यूपी में सरकारी नौकरियों में चरित्र और पूर्ववृत्त सत्यापन को लेकर एक नई भर्ती नीति लागू. वहीं, अमेरिकी केंद्रीय बैंक फेडरल रिजर्व ने ब्याज दरों को स्थिर रखने का फैसला किया है. इन खबरों के अलावा, चक्रवात 'अर्नब' के असर से आंध्र प्रदेश में भारी बारिश और तेज हवाओं ने जनजीवन प्रभावित किया है. पढ़ें गुरुवार सुबह की बड़ी खबरें
योगी सरकार का बड़ा फैसला: चरित्र सत्यापन से पहले मिलेगी प्रोविजनल जॉइनिंग, नई भर्ती नीति लागू
उत्तर प्रदेश सरकार ने सरकारी नौकरियों में चरित्र और पूर्ववृत्त सत्यापन को लेकर एक नई भर्ती नीति लागू की है. इस पहल का मुख्य उद्देश्य चयन प्रक्रिया में लगने वाले समय को कम करना है. नई नीति के तहत अब सामान्य पदों पर चयनित अभ्यर्थियों को सत्यापन पूरा होने से पहले ही प्रोविजनल नियुक्ति पत्र दे दिया जाएगा.
दिग्गज क्रिकेटर के परिवार के साथ बदसलूकी? कुमार संगकारा ने एयरलाइन कंपनी पर लगाए गंभीर आरोप
श्रीलंका के पूर्व कप्तान कुमार संगकारा ने आयरलैंड की राजधानी डबलिन में एयरलाइन कर्मचारियों पर अपने परिवार के साथ भेदभाव करने और धमकी देने का आरोप लगाया है. IPL की टीम RR के हेड कोच संगकारा ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर अपना अनुभव साझा करते हुए इसे हैरान करने वाला बताया. संगकारा की पोस्ट पर कई लोगों ने प्रतिक्रिया दी.
पेंटागन से एक और विकेट गिरा! लेफ्टिनेंट जनरल को ट्रंप प्रशासन ने किया बाहर
अमेरिका के रक्षा विभाग पेंटागन में बड़े सैन्य अधिकारियों को हटाने का सिलसिला जारी है. अब लेफ्टिनेंट जनरल ब्रेट सिल्विया को उनके पद से हटा दिया गया है. वह अमेरिकी सेना की रणनीति और योजना बनाने वाले अहम विभाग के प्रमुख थे. उन्हें इसी हफ्ते जॉइंट चीफ्स ऑफ स्टाफ से हटाया गया. हालांकि, ट्रंप प्रशासन ने इस फैसले की कोई आधिकारिक वजह नहीं बताई.
भारत के खिलाफ पांच मैचों की टी20 सीरीज में 0-3 से पिछड़ चुकी न्यूजीलैंड की मुश्किलें और बढ़ गई हैं. तेज गेंदबाज लॉकी फर्ग्यूसन चोट के कारण बाकी टी20 मुकाबलों में नहीं खेल पाएंगे. फर्ग्यूसन को दूसरे टी20 मुकाबले के दौरान दाएं पैर की पिंडली में दर्द हुआ था. स्कैन में मांसपेशियों में मामूली खिंचाव की पुष्टि हुई है.
अफगानिस्तान में भूकंप के झटके, रिक्टर स्केल पर 4.2 रही तीव्रता
अफगानिस्तान में गुरुवार सुबह भूकंप के झटके महसूस किए गए हैं. नेशनल सेंटर फॉर सीस्मोलॉजी के मुताबिक, रिक्टर स्केल पर इस भूकंप की तीव्रता 4.2 दर्ज की गई है. यह भूकंप 29 अक्टूबर 2026 को भारतीय समयानुसार सुबह 6 बजकर 39 मिनट पर आया. भूकंप का केंद्र अफगानिस्तान के फैजाबाद से 92 किलोमीटर दक्षिण-पूर्व में था.
दिल्ली-NCR में सुबह-सुबह बदला मौसम, कहीं बूंदाबांदी तो कहीं तेज बारिश
दिल्ली और आसपास के इलाकों में कहीं हल्की बूंदाबांदी हो रही है तो कहीं तेज बारिश देखने को मिल रही है. मौसम विभाग ने दिल्ली के लिए येलो अलर्ट जारी किया है और पूरे दिन मौसम में उतार-चढ़ाव की संभावना जताई है. उधर, ओडिशा में चक्रवात अर्नब का असर जारी है. चक्रवात के प्रभाव से रायगड़ा जिले में बारिश हो रही है.
US Fed Rate: महंगाई की टेंशन बरकरार, अमेरिकी फेडरल रिजर्व ने ब्याज दरों में नहीं किया बदलाव
अमेरिकी केंद्रीय बैंक फेडरल रिजर्व ने ब्याज दरों को स्थिर रखने का फैसला किया है. फेड ने ब्याज दरों में कोई बदलाव नहीं करते हुए इन्हें 3.75% से 4% के दायरे में बरकरार रखा है. फेडरल रिजर्व ने अमेरिकी अर्थव्यवस्था की स्थिति को लेकर कहा है कि आर्थिक गतिविधियां मजबूत रफ्तार से आगे बढ़ रही हैं. हालांकि, महंगाई अब भी हाई लेवल पर बनी है.
अफगानिस्तान में तालिबान ने कॉर्निया ट्रांसप्लांट को इस्लाम की शिक्षाओं के खिलाफ बताते हुए रोक दिया है. इससे काबुल और जलालाबाद में चल रहा मुफ्त आंखों के इलाज का कार्यक्रम रुक गया है. इस कार्यक्रम के तहत दान किए गए कॉर्निया से ऑपरेशन किए जा रहे थे और स्थानीय डॉक्टरों को प्रशिक्षण दिया जा रहा था.
चक्रवात 'अर्नब' से आंध्र प्रदेश में भारी तबाही! 13 जिलों में बाढ़ का अलर्ट, 5 लोगों की मौत
चक्रवात 'अर्नब' के असर से आंध्र प्रदेश में भारी बारिश और तेज हवाओं ने जनजीवन प्रभावित किया है. मौसम विभाग ने राज्य के 13 जिलों और केंद्र शासित प्रदेश के यानम जिले में अचानक बाढ़ आने का खतरा जताया है. चक्रवात से जुड़ी घटनाओं में पांच लोगों की मौत हुई है. सरकार ने प्रभावित परिवारों के लिए राहत और आर्थिक सहायता का ऐलान किया है.
उमर अब्दुल्ला कैबिनेट में विभागों का बंटवारा, सुरिंदर चौधरी बने रहेंगे डिप्टी CM
जम्मू-कश्मीर में मंत्रियों के बीच विभागों का बंटवारा कर दिया गया है. डिप्टी सीएम सुरिंदर कुमार चौधरी अपने पद पर बने रहेंगे. उन्हें लोक निर्माण विभाग (सड़क एवं भवन), उद्योग एवं वाणिज्य, श्रम एवं रोजगार और कौशल विकास समेत पांच विभागों की जिम्मेदारी दी गई है. जावेद अहमद डार को कृषि उत्पादन, वित्त, खनन और सहकारिता विभाग दिया गया है.
aajtak.in