तमिलनाडु के पेरुंगुडी इलाके से एक हैरान करने वाला मामला सामने आया है. यहां शराब खरीदने को लेकर हुई बहस के बाद एक व्यक्ति ने अपनी पत्नी की गला घोंटकर हत्या कर दी. फिलहाल पत्नी की हत्या के आरोप में पुलिस ने आरोपी 38 साल के पति को गिरफ्तार कर लिया है. इस बात की जानकारी एक पुलिस अधिकारी ने एक न्यूज एजेंसी को दी.
पुलिस के अनुसार कल्लूकुट्टई के रहने वाले और डिलीवरी वर्कर के तौर पर काम करने वाले लोगनाथन की शादी सुधा (28) से आठ साल पहले हुई थी और उनकी कोई संतान नहीं थी. रविवार रात को पति-पत्नी घर पर साथ में शराब पी रहे थे. बताया जाता है कि सुधा ने अपने पति से और शराब लाने के लिए कहा.
बहस के बाद गला घोंटकर की हत्या
हालांकि, लोगनाथन ने कहा कि सरकारी TASMAC शराब की दुकान बंद हो चुकी है, जिस पर सुधा ने कथित तौर पर ज़िद की कि वह इसे ब्लैक मार्केट से खरीदे. इस बात पर उनके बीच तीखी बहस हो गई. गुस्से में आकर लोगनाथन ने सुधा का गला उसके दुपट्टे से घोंट दिया, जिससे उसकी मौके पर ही मौत हो गई.
इसके बाद वह घर में ही सो गया. सोमवार सुबह जागने पर उसे पता चला कि सुधा की मौत हो चुकी है. फिर उसने घर में ताला लगाया, तारामणि इलाके में घूमता रहा और बाद में शाम को सैदापेट चला गया, जहां उसने एक परिचित को बताया कि उसने अपनी पत्नी की हत्या कर दी है.
हत्या मामले को लेकर जांच में जुटी पुलिस
घटना की जानकारी मिलने पर थोराईपक्कम पुलिस सैदापेट पहुंची और मंगलवार को लोगनाथन को गिरफ्तार कर लिया. सुधा का शव घर से बरामद किया गया और उसे पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया. पुलिस इस बात की जांच कर रही है कि हत्या सिर्फ़ शराब खरीदने को लेकर हुए झगड़े की वजह से हुई या इसके पीछे कोई और वजह भी थी.
aajtak.in