केंद्र सरकार एक बार फिर परिसीमन बिल को लाने की तैयारी में है. सरकार संसद के मॉनसून सत्र में इस बिल को पेश कर सकती है. वहीं, अमेरिकी व्यापार प्रतिनिधि सभा ने ज़बरन श्रम से बने सामानों के आयात को रोकने में नाकाम रहने वाले 60 देशों पर 10 से 12.5 प्रतिशत का अतिरिक्त शुल्क लगाने का प्रस्ताव रखा है. इन खबरों के अलावा, संविधान विशेषज्ञ डॉक्टर सुभाष सी कश्यप का 97 साल की उम्र में निधन हो गया. पढ़ें गुरुवार शाम की बड़ी खबरें.
संसद के मानसून सत्र में परिसीमन बिल लाने की तैयारी, विपक्षी दलों से संपर्क में केंद्र सरकार
केंद्र सरकार संसद के मानसून सत्र में परिसीमन बिल लाने की तैयारी कर रही है. इस बार सरकार बिल पेश करने से पहले सभी बड़े क्षेत्रीय दलों को साथ लेकर चलना चाहती है. इसी कोशिश में DMK और TMC जैसे दलों से बातचीत शुरू हो चुकी है. बता दें कि अब तक कुल चार बार परिसीमन किया गया. पहली बार 1952, फिर 1962, फिर 1973 और आखिरी बार 2002 में हुई थी. तब से 543 पर ही सीटें फ्रीज हैं.
कोर्ट से हार के बाद अमेरिका ने फिर शुरू किया टैरिफ वॉर, भारत-चीन निशाने पर
अमेरिकी व्यापार प्रतिनिधि सभा ने ज़बरन श्रम से बने सामानों के आयात को रोकने में नाकाम रहने वाले 60 देशों पर 10 से 12.5 प्रतिशत का अतिरिक्त शुल्क लगाने का प्रस्ताव रखा है. यूएसटीआर नोटिस के अनुसार, 60 अर्थव्यवस्थाओं में से 46 को 12.5 प्रतिशत की उच्च दर का सामना करना पड़ेगा. इनमें भारत, चीन, जापान, ब्राज़ील और वियतनाम शामिल हैं.
संविधान विशेषज्ञ और पद्म भूषण डॉ. सुभाष कश्यप का निधन, 97 साल की उम्र में ली आखिरी सांस
पद्म भूषण डॉ. सुभाष सी. कश्यप का 97 साल की उम्र में निधन हो गया है. जानकारी के मुताबिक, सुभाष कश्यप की मौत कार्डियो-पल्मोनरी अरेस्ट की वजह से हुई है. डॉ. सुभाष सी. कश्यप देश के जाने-माने संवैधानिक विशेषज्ञ, राजनीतिक जानकार और संसदीय मामलों के एक्सपर्ट थे. वे 1984 से 1990 तक 7वीं, 8वीं और 9वीं लोकसभा के महासचिव रहे थे.
मुकेश अंबानी को पीछे छोड़ TikTok फाउंडर बने एशिया के दूसरे सबसे अमीर शख्स, नंबर-1 पर कौन है?
भारतीय उद्योगपति मुकेश अंबानी को पीछे छोड़ बाइटडांस यानि टिक टॉक के फाउंडर झांग यिमिंग एशिया के दूसरे सबसे अमीर शख्स बन गए हैं. इनकी नेटवर्थ 92.8 बिलियन डॉलर्स है, जबकि मुकेश अंबानी की नेटवर्थ 86.9 बिलियन डॉलर है. पहले नंबर पर गौतम अडानी हैं जिनकी नेटवर्थ 117.4 बिलियन डॉलर है. ये डेटा फोर्ब्स की ताजा रैंकिंग का है.
टीम इंडिया को लगा तगड़ा झटका, विराट कोहली अफगानिस्तान सीरीज से बाहर
टीम इंडिया के पूर्व कप्तान और दिग्गज बल्लेबाज विराट कोहली हैमस्ट्रिंग की चोट के कारण अफ़ग़ानिस्तान के खिलाफ तीन मैचों की वनडे सीरीज़ से बाहर हो गए हैं. भारत-अफगानिस्तान के बीच वनडे सीरीज का पहला मुकाबला 14 जून को धर्मशाला में खेला जाना है. फिर दूसरा ओडीआई 17 जून को लखनऊ में और तीसरा ओडीआई 20 जून को चेन्नई में निर्धारित है.
राहुल गांधी का खराब मौसम के चलते उत्तराखंड दौरा रद्द, बोले- जल्द आऊंगा
लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी का उत्तराखंड दौरा गुरुवार को खराब मौसम के कारण रद्द हो गया. इस बारे में राहुल गांधी ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर जानकारी दी है और कहा कि वह जल्द ही फिर उत्तराखंड का दौरा करेंगे. मौसम विभाग ने राज्य के कई ज़िलों में तेज़ बारिश और तेज़ हवाओं का अलर्ट जारी किया है.
फुटबॉल वर्ल्ड कप में FIFA के फैसले से मचा बवाल, इस चीज को किया गया बैन, वजह है खास
FIFA ने 2026 फुटबॉल वर्ल्ड कप के सभी स्टेडियमों में दर्शकों के लिए री-यूजेबल पानी की बोतलें ले जाने पर बैन लगा दिया है. FIFA ने अपने स्टेडियम कोड ऑफ कंडक्ट में बदलाव करते हुए यह फैसला लिया है. फुटबॉल वर्ल्ड कप 11 जून से 19 जुलाई तक खेला जाएगा और इसकी मेजबानी संयुक्त रूप से संयुक्त राज्य अमेरिका, कनाडा और मेक्सिको कर रहे हैं.
दिल्ली-NCR में तेज आंधी के साथ झमाझम बारिश, दिन में ही छाया अंधेरा
राष्ट्रीय राजधानी दिल्ली और NCR में गुरुवार दोपहर तेज हवाओं के साथ घने काले बादल छा गए और झमाझम बारिश हुई. दोपहर 2-3 बजे के आसपास आसमान पूरी तरह काला हो गया. सड़कों पर गाड़ियों की हेडलाइट जलानी पड़ीं. दिल्ली-एनसीआर में मौसम में बदलाव की यह स्थिति 6 जून तक बनी रहने की संभावना है.
मॉनसून का आगाज़, केरल के बाद महाराष्ट्र-MP समेत इन राज्यों में होगी एंट्री
दक्षिण-पश्चिम मॉनसून आखिरकार 4 जून को केरल पहुंच गया है. इस बार केरल में मॉनसून सामान्य तिथि से तीन दिन की देरी से पहुंचा है. अगले 2-3 दिन में मॉनसून कर्नाटक, तमिलनाडु, महाराष्ट्र, मध्य प्रदेश समेत तमाम राज्यों को कवर करेगा. हालांकि, उत्तर भारत के राज्यों में अभी मॉनसून की बारिश के लिए लोगों को इंतजार करना होगा.
पश्चिम बंगाल के CM शुभेंदु अधिकारी के पीए की हत्या के मामले में सीबीआई ने बलिया से तीसरे आरोपी गोलू सिंह को गिरफ्तार किया है. CBI आरोपी को ट्रांजिट रिमांड पर कोलकाता लेकर रवाना हो गई है. इससे पहले नवीन कुमार सिंह और राजकुमार सिंह की गिरफ्तारी हो चुकी है. वहीं राजकुमार के करीबी ज्ञानेंद्र सिंह मोनू ने बलिया कोर्ट में सरेंडर किया.
aajtak.in