दिल्ली-NCR में झमाझम बारिश का सिलसिला जारी, कई इलाकों में जलजमाव

देश के कई हिस्सों में आज बारिश का दौर जारी रहेगा. IMD ने उत्तर-पश्चिम, मध्य, पूर्वी और पूर्वोत्तर भारत में बारिश के साथ कुछ इलाकों में भारी से बहुत भारी बारिश का अनुमान जताया है. दिल्ली में बादल छाए रहेंगे और हल्की से मध्यम बारिश के साथ आंधी-बिजली की संभावना है.

Advertisement
आज कई राज्यों में भारी बारिश का अलर्ट, दिल्ली में भी बारिश और आंधी के आसार.(File Photo- PTI) आज कई राज्यों में भारी बारिश का अलर्ट, दिल्ली में भी बारिश और आंधी के आसार.(File Photo- PTI)

सुशांत मेहरा

  • नई दिल्ली,
  • 05 सितंबर 2026,
  • अपडेटेड 12:23 PM IST

राजधानी दिल्ली में मौसम ने करवट ली है और कई इलाकों में तेज बारिश हो रही है.सुबह 10:30 बजे तक नारायणा में 12.5 मिमी, सफदरजंग AWS में 10.6 मिमी, प्रगति मैदान, 9.6 मिमी, लोधी रोड AWS में 7.5 मिमी, SPS मयूर विहार में 5.0 मिमी बारिश हुई. वहीं, भारतीय मौसम विभाग (IMD) ने उत्तर-पश्चिम, मध्य, पूर्वी और पूर्वोत्तर भारत के कई हिस्सों में बारिश का अनुमान जताया है. कुछ जगहों पर भारी से बहुत भारी बारिश होने की भी संभावना है.

Advertisement

गुरुग्राम में मौसम को लेकर जिला प्रशासन ने अलर्ट जारी किया है. IMD की ओर से 5 सितंबर को सुबह 10:38 बजे जारी Nowcast Warning के मुताबिक, अगले 2-3 घंटों में 15 मिमी प्रति घंटे से ज्यादा भारी बारिश के साथ मध्यम आंधी और तेज हवाएं चलने का अनुमान है. इसे देखते हुए लोगों से गैर-जरूरी यात्रा से बचने, जलभराव वाली सड़कों, अंडरपास और निचले इलाकों से दूर रहने, पेड़ों, बिजली के खंभों और तारों से दूरी बनाए रखने और पानी से भरे रास्तों को पार न करने की अपील की गई है. सभी संबंधित विभागों और आपातकालीन सेवाओं को सतर्क रहने और जरूरी सावधानी बरतने के निर्देश दिए गए हैं.

    मध्य प्रदेश के उत्तरी हिस्से और उससे सटे दक्षिणी उत्तर प्रदेश के ऊपर कम दबाव का क्षेत्र बना हुआ है. इसके असर से पूर्वी राजस्थान और पश्चिमी मध्य प्रदेश में आज भी भारी से बहुत भारी बारिश होने की संभावना है. पूर्वी मध्य प्रदेश में भी भारी बारिश हो सकती है. पश्चिमी मध्य प्रदेश में 6 सितंबर तक और पूर्वी मध्य प्रदेश में 8 सितंबर तक कई जगहों पर बारिश जारी रह सकती है.

    Advertisement

    उत्तर-पश्चिम भारत में भी बारिश का असर रहेगा. आज हरियाणा, चंडीगढ़ और दिल्ली, पंजाब, पश्चिमी उत्तर प्रदेश, हिमाचल प्रदेश और उत्तराखंड में अलग-अलग जगहों पर भारी बारिश हो सकती है. उत्तराखंड में 10 सितंबर तक कई जगहों पर बारिश जारी रहने की संभावना है. पश्चिमी उत्तर प्रदेश में 6 सितंबर तक और पूर्वी उत्तर प्रदेश में 8 सितंबर तक बारिश का दौर बना रह सकता है.

     

    इन हिस्सों में भी बारिश के आसार

    पूर्वी भारत में बिहार, झारखंड, पश्चिम बंगाल और सिक्किम के कई हिस्सों में बारिश का अनुमान है. बिहार में 5-6 सितंबर और 10 सितंबर को कई जगहों पर बारिश हो सकती है. वहीं, उप-हिमालयी पश्चिम बंगाल और सिक्किम में 8 सितंबर तक अलग-अलग जगहों पर भारी बारिश की संभावना है.

    पूर्वोत्तर भारत में भी बारिश का दौर जारी रहेगा. अरुणाचल प्रदेश, असम, मेघालय और नागालैंड, मणिपुर, मिजोरम और त्रिपुरा में 4 से 10 सितंबर तक अलग-अलग जगहों पर भारी बारिश हो सकती है. दक्षिण भारत में आंध्र प्रदेश, तमिलनाडु और पुडुचेरी में आज गरज के साथ बिजली और तेज हवाएं चलने का अनुमान है.

    इन इलाकों में हवा की रफ्तार 40-50 किलोमीटर प्रति घंटे तक पहुंच सकती है और झोंकों के साथ 60 किलोमीटर प्रति घंटे तक जा सकती है. कर्नाटक के उत्तरी और दक्षिणी अंदरूनी हिस्सों में भी 6 सितंबर तक तेज हवाएं चल सकती हैं.

    ---- समाप्त ----

    Read more!
    Advertisement

    RECOMMENDED

    Advertisement
    Latest News in Hindi »