दिल्ली-गाजियाबाद से सिक्किम तक आगजनी की कई घटनाएं, पटना में पटाखे से भड़की आग

देश के अलग-अलग हिस्सों में आग लगने की कई घटनाएं सामने आई हैं. दिल्ली के नजफगढ़, गाजियाबाद, पटना और सिक्किम में आग से भारी नुकसान हुआ. कहीं फैक्ट्री और गोदाम जल गए तो कहीं कबाड़ की दुकान आग की चपेट में आ गई. राहत की बात है कि सिक्किम की घटना में कोई हताहत नहीं हुआ.

Advertisement
दिवाली के मौके पर पटना में पटाखे की चिंगारी से आग लग गई. (Photo- ITG) दिवाली के मौके पर पटना में पटाखे की चिंगारी से आग लग गई. (Photo- ITG)

मनोज कुमार सिंह / सुजीत कुमार / अब्दुल बशीर / मयंक गौड़

  • नई दिल्ली,
  • 08 नवंबर 2026,
  • अपडेटेड 8:26 PM IST

देश के अलग-अलग हिस्सों में आगजनी की कई घटनाओं ने लोगों में दहशत पैदा कर दी. दिल्ली, गाजियाबाद, पटना और सिक्किम में फैक्ट्री, गोदाम, कबाड़ की दुकान और पुराने अस्पताल परिसर में आग लगने की घटनाएं सामने आई हैं. इन घटनाओं में कहीं शॉर्ट सर्किट तो कहीं पटाखे की चिंगारी को आग की वजह माना जा रहा है. कई जगह दमकल की गाड़ियों को आग बुझाने के लिए घंटों मशक्कत करनी पड़ी.

Advertisement

गाजियाबाद के विजयनगर औद्योगिक क्षेत्र में नोवा बोल्ट प्लास्टिक कंपनी में भीषण आग लग गई. कंपनी में प्लास्टिक की कुर्सियां बनाने में इस्तेमाल होने वाला कच्चा माल और अन्य प्लास्टिक सामग्री रखी हुई थी. इसकी वजह से आग ने कुछ ही देर में विकराल रूप ले लिया. आग की ऊंची लपटों के साथ आसमान में काले धुएं का घना गुबार छा गया, जिसे दूर-दूर तक देखा गया.

आग की सूचना मिलते ही दमकल विभाग की टीमें मौके पर पहुंच गईं. आग की भयावहता को देखते हुए एक दर्जन से अधिक दमकल गाड़ियों को बुलाया गया. दमकलकर्मी लगातार पानी की बौछार कर आग बुझाने में जुटे रहे. प्लास्टिक सामग्री ज्यादा होने की वजह से आग पर काबू पाने में चुनौती का सामना करना पड़ा. फिलहाल आग लगने के कारणों का पता नहीं चल सका है. आग बुझने के बाद ही नुकसान का आकलन किया जा सकेगा.

Advertisement

दिल्ली की गारमेंट फैक्ट्री में आग, 25 दमकल गाड़ियां पहुंचीं

दिल्ली के नजफगढ़ इलाके के नांगली सकरावती में एक गारमेंट फैक्ट्री में आग लग गई. आग लगने की सूचना शाम 4:22 बजे मिली. इसके बाद दमकल विभाग की 25 गाड़ियों को मौके पर भेजा गया. आग बुझाने के बाद वहां कूलिंग ऑपरेशन चलाया गया. घटना में हुए नुकसान और आग लगने की वजह की जानकारी सामने नहीं आई है.

पटना में गोदाम और कबाड़ की दुकान आग की चपेट में

पटना सिटी के बाईपास थाना क्षेत्र के पायजावा इलाके में कृष्णा स्टील गोदाम में आग लग गई. इस घटना में लाखों रुपये का इलेक्ट्रॉनिक सामान और स्टील से जुड़े कई सामान जलकर खाक हो गए. आग की सूचना पर दमकल की दर्जनों गाड़ियां मौके पर पहुंचीं और आग बुझाने का काम शुरू किया. वहीं, पटना के मनेर में पटाखे की चिंगारी से एक कबाड़ की दुकान में आग लग गई. देखते ही देखते दुकान आग की लपटों में घिर गई. सूचना मिलने पर दमकल की कई गाड़ियां मौके पर पहुंचीं और आग पर काबू पाने की कोशिश शुरू की.

सिक्किम के पुराने अस्पताल परिसर में आग, कोई हताहत नहीं

दक्षिण सिक्किम के नामची में पुराने अस्पताल परिसर में भी देर शाम आग लग गई. यह अस्पताल 1975 में बनाया गया था और 2020 तक दक्षिण और पश्चिम सिक्किम के लोगों के इलाज का प्रमुख केंद्र था. आबादी बढ़ने के बाद सरकार ने पास में नया सुपर स्पेशियलिटी अस्पताल बनवाया था, जिसका उद्घाटन अक्टूबर 2021 में मुख्यमंत्री ने किया था. इसके बाद इलाज की सुविधाएं नए अस्पताल में शुरू हो गई थीं, जबकि पुराना अस्पताल परिसर भी चल रहा था.

Advertisement

पुराने अस्पताल परिसर में अचानक आग लगने के बाद दमकल विभाग ने कार्रवाई की और आग पर काबू पा लिया. राहत की बात यह रही कि इस घटना में कोई हताहत नहीं हुआ. आग लगने की वजह अभी सामने नहीं आई है. सिक्किम सरकार की ओर से मामले की जांच शुरू कर दी गई है.

तेलंगाना में भी फैक्ट्री में लगी भीषण आग

तेलंगाना के रंगारेड्डी जिले के कटेदन इंडस्ट्रियल एरिया में प्लास्टिक ग्रैन्यूल बनाने वाली एक फैक्ट्री में भीषण आग लग गई. यह घटना मेलारदेवपल्ली थाना क्षेत्र की है. आग अचानक लगी, जिसके बाद इलाके में अफरा-तफरी मच गई. फैक्ट्री से उठे काले धुएं के घने गुबार ने आसपास के इलाके को अपनी चपेट में ले लिया. देखते ही देखते आग पास की एक प्लाईवुड बनाने वाली यूनिट तक भी फैल गई.

आग की सूचना मिलते ही दमकल की तीन गाड़ियां मौके पर पहुंचीं और आग बुझाने का काम शुरू किया. दमकलकर्मी आग पर काबू पाने में जुटे हैं. शुरुआती आशंका है कि आग शॉर्ट सर्किट की वजह से लगी होगी. पुलिस ने मामला दर्ज कर लिया है और आग लगने के कारणों की जांच शुरू कर दी है. फिलहाल आग से हुए नुकसान की जानकारी सामने नहीं आई है.

---- समाप्त ----

Read more!
Advertisement

RECOMMENDED

Advertisement
Latest News in Hindi »