'भारत में रहने पर शर्म आती है!' कपिल सिब्बल के इस बयान पर मचा सियासी बवाल, बीजेपी ने बताया देश का अपमान

अभिषेक बनर्जी पर हुए हमले को लेकर कपिल सिब्बल की टिप्पणी के बाद बीजेपी ने उन पर निशाना साधा है. बीजेपी प्रवक्ता शहजाद पूनावाला ने कहा कि राजनीतिक मतभेद अलग बात है, लेकिन देश के खिलाफ बयान देना उचित नहीं है.

Advertisement
कपिल सिब्बल की टिप्पणी पर राजनीतिक घमासान मच गया है (Photo: PTI) कपिल सिब्बल की टिप्पणी पर राजनीतिक घमासान मच गया है (Photo: PTI)

aajtak.in

  • नई दिल्ली,
  • 01 जून 2026,
  • अपडेटेड 6:34 PM IST

सुप्रीम कोर्ट के वरिष्ठ अधिवक्ता और राज्यसभा सांसद कपिल सिबल ने कहा कि वो इस देश में रहते हुए शर्म महसूस करते हैं. इसके जवाब में BJP ने उन पर जमकर हमला बोला. पार्टी ने कहा कि सिबल देश की सुप्रीम कोर्ट से करोड़ों रुपये कमाते हैं, और उसी देश को शर्मिंदगी बता रहे हैं. साथ ही BJP ने यह भी पूछा कि जब 2021 में पश्चिम बंगाल में हिंसा हुई और सैकड़ों लोग मारे गए, तब सिबल ने मुंह क्यों नहीं खोला.

Advertisement

TMC सांसद अभिषेक बनर्जी पर हुए हमले के बाद कपिल सिबल ने रविवार को एक बयान दिया. उन्होंने कहा कि वो उस देश में रहते हुए शर्म महसूस कर रहे हैं, जहां सत्ता में बैठी पार्टी लोकतंत्र की जड़ें खोदने के लिए कोई भी हथकंडा अपनाती है. उनका इशारा सीधे BJP की तरफ था. इसके एक दिन बाद, सोमवार को BJP ने इस बयान पर कड़ा जवाब दिया.

BJP ने क्या कहा?

BJP के राष्ट्रीय प्रवक्ता शहजाद पूनावाला ने एक वीडियो बयान जारी किया. उन्होंने कई सवाल उठाए. पहला सवाल उन्होंने सिबल की कमाई पर उठाया. उन्होंने कहा कि सिबल इसी देश की सुप्रीम कोर्ट में वकालत करके करोड़ों रुपये कमाते हैं. फिर भी वो देश में रहने को शर्मिंदगी बताते हैं.

दूसरा सवाल 2021 की बंगाल हिंसा पर था. पूनावाला ने कहा कि जब 2021 में पश्चिम बंगाल में चुनाव के बाद हिंसा हुई और तीन सौ से ज्यादा BJP और कांग्रेस कार्यकर्ता कथित तौर पर मारे गए, तब कपिल सिबल ने एक शब्द नहीं बोला. आरजीकर मामले में भी चुप रहे. संदेशखाली मामले में भी चुप रहे.

Advertisement

यह भी पढ़ें: एपस्टीन विवाद में नया मोड़, BJP का कपिल सिब्बल पर आरोप, कांग्रेस ने किया पलटवार

तीसरा सवाल उन्होंने विपक्ष की सोच पर उठाया. उन्होंने कहा कि BJP का विरोध करना और बात है, लेकिन देश का विरोध करना अलग बात है. राजनीतिक मतभेद हो सकते हैं, लेकिन देश से नफरत क्यों?

पूनावाला ने राहुल गांधी का भी जिक्र किया. उन्होंने आरोप लगाया कि राहुल गांधी कहते हैं कि वो भारतीय राज्य से लड़ेंगे, यहां लोकतंत्र खत्म हो गया है और अमेरिका-ब्रिटेन को दखल देना चाहिए. उन्होंने कहा कि ऑपरेशन सिंदूर के दौरान भी कुछ लोगों ने सेना की बहादुरी पर सवाल उठाए.

अभिषेक बनर्जी वाले मामले पर क्या बोले?

अभिषेक बनर्जी पर हुए हमले को लेकर पूनावाला ने कहा कि इस घटना को कोई भी सही नहीं ठहरा रहा. लेकिन उन्होंने यह भी दावा किया कि जो लोग इस मामले में पकड़े गए हैं, उनमें से कुछ का संबंध TMC से ही है. उन्होंने यह भी कहा कि ज्यादातर विपक्षी नेताओं ने इस हमले की खुलकर निंदा नहीं की, बल्कि इसे TMC का अंदरूनी झगड़ा बता रहे हैं.

BJP के एक और प्रवक्ता प्रदीप भंडारी ने भी सिबल पर हमला किया. उन्होंने कहा कि सिबल का यह बयान देश के करोड़ों मतदाताओं का, बंगाल के मतदाताओं का और भारतीय लोकतंत्र का अपमान है.

---- समाप्त ----

Read more!
Advertisement

RECOMMENDED

Advertisement
Latest News in Hindi »