'गोली चली ही नहीं, सिर्फ टियर गैस चली', संसद में विपक्ष के आरोपों पर बोले जितेंद्र सिंह

लोकसभा में एंटी पेपर लीक बिल पर बहस के दौरान जितेंद्र सिंह ने राहुल गांधी और प्रियंका गांधी के दावों को तथ्यहीन बताया. उन्होंने कहा कि दिल्ली प्रोटेस्ट में गोली नहीं चली थी, सिर्फ टियर गैस का इस्तेमाल हुआ.

Advertisement
एंटी पेपर लीक बिल पर सरकार का पक्ष रखते जितेंद्र सिंह. (File Photo) एंटी पेपर लीक बिल पर सरकार का पक्ष रखते जितेंद्र सिंह. (File Photo)

जितेंद्र बहादुर सिंह

  • नई दिल्ली,
  • 29 जुलाई 2026,
  • अपडेटेड 4:02 PM IST

भारी हंगामे और लंबी बहस के बीच एंटी पेपर लीक बिल लोकसभा से पास हो गया है. बुधवार सुबह हंगामे के चलते स्थगित हुई सदन की कार्यवाही दोपहर 12 बजे दोबारा शुरू हुई, जिसके बाद बिल पर तीखा घमासान देखने को मिला. चर्चा के दौरान सरकार का पक्ष रखते हुए केंद्रीय मंत्री जितेंद्र सिंह ने राहुल गांधी के दावों को सिरे से खारिज कर दिया. उन्होंने कहा कि 'दिल्ली प्रोटेस्ट के दौरान केवल टियर गैस का इस्तेमाल हुआ था, कहीं कोई गोली नहीं चली'.

Advertisement

विपक्ष पर हमला बोलते हुए जितेंद्र सिंह ने प्रियंका गांधी के उस बयान पर भी निशाना साधा, जिसमें 152 बार पेपर लीक होने और 750 करोड़ बच्चों के प्रभावित होने की बात कही गई थी. उन्होंने कहा कि जब पूरी दुनिया की आबादी ही करीब 8 अरब है, तब इतने बच्चों के प्रभावित होने का दावा समझ से परे लगता है. लिखित स्क्रिप्ट में दर्ज ये आंकड़े या तो मनगढ़ंत हैं या फिर अज्ञानता का नतीजा हैं.

कड़े कानून के तहत हुई कार्रवाई का ब्योरा

विपक्ष के उन आरोपों को खारिज करते हुए, जिनमें कहा जा रहा था कि 2024 में कानून बनने के बाद कोई कदम नहीं उठाया गया, जितेंद्र सिंह ने आंकड़े सामने रखे. उन्होंने स्पष्ट किया कि नया कानून लागू होने के बाद से ही सरकार पूरी सख्ती से काम कर रही है. पिछले दो सालों के भीतर इस कानून के तहत कुल 52 FIR दर्ज की जा चुकी हैं.

Advertisement

कार्रवाई की पूरी तस्वीर साफ करते हुए उन्होंने बताया कि इन 52 मामलों में से 29 केस प्रिवेंशन ऑफ अनफेयर मीन्स एक्ट (Prevention of Unfair Means Act) यानी अनुचित साधनों की रोकथाम वाले कानून के तहत दर्ज किए गए हैं. वहीं बाकी बचे 23 मामले 'भारतीय न्याय संहिता' की धाराओं के तहत दर्ज हुए हैं. उन्होंने कहा कि जब इतने बड़े पैमाने पर मुकदमे दर्ज हो रहे हैं और जांच आगे बढ़ रही है, तब यह दावा करना पूरी तरह से गलत है कि सरकार हाथ पर हाथ रखकर बैठी है.

राहुल गांधी के विरोध-प्रदर्शन पर साधा निशाना

प्रधानमंत्री आवास के बाहर हुए विरोध-प्रदर्शन का जिक्र करते हुए उन्होंने राहुल गांधी पर तंज कसा. उन्होंने कहा कि 21 जुलाई को सुबह-सुबह 7, LKM के बाहर बैठना केवल निराशा और दबे हुए अरमानों का नतीजा था. आंदोलन में देरी से जुड़ने की वजह को उन्होंने 'FOMO' यानी पीछे छूट जाने का डर बताया.

काफिले और विदेश यात्रा से जुड़े बयानों का खंडन करते हुए जितेंद्र सिंह ने कहा कि गृह मंत्री के साथ 30 गाड़ियों का काफिला चलने की बात पूरी तरह काल्पनिक है. विदेश यात्रा से जुड़ी खबर में भी कोई सच्चाई नहीं है. बिना जांचे-परखे तथ्यहीन बातें कहकर सदन से चले जाना किसी जिम्मेदार नेता को शोभा नहीं देता.

---- समाप्त ----

Read more!
Advertisement

RECOMMENDED

Advertisement
Latest News in Hindi »