शेख हसीना पर भारत ने दिया जवाब, प्रेस वार्ता को लेकर बांग्लादेश ने जताया था ऐतराज

शेख हसीना के 5 अगस्त के मीडिया कार्यक्रम को लेकर बांग्लादेश की आपत्ति पर भारत ने कहा कि इसका आयोजन एक निजी मीडिया संस्था कर रही है और सरकार की इसमें कोई भूमिका नहीं है. विदेश मंत्रालय ने BRICS समिट के लिए बांग्लादेश के प्रधानमंत्री को दिए निमंत्रण को सामान्य प्रक्रिया का हिस्सा बताया.

Advertisement
शेख हसीना के कार्यक्रम को लेकर विदेश मंत्रालय ने जवाब दिया है.(Photo: ITG) शेख हसीना के कार्यक्रम को लेकर विदेश मंत्रालय ने जवाब दिया है.(Photo: ITG)

प्रणय उपाध्याय

  • नई दिल्ली,
  • 04 अगस्त 2026,
  • अपडेटेड 5:07 PM IST

शेख हसीना के 5 अगस्त के कार्यक्रम पर दुनियाभर की नजर है. बांग्लादेश में छात्रों के बड़े पैमाने पर हुए विरोध-प्रदर्शन के बीच सत्ता से हटने के करीब दो साल बाद बांग्लादेश की पूर्व प्रधानमंत्री वर्चुअल तरीके से संबोधित करने वाली हैं. इस कार्यक्रम का आयोजन दिल्ली में 'फॉरेन कॉरेस्पोंडेंट्स क्लब ऑफ साउथ एशिया' की तरफ से किया जा रहा है. इसे लेकर बांग्लादेश ने भारत के सामने आपत्ति जताई थी.

Advertisement

 बांग्लादेश ने भारत से कहा था कि पूर्व प्रधानमंत्री शेख हसीना या अवामी लीग से जुड़े किसी भी व्यक्ति को भारतीय जमीन का इस्तेमाल राजनीतिक गतिविधियों या बांग्लादेश में अस्थिरता पैदा करने वाली गतिविधियों के लिए न करने दिया जाए. अब इस मामले पर भारत के विदेश मंत्रालय की तरफ से जवाब आया है.

विदेश मंत्रालय के प्रवक्ता रणधीर जायसवाल ने शेख हसीना के 5 अगस्त को नई दिल्ली में 'फॉरेन कॉरेस्पोंडेंट्स क्लब ऑफ साउथ एशिया' के कार्यक्रम में शामिल होने की योजना पर कहा, "जिस कार्यक्रम की आप बात कर रहे हैं, उसका आयोजन एक निजी मीडिया संस्था कर रही है. भारत सरकार की इसमें किसी भी तरह की कोई भूमिका नहीं है और सरकार इस कार्यक्रम में रखे जाने वाले किसी भी विचार का समर्थन नहीं करती है."

शेख हसीना के प्रत्यर्पण की मांग

Advertisement

बांग्लादेश ने एक बार फिर भारत से पूर्व प्रधानमंत्री शेख हसीना के प्रत्यर्पण की मांग की है. बांग्लादेश के प्रधानमंत्री तारिक रहमान के सलाहकार जाहेद उर रहमान ने कहा कि हसीना को वापस आकर कानून का सामना करना चाहिए और भारत में रहते हुए उन्हें कोई राजनीतिक बयान नहीं देना चाहिए. उन्होंने कहा कि बांग्लादेश ने भारत को इस संबंध में पत्र लिखा है और भारतीय उच्चायुक्त के सामने भी यह मुद्दा उठाया है. उनके मुताबिक, हसीना वापस आती हैं तो उन्हें गिरफ्तार किया जाएगा और उन्हें अपने सभी कानूनी अधिकारों का इस्तेमाल करने का मौका मिलेगा, जिसके बाद अदालत फैसला करेगी. यह बयान हसीना के 5 अगस्त को दिल्ली में प्रस्तावित कार्यक्रम से एक दिन पहले आया है. बांग्लादेश ने भारत से यह भी कहा है कि हसीना या प्रतिबंधित संगठनों से जुड़ा कोई व्यक्ति भारतीय जमीन का इस्तेमाल राजनीतिक बयान देने या बांग्लादेश में अस्थिरता पैदा करने वाली गतिविधियों के लिए न करे.

BRICS समिट के निमंत्रण पर भी दिया जवाब

BRICS समिट के लिए बांग्लादेश के प्रधानमंत्री को दिए गए निमंत्रण पर विदेश मंत्रालय ने कहा कि फरवरी 2026 में पद संभालने के बाद बांग्लादेश के प्रधानमंत्री को भारत की द्विपक्षीय यात्रा के लिए औपचारिक निमंत्रण दिया गया था. विदेश मंत्रालय ने कहा कि BRICS समिट के लिए भारत ने बांग्लादेश के प्रधानमंत्री को BIMSTEC के मौजूदा अध्यक्ष के तौर पर नई दिल्ली में होने वाले 18वें BRICS समिट के आउटरीच सेशन में शामिल होने के लिए अलग से निमंत्रण दिया है. यह निमंत्रण BRICS के आउटरीच सेशन में अपनाई जाने वाली सामान्य प्रक्रिया के तहत दिया गया है. इसी तरह दूसरे क्षेत्रीय समूहों के प्रमुखों को भी आमंत्रित किया गया है.

Advertisement

PoJK चुनाव को बताया पूरी तरह दिखावा

PoJK में चुनाव को लेकर विदेश मंत्रालय ने कहा कि वहां हो रहे तथाकथित स्थानीय चुनाव पूरी तरह दिखावा हैं. मंत्रालय के मुताबिक, वास्तविक स्थिति वहां जनता के विरोध-प्रदर्शन और पाकिस्तानी सुरक्षाबलों की कार्रवाई की है. ऐसे चुनाव वास्तविकता को नहीं छिपा सकते. विदेश मंत्रालय ने कहा कि इस साल जून से जारी कार्रवाई में कम से कम 90 नागरिकों की जान जा चुकी है. मंत्रालय ने आरोप लगाया कि पाकिस्तान ने जनता के असंतोष का जवाब गोलियों, ब्लैकआउट, धमकियों और दमन से दिया है और अब चुनाव के जरिए अपनी कार्रवाई को सही ठहराने की कोशिश कर रहा है.

---- समाप्त ----

Read more!
Advertisement

RECOMMENDED

Advertisement
Latest News in Hindi »