'भारत में बांग्लादेश-फ्रांस जैसी हिंसा फैलाने की थी योजना', किरेन रिजिजू का बड़ा दावा, विपक्ष पर साधा निशाना

केंद्रीय मंत्री किरेन रिजिजू ने भारत में 'रिजीम चेंज' की बात करने वालों पर निशाना साधते हुए कहा कि भारत में सत्ता परिवर्तन केवल चुनावों के जरिए हो सकता है, किसी बाहरी ताकत के जरिए नहीं. उन्होंने बांग्लादेश और फ्रांस में हुई हिंसा का जिक्र करते हुए भारत में भी ऐसी साजिश रचे जाने का आरोप लगाया.

Advertisement
किरेन रिजिजू का 'रिजीम चेंज' को लेकर विपक्ष पर निशाना, बोले- भारत बांग्लादेश नहीं है.(Photo-AFP) किरेन रिजिजू का 'रिजीम चेंज' को लेकर विपक्ष पर निशाना, बोले- भारत बांग्लादेश नहीं है.(Photo-AFP)

aajtak.in

  • नई दिल्ली,
  • 18 अक्टूबर 2026,
  • अपडेटेड 6:13 PM IST


दुनिया के कई देशों में इस समय हिंसा का माहौल बना हुआ है. फ्रांस में बड़े पैमाने पर आंदोलन हो रहा है. जगह-जगह आगजनी हुई है और दुकानों में लूटपाट की गई है. अब इसको लेकर केंद्रीय मंत्री किरेन रिजिजू ने रविवार को एक्स पोस्ट के जरिए भारत में प्रदर्शन करने वालों पर निशाना साधा है.

अपने पोस्ट में उन्होंने कहा, 'बांग्लादेश में हुई हिंसक घटना और फ्रांस में जो दंगे, आगजनी और लूटपाट हुईं, ठीक वैसी ही साजिश भारत के लिए भी रची गई थी. भारत-विरोधी गिरोहों और कुछ राजनेताओं ने मिलकर युवाओं को भड़काने और हमारी सड़कों पर हिंसा फैलाने की योजना बनाई थी. लेकिन इस खतरनाक साजिश को रचने वाले भूल गए कि भारत न तो बांग्लादेश है और न ही फ्रांस. भारत में सत्ता परिवर्तन बिल्कुल हो सकता है, लेकिन केवल चुनावों के जरिए, सोरोस के जरिए नहीं.'

Advertisement

इस पोस्ट के साथ उन्होंने एक वीडियो भी शेयर किया है, जिसमें नेहा बोरा के बांग्लादेश के युवाओं को धन्यवाद देने वाले क्लिप के साथ प्रशांत भूषण के 'रिजीम चेंज' वाले बयान और जुलाई-अगस्त के प्रदर्शन के दौरान प्रदर्शनकारियों के क्लिप शामिल हैं.

पहले भी साध था निशाना

इससे पहले किरेन रिजिजू ने 15 अक्टूबर को भी एक पोस्ट शेयर किया था. इसमें उन्होंने कहा था, 'लड़ाई की रेखा खिंच चुकी है. एक तरफ दिमागी नक्सली हैं और दूसरी तरफ देशभक्त भारतीय. एक तरफ भारत के संविधान में विश्वास रखने वाले लोग हैं और दूसरी तरफ अराजकतावादी हैं.' उन्होंने आगे कहा था कि अब लड़ाई भारत-विरोधी ताकतों और उन देशभक्त भारतीयों के बीच है, जो भारत की रक्षा करना चाहते हैं.

इसके बाद 17 अक्टूबर को किरेन रिजिजू ने 'रिजीम चेंज' की बात करने वालों पर निशाना साधा. उन्होंने एक्स पर लिखा, 'बड़े आए "रिजीम चेंज" करने वाले!! कान खोलकर सुन लो, भारत बांग्लादेश नहीं है!' उन्होंने आगे कहा कि भारतीय युवा मूर्ख नहीं हैं, बल्कि वे भारत का निर्माण करेंगे, उसे नष्ट नहीं करेंगे. उन्होंने कहा कि देश के युवा मेडल जीत रहे हैं और स्किलिंग, इनोवेशन, स्टार्टअप, टेक्नोलॉजी के साथ-साथ सांस्कृतिक क्षेत्र में भी आगे बढ़ रहे हैं.

---- समाप्त ----

Read more!
Advertisement

RECOMMENDED

Advertisement
Latest News in Hindi »