कर्नाटक की राजधानी बेंगलुरु में बिलेटेड बर्थडे पार्टी के नाम पर एक महिला को कथित तौर पर जाल में फंसाकर उसके साथ रेप किए जाने का मामला सामने आया है. पुलिस ने इस मामले में पांच लोगों को गिरफ्तार किया है. आरोप है कि महिला को पहले घर बुलाया गया, फिर उसे कोल्ड ड्रिंक दी गई, जिसके बाद उसकी तबीयत बिगड़ गई. इसी दौरान उसके साथ कथित तौर पर रेप की वारदात हुई.
पुलिस के मुताबिक, यह घटना 30 जून को तालाघट्टापुरा थाना क्षेत्र में हुई. शिकायत मिलने के बाद पुलिस ने तत्काल मामला दर्ज किया और जांच शुरू की. जांच के आधार पर पांच आरोपियों को गिरफ्तार कर न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया है.
यह भी पढ़ें: बच्चों को टॉर्चर करने का मामला, Capgemini ने बेंगलुरु का डे-केयर सेंटर किया बंद, 5 के खिलाफ केस
पुलिस का कहना है कि मामले की आगे भी जांच जारी है और घटना से जुड़े सभी तथ्यों को जुटाया जा रहा है.
दोस्ती के बाद बर्थडे मनाने का दिया था न्योता
शिकायत के अनुसार, महिला की पहचान एक व्यक्ति सोमशेखर से हुई थी. दोनों कुछ समय से एक-दूसरे के संपर्क में थे और कई बार मिल भी चुके थे.
महिला का कहना है कि घटना से कुछ दिन पहले उसका जन्मदिन था. सोमशेखर उससे व्यक्तिगत रूप से नहीं मिल पाया था, इसलिए उसने उसे तालाघट्टापुरा बुलाकर बिलेटेड बर्थडे मनाने का प्रस्ताव दिया.
30 जून की शाम करीब पांच बजे महिला उसके बताए स्थान पर पहुंची. वहां सोमशेखर पहले से मौजूद था और उसके साथ उसके कुछ दोस्त भी थे. आरोप है कि सोमशेखर ने महिला से कहा कि पहले उसके घर चलते हैं, फिर बाद में होटल में पार्टी करेंगे.
कोल्ड ड्रिंक पीने के बाद बिगड़ी तबीयत
महिला के मुताबिक, सोमशेखर के चार दोस्त उसे उसके घर लेकर गए. वहां कुछ देर सभी साथ बैठे और खाना खाया. इसके बाद सोमशेखर और उसके दोस्तों ने उसे एक कोल्ड ड्रिंक दी.
शिकायत में महिला ने आरोप लगाया कि कोल्ड ड्रिंक पीने के बाद उसे चक्कर आने लगे और वह बेहद सुस्त महसूस करने लगी. धीरे-धीरे उसकी चेतना प्रभावित होने लगी और वह पूरी तरह सामान्य स्थिति में नहीं रही.
महिला का आरोप है कि इसी दौरान पांच लोगों में से एक व्यक्ति कमरे में आया और उसकी अर्धचेतन अवस्था का फायदा उठाकर उसके साथ रेप किया. उस समय बाकी लोग हॉल में मौजूद थे. महिला ने बताया कि वह पूरी तरह होश में नहीं थी, इसलिए वह तुरंत यह पहचान नहीं सकी कि उसके साथ रेप किसने किया.
जांच में सामने आया आरोपी का नाम, पांचों गिरफ्तार
पुलिस के अनुसार, शिकायत मिलते ही एक महिला सब-इंस्पेक्टर ने पीड़िता की काउंसलिंग की, उसे भरोसा दिलाया और उसका विस्तृत बयान दर्ज किया. इसके बाद पूरे मामले की गंभीरता से जांच शुरू की गई.
जांच के दौरान पुलिस को पता चला कि महिला के साथ कथित तौर पर रेप करने वाला आरोपी अमरेश है. इसके आधार पर पुलिस ने अमरेश, सोमशेखर और तीन अन्य आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया.
सभी आरोपियों को अदालत में पेश करने के बाद न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया है. पुलिस का कहना है कि मामले की जांच अभी जारी है और सभी परिस्थितियों तथा उपलब्ध साक्ष्यों के आधार पर आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी.
aajtak.in