एअर इंडिया की एक फ्लाइट सोमवार रात पाकिस्तान के एयरस्पेस में चली गई. ये गलती अमृतसर एयरपोर्ट पर लैंडिंग के दौरान गो-अराउंड करते वक्त हुई. इस मामले में एविएशन रेगुलेटर DGCA ने अब एयर ट्रैफिक कंट्रोलर और एयरलाइन के क्रू के खिलाफ शुरुआती कार्रवाई की है, क्योंकि इस घटना की जानकारी समय पर नहीं दी गई थी.
ये घटना सोमवार रात करीब 8 बजे की है. एअर इंडिया की फ्लाइट AI479 दिल्ली से अमृतसर जा रही थी. जब प्लेन अमृतसर एयरपोर्ट पर लैंड करने वाला था, तो उसे रनवे पर रुकने के लिए कहा गया. इसकी वजह ये थी कि कुछ समय पहले रनवे पर एक बर्ड स्ट्राइक यानी पक्षी के टकराने की घटना हुई थी, जिसके बाद रनवे का इंस्पेक्शन यानी जांच चल रही थी.
इस वजह से प्लेन को गो-अराउंड करना पड़ा. गो-अराउंड का मतलब होता है कि लैंडिंग रोककर प्लेन को फिर से हवा में चक्कर लगाना. इसी दौरान एयर ट्रैफिक कंट्रोल यानी ATC ने प्लेन को रास्ता दिखाने के लिए रेडार वेक्टरिंग शुरू की. इस प्रोसेस में प्लेन थोड़ी देर के लिए पाकिस्तान के एयरस्पेस में चला गया.
DGCA ने बताया कि इस घटना की जानकारी पाकिस्तान के एयर ट्रैफिक कंट्रोल को भी दी गई थी और दोनों तरफ से तालमेल बनाकर इसे संभाला गया. इसके बाद प्लेन को दिल्ली की तरफ डायवर्ट किया गया और वो सुरक्षित दिल्ली में लैंड हो गया.
यह भी पढ़ें: पाकिस्तानी एयरस्पेस में घुसी Air India की फ्लाइट, गो-अराउंड के दौरान हुई चूक
खास बात ये है कि पाकिस्तान ने अप्रैल 2025 से ही भारतीय एयरलाइंस के लिए अपना एयरस्पेस बंद कर दिया है. ऐसे में किसी भारतीय प्लेन का वहां जाना एक गंभीर मामला बन जाता है.
दिल्ली लौटने के करीब एक घंटे बाद यही प्लेन फिर से अमृतसर के लिए रवाना हुआ और रात 10 बजे के बाद वहां सुरक्षित लैंड हुआ. इस फ्लाइट में कितने पैसेंजर सवार थे, इसकी जानकारी अभी सामने नहीं आई है.
एअर इंडिया ने अपने बयान में कहा है कि इस घटने की जानकारी रेगुलेटरी अथॉरिटीज को दे दी गई है और कंपनी इसकी अंदरूनी जांच कर रही है. DGCA ने यह भी साफ नहीं किया कि एयर ट्रैफिक कंट्रोलर और क्रू के खिलाफ ठीक से कौन सी कार्रवाई की गई है.
aajtak.in