आंध्र प्रदेश में कोविड के 12 मरीज, 4 मौतें... बढ़ता जा रहा प्रकोप, एजेंसियां हुईं अलर्ट

आंध्र प्रदेश में 26 जून से 16 जुलाई के बीच कोविड-19 के 12 मामले सामने आए, जिनमें से चार मरीजों की मौत हो गई. सभी मृतक पहले से गंभीर बीमारियों से पीड़ित थे. सबसे ज्यादा मामले कडप्पा जिले से आए हैं.

Advertisement
आंध्र में कोरोना के मामले सामने आने के बाद एजेंसियां अलर्ट हो गई हैं (File Photo: ITG) आंध्र में कोरोना के मामले सामने आने के बाद एजेंसियां अलर्ट हो गई हैं (File Photo: ITG)

aajtak.in

  • नई दिल्ली,
  • 17 जुलाई 2026,
  • अपडेटेड 8:23 AM IST

आंध्र प्रदेश में कोरोना वायरस को लेकर नई जानकारी सामने आई है. राज्य के स्वास्थ्य आयुक्त जी वीरपांडियन ने बताया कि 26 जून से 16 जुलाई के बीच राज्य में 12 लोग कोविड-19 से संक्रमित पाए गए, जिनमें से चार लोगों की मौत हो गई. यह सभी चारों मरीज पहले से गंभीर बीमारियों से जूझ रहे थे.

वीरपांडियन ने बताया कि मरने वाले लोगों को हाई ब्लड प्रेशर, शुगर, किडनी की बीमारी जैसी गंभीर स्वास्थ्य समस्याएं थीं. उन्होंने कहा कि राज्य में कोविड के कुछ-कुछ मामले सामने आते रहे हैं. चार मौतों में से तीन मरीज कडप्पा जिले के थे और एक मरीज काकीनाडा का था.

Advertisement

आयुक्त के अनुसार, साल 2026 में आंध्र प्रदेश का पहला कोविड मामला 26 जून को कडप्पा जिले में दर्ज हुआ था. इसके बाद 1 जुलाई से 16 जुलाई के बीच 11 और मामले सामने आए. स्वास्थ्य विभाग ने बताया कि दो लोग संक्रमित मरीजों के करीबी संपर्क में आने से बीमार पड़े.

सबसे ज्यादा मामले कडप्पा जिले से आए, यहां आठ मरीज मिले. इसके बाद गुंटूर में दो मामले सामने आए, जबकि विशाखापत्तनम और काकीनाडा में एक-एक मामला दर्ज हुआ. 

यह भी पढ़ें: पहले आंध्र, अब मुंबई... कोरोना का बढ़ रहा खतरा, कई शहरों में मिले मरीज, जानिए क्या सावधानियां बरतनी चाहिए

वीरपांडियन ने साफ किया कि यह सभी मामले अलग-अलग मंडलों से आए हैं, यह किसी एक जगह का समूह नहीं है.

उन्होंने यह भी बताया कि 26 जून से 15 जुलाई के बीच राज्य में 67 कोविड जांच की गईं, जिनमें से 11 पॉजिटिव पाई गईं. वहीं बारहवां मामला तमिलनाडु के वेल्लोर स्थित क्रिश्चियन मेडिकल कॉलेज में पकड़ में आया. संक्रमित मरीजों में से तीन मरीज घर पर ही आइसोलेशन में हैं, दो मरीजों का अस्पताल में इलाज चल रहा है, जबकि तीन मरीज ठीक होकर अस्पताल से घर जा चुके हैं.

Advertisement

देशभर की बात करें तो 1 जुलाई से अब तक 339 कोविड मामले सामने आए हैं. सबसे ज्यादा मामले केरलम में 115 दर्ज हुए हैं. इसके बाद कर्नाटक में 64, महाराष्ट्र में 43 और तमिलनाडु में 39 मामले मिले हैं. 

अंडमान निकोबार द्वीप समूह और दिल्ली में 18-18 मामले सामने आए हैं, जबकि राजस्थान में 12 मामले दर्ज हुए हैं. इसके अलावा कुछ अन्य राज्यों में भी थोड़े-बहुत मामले सामने आए हैं.

---- समाप्त ----

Read more!
Advertisement

RECOMMENDED

Advertisement
Latest News in Hindi »