मई की चिलचिलाती गर्मी और उमस से बेहाल मुंबईकरों को रविवार सुबह मौसम ने राहत की सौगात दी. सुबह शहर के कई हिस्सों, खासकर निचले इलाकों में अचानक तेज बारिश हुई. हालांकि यह बारिश महज 10 से 15 मिनट तक ही चली, लेकिन इससे मौसम का मिजाज पूरी तरह बदल गया और लोगों को गर्मी से राहत मिली.
अचानक हुई इस तेज बारिश से मुम्बई के कुर्ला, चेम्बूर, सायन और घाटकोपर जैसे इलाके पूरी तरह भीग गए. बारिश की रफ्तार इतनी तेज थी कि महज कुछ ही मिनटों में हमेशा की तरह निचले इलाकों में हल्का जलजमाव देखने को मिला.
भले ही बारिश का यह दौर छोटा था, लेकिन पिछले कई दिनों से रिकॉर्ड तोड़ गर्मी झेल रहे लोगों को इससे थोड़ी राहत जरूर मिली है.
यूपी में बदला मौसम का मिजाज
उत्तर प्रदेश में मौसम का मिजाज पूरी तरह बदल गया है. प्रदेश के अधिकांश जिलों में आंधी, गरज-चमक और बारिश दर्ज की गई, जिससे भीषण गर्मी से लोगों को राहत मिली और तापमान में गिरावट आई. मौसम विभाग ने प्रदेश के 58 जिलों में आंधी, तेज हवाओं, बिजली गिरने और बारिश का येलो अलर्ट जारी किया है. कई इलाकों में 40 से 70 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से हवाएं चलने की संभावना जताई गई है.
शुक्रवार और शनिवार के दौरान इटावा में सर्वाधिक 56 मिमी बारिश रिकॉर्ड की गई. इसके अलावा आगरा में 46.6 मिमी, कन्नौज में 45 मिमी, हमीरपुर में 24 मिमी और मथुरा में 12 मिमी वर्षा दर्ज की गई.
आगरा में आंधी के दौरान हवाओं की रफ्तार 100 किलोमीटर प्रति घंटे से अधिक दर्ज की गई, जिससे जनजीवन प्रभावित हुआ. तेज हवाओं के कारण पेड़ों, बिजली लाइनों और कच्चे ढांचों को नुकसान पहुंचने की आशंका बनी हुई है.
मौसम विज्ञान केंद्र लखनऊ के वरिष्ठ वैज्ञानिक अतुल कुमार सिंह के अनुसार रविवार को भी प्रदेश में मौसम सक्रिय रहेगा और कई जिलों में गरज-चमक के साथ बारिश होने की संभावना है.
बादलों और बारिश की सक्रियता के चलते बुंदेलखंड समेत पूरे प्रदेश में अधिकतम तापमान 40 डिग्री सेल्सियस से नीचे दर्ज किया गया, जिससे लोगों को भीषण गर्मी और लू से राहत मिली है.
वाराणसी, लखनऊ, प्रयागराज, गोरखपुर, अयोध्या, रायबरेली, बाराबंकी, सीतापुर, बहराइच, मेरठ, सहारनपुर, मुरादाबाद, बरेली, झांसी, महोबा, हमीरपुर, बलिया, देवरिया, जौनपुर, गाजीपुर समेत 58 जिलों में आंधी, बारिश और तेज हवाओं को लेकर चेतावनी जारी की गई है.
आशीष श्रीवास्तव / मोहम्मद एजाज खान