मध्य प्रदेश के भिंड जिले में नेशनल हाईवे-719 पर सोमवार-मंगलवार की दरमियानी रात एक दर्दनाक सड़क हादसा हो गया. गोहद चौराहा थाना क्षेत्र के छींमका गांव के पास मजदूरों से भरी लोडिंग अनियंत्रित होकर एक ट्रक से जा भिड़ी. हादसे में अब तक 8 मजदूरों की मौत होने की जानकारी सामने आई है, जबकि दो दर्जन से ज्यादा लोग घायल बताए जा रहे हैं.
लोडिंग में सवार मजदूर ग्वालियर जिले के डबरा-चीनोर क्षेत्र से अपने घर उत्तर प्रदेश लौट रहे थे. रात करीब 12 बजे नेशनल हाईवे-719 पर अचानक वाहन के सामने मवेशी आ गए. चालक ने लोडिंग वाहन को संभालने की कोशिश की, लेकिन वाहन बेकाबू होकर सामने चल रहे ट्रक से टकरा गया.
टक्कर इतनी जोरदार थी कि लोडिंग में बैठे मजदूरों में चीख-पुकार मच गई. हादसे की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची. स्थानीय लोगों की मदद से घायलों को तत्काल गोहद अस्पताल पहुंचाया गया. यहां डॉक्टरों ने पांच मजदूरों को मृत घोषित कर दिया.
गंभीर रूप से घायल मजदूरों को बेहतर इलाज के लिए ग्वालियर रेफर किया गया. उपचार के दौरान तीन और मजदूरों की मौत की सूचना मिली, जिसके बाद मृतकों की संख्या बढ़कर आठ हो गई.
गोहद चौराहा थाना प्रभारी रामनरेश यादव के मुताबिक, लोडिंग और ट्रक की टक्कर में आठ लोगों की मौत हुई है, जबकि दो दर्जन से अधिक घायल हैं. सभी घायलों का उपचार कराया जा रहा है. पुलिस ने हादसे की जांच शुरू कर दी है और दुर्घटना के कारणों की विस्तृत जानकारी जुटाई जा रही है.
हादसे के बाद हाईवे पर कुछ समय के लिए अफरा-तफरी का माहौल रहा. शुरुआती जानकारी में सड़क पर अचानक मवेशियों के आने को हादसे की वजह बताया जा रहा है. हालांकि दुर्घटना की वास्तविक परिस्थितियों की पुष्टि जांच पूरी होने के बाद ही हो सकेगी.
हादसे के बाद हाईवे पर कुछ समय के लिए अफरा-तफरी का माहौल रहा. शुरुआती जानकारी में सड़क पर अचानक मवेशियों के आने को हादसे की वजह बताया जा रहा है. हालांकि दुर्घटना की वास्तविक परिस्थितियों की पुष्टि जांच पूरी होने के बाद ही हो सकेगी.
हेमंत शर्मा