलाने में अपने साथ जोड़ना चाहते हैं.

यह भी पढ़ें: राहुल गांधी का जामिया दौरा रद्द, प्रदर्शनकारी छात्रों से मुलाकात करने जाने वाले थे LoP

Advertisement

सीतारमण ने आरोप लगाया कि राहुल भारतीय उद्योग और उद्यमियों की सफलताओं की बार बार आलोचना करते रहे हैं. उन्होंने कहा कि दशकों तक राहुल की पार्टी ने लाइसेंस कोटा राज के जरिए उद्यमियों की भावना को दबाए रखा और करोड़ों भारतीयों को गरीबी में धकेला. इसके उलट, प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की अगुवाई वाली सरकार उद्योग को रोजगार देने वाला और आर्थिक विकास का इंजन मानती है. सरकार की नीतियां कारोबार को बढ़ावा देने, उद्योग की मदद करने और निवेश को प्रोत्साहित करने के लिए बनाई गई हैं.

उन्होंने कहा कि राजनीतिक दलों, नेताओं, सरकारों और संस्थाओं की बराबर जिम्मेदारी है कि वे उद्योग का साथ दें, किसानों को मजबूत करें और युवाओं का भविष्य सुरक्षित बनाएं. इसलिए बेबुनियाद आरोप लगाने की जगह रचनात्मक बातचीत जरूरी है. उनके मुताबिक संविधान सभी नागरिकों को न्याय का भरोसा देता है और अदालतों पर उसे बनाए रखने की जिम्मेदारी है. सीतारमण ने कहा कि इतिहास गवाह है कि राहुल, उनकी पार्टी और उसके प्रधानमंत्रियों ने न्यायपालिका का अपमान किया. अंत में उन्होंने राहुल से कहा कि हर जगह भूत देखना बंद करें.

राहुल गांधी ने सीतारमण के पोस्ट पर क्या कहा?

कांग्रेस नेता राहुल गांधी ने निर्मला सीतारमण को जवाब देते हुए टाटा ट्रस्ट्स और टाटा संस की अमित शाह के आवास पर मेजबानी को लेकर सवाल उठाए हैं. उन्होंने पूछा कि ऐसी कौन-सी कानूनी और कारोबारी जरूरत थी, जिसके कारण दोनों संस्थाओं की मेजबानी अमित शाह के घर पर हुई. राहुल गांधी ने यह भी सवाल किया कि उनके शब्दों में 'क्रोनी नंबर 1' टाटा समूह के कारोबार में कब और किस तरह प्रवेश करेगा. उन्होंने आरोप लगाया कि कुछ करीबी उद्योगपतियों को छोड़कर देश के बाकी कारोबारी सरकार से नाराज हैं.

---- समाप्त ----

Read more!
Advertisement

RECOMMENDED

Advertisement
Latest News in Hindi »