केरलम में सर्पों का आतंक: एक हफ्ते में 6 मौतें, घरों तक पहुंच रहे जहरीले सांप

केरलम में भीषण गर्मी के कारण सांप घरों में घुस रहे हैं, जिससे सांप काटने के मामले बढ़ गए हैं. पिछले एक हफ्ते में छह लोगों की सांप काटने से मौत हो चुकी है. ऐसे में सरकार ने लोगों को घरों की दरारें बंद करने, मच्छरदानी इस्तेमाल करने और जमीन पर न सोने की सलाह दी है.

Advertisement
गर्मी की वजह से सांप घरों में घुस रहे हैं. (Photo- ITGD) गर्मी की वजह से सांप घरों में घुस रहे हैं. (Photo- ITGD)

शिबिमोल

  • तिरुवनंतपुरम,
  • 27 अप्रैल 2026,
  • अपडेटेड 2:31 PM IST

केरलम में एक तरफ भयंकर गर्मी है तो दूसरी तरफ सांपों ने लोगों में दहशत पैदा कर दी है. पिछले एक हफ्ते में राज्य के अलग-अलग हिस्सों से सांप के काटने की वजह से कम से कम छह लोगों की मौत की खबर सामने आई है. लोग घरों में सांपों के निकलने की परेशानी झेल रहे हैं.

कोझिकोड के कुटियाडी में एक रोंगटे खड़े कर देने वाली घटना सामने आई. यहां रमेशान नाम के एक व्यक्ति के घर के अंदर पांच बेहद जहरीले सांप पाए गए. इनमें से एक सांप उस कमरे में मिला जहां छोटे बच्चे सो रहे थे. सभी पांचों सांप कॉमन क्रेट प्रजाति के पाए गए.

Advertisement

19 अप्रैल को त्रिशूर में भी दो सगे भाइयों को घर में कॉमन क्रेट ने काट लिया. इस हमले में छोटे भाई की मौत हो गई और बड़ा भाई अब भी अस्पताल में जिंदगी और मौत की जंग लड़ रहा है.

गर्मी के चलते घरों में घुस रहे सांप

सांप काटने के बढ़ते मामलों को देखते हुए स्वास्थ्य मंत्री वीणा जॉर्ज ने बताया कि भीषण गर्मी के वजह से रेंगने वाले जीव ठंडी जगहों की तलाश में घरों की ओर रुख कर रहे हैं. उन्होंने कहा, 'सांप के काटने पर समय रहते फर्स्ट ऐड से जान बचाई जा सकती है. तालुकात स्तर से लेकर सभी अस्पतालों में एंटी-स्नेक वेनम (ASV) मौजदू है. ये इलाज प्रोटोकॉल, लक्षणों और लैब टेस्ट के आधार पर किया जाता है.'

मंत्री ने सभी अस्पतालों को निर्देश दिए हैं कि वो प्रोटोकॉल के मुताबिक इलाज करें. स्वास्थ्य विभाग ने लोगों के लिए गाइडलाइन भी जारी की है ताकि सांपों को घर में घुसने से रोका जा सके. इसके तहत लोगों को दरवाजे और खिड़कियां बंद रखने और घर की दरारों या छेदों को सील करने की सलाह दी गई है.

Advertisement

लोगों को जमीन पर सोने से बचने और मच्छरदानी का इस्तेमाल करने के लिए कहा गया है. साथ ही घर के आसपास कचरा, लकड़ियां, घास या पुआल जमा न होने देने और झाड़ियों को काट कर साफ रखने के भी निर्देश दिए गए है. इसके अलावा, रात में रोशनी रखने, टॉर्च लेकर और जूते पहनकर बाहर निकलने के लिए भी कहा गया है.

यह भी पढ़ें: किंडरगार्टन में घुस रहे सांप से भिड़ गया 'काली', जान देकर बचाई 30 बच्चों की जान

सांप काटने पर क्या करें?

अगर किसी को सांप काट ले, तो घबराहट से जहर तेजी से फैल सकता है, इसलिए उसे डराएं नहीं. जिस हिस्से पर सांप ने काटा है, उसे बिल्कुल न हिलाएं. मरीज को पैदल चलाने या दौड़ाने के बजाय स्ट्रेचर या उठाकर अस्पताल ले जाएं. घाव पर बहुत कसकर पट्टी कभी न बांधें. सांप को पकड़ने या मारने के चक्कर में समय बर्बाद न करें. जितनी जल्दी हो सके मरीज को अस्पताल पहुंचाएं.

---- समाप्त ----

TOPICS:
Read more!
Advertisement

RECOMMENDED

Advertisement