लोकसभा में नेता विपक्ष राहुल गांधी ने आज प्रेस कॉन्फ्रेंस कर पेपर लीक और जंतर मंतर प्रदर्शन के दौरान छात्रों के साथ कथित मारपीट के मुद्दे पर केंद्र सरकार को जमकर घेरा. वहीं, सोशल एक्टिविस्ट सोनम वांगचुक ने अनशन खत्म करने के लिए केंद्र सरकार के सामने अहम शर्तें रखीं. इन खबरों के अलावा, केंद्र सरकार ने दिल्ली हाई कोर्ट में कॉकरोच जनता पार्टी के प्रदर्शन को लेकर दलील दी कि ये प्रोस्टेट बिल्कुल भी शांतिपूर्ण नहीं था. पढ़ें बुधवार शाम की बड़ी खबरें.
'छात्रों से माफी मांगें PM', राहुल गांधी ने केंद्र सरकार के सामने रखीं ये तीन बड़ी मांगें
राहुल गांधी ने प्रदर्शनकारी छात्रों से मारपीट का मुद्दा उठाते हुए कहा कि आखिर छात्रों ने ऐसा क्या गलत किया है, जिसके लिए उनके साथ मारपीट और दुर्व्यवहार किया जा रहा है. वे अपने हक की मांग कर रहे हैं. राहुल ने मांग की कि PM मोदी छात्रों से माफी मांगें, धर्मेंद्र प्रधान इस्तीफा दें और छात्रों पर सख्ती करने वालों पर एक्शन हो.
अनशन खत्म करने को तैयार सोनम वांगचुक, लेकिन सरकार के सामने रखी ये शर्त
सोनम वांगचुक ने अनशन खत्म करने की बात कही, लेकिन इसके लिए केंद्र सरकार के सामने शर्त रखी है. उन्होंने जेपी नड्डा और जितेंद्र सिंह को पत्र लिखकर मुलाकात करने के लिए धन्यवाद दिया. वांगचुक ने मांग की कि पेपर लीक के बाद आत्महत्या करने वाले छात्रों के परिवारों को मुआवज़ा मिले और शिक्षा मंत्री की जवाबदेही पर संसद में चर्चा हो.
'शांतिपूर्ण नहीं था CJP का प्रोटेस्ट, याचिका सिर्फ प्रचार के लिए...', दिल्ली हाईकोर्ट में केंद्र की दलील
केंद्र सरकार ने CJP प्रोटेस्ट को लेकर दिल्ली हाई कोर्ट में अपना पक्ष रखा. सरकार की ओर से पेश एडिशनल सॉलिसिटर जनरल ने कोर्ट से कहा कि CJP का प्रदर्शन शांतिपूर्ण नहीं था. प्रदर्शन में शामिल कुछ तत्वों ने हिंसा का सहारा लिया था. सरकार ने कोर्ट में यह भी कहा कि इस मामले में दायर याचिकाएं सिर्फ प्रचार हासिल करने के लिए दाखिल की गई हैं.
अफगानिस्तान क्रिकेट टीम में बड़ा बदलाव, हशमतुल्लाह शाहिदी ने वनडे कप्तानी से दिया इस्तीफा
हशमतुल्लाह शाहिदी ने अफगानिस्तान की वनडे क्रिकेट टीम की कप्तानी छोड़ दी है. उन्होंने अपने फैसले को निजी बताया और कहा कि वो खिलाड़ी के तौर पर वनडे टीम के लिए उपलब्ध रहेंगे. शाहिदी ने वर्ष 2022 में अफगानिस्तान की वनडे टीम की कमान संभाली थी. उनके नेतृत्व में टीम ने अपने क्रिकेट इतिहास के सबसे सफल दौर में से एक देखा.
TMC सांसद कल्याण बनर्जी की बागी महिला सांसद पर अभद्र टिप्पणी, पूरे संसद सत्र के लिए सस्पेंड
TMC सांसद कल्याण बनर्जी को पूरे मॉनसून सत्र से सस्पेंड कर दिया गया है. उन्होंने संसद की कार्यवाही के दौरान टीएमसी की बागी महिला सांसद के लिए आपत्तिजनक बात कही थी. इसके बाद लोकसभा में उनकी शिकायत की गई. अर्जुन राम मेघवाल ने कार्यवाही का प्रस्ताव रखा. इसके बाद कल्याण बनर्जी को सत्र की शेष अवधि के लिए निलंबित कर दिया गया.
ICC ODI Rankings: शुभमन गिल नंबर-1 के बेहद करीब... टॉप-5 में भारत के 3 बल्लेबाज
ICC की ताजा वनडे बल्लेबाजों की रैंकिंग में भारतीय बल्लेबाजों का दबदबा बरकार है. दुनिया के टॉप फाइव बल्लेबाजों में अपनी जगह बनाए रखी है. शुभमन गिल 801 रेटिंग अंकों के साथ नंबर वन डेरिल मिचेल से सिर्फ एक अंक पीछे दूसरे स्थान पर हैं. विराट कोहली 767 अंकों के साथ तीसरे और रोहित शर्मा 758 अंकों के साथ चौथे स्थान पर कायम हैं.
JPSC मुख्य परीक्षा स्थगित, आयोग का बड़ा फैसला, 25 से 27 जुलाई के बीच होनी थी परीक्षा
झारखंड लोक सेवा आयोग (JPSC) की मुख्य परीक्षा को स्थगित किया गया है. आयोग ने एग्जाम की नई तारीख को लेकर कोई आधिकारिक घोषणा नहीं की है. बताया जा रहा है कि परीक्षा से जुड़े कुछ महत्वपूर्ण मुद्दों और प्रक्रियाओं की समीक्षा के बाद यह निर्णय लिया गया है. यह परीक्षा 25 जुलाई, 26 जुलाई और 27 जुलाई को होनी थी.
INS मालवन भारतीय नौसेना में शामिल, दुश्मन पनडुब्बियों की खैर नहीं
कर्नाटक के करवार में आज भारतीय नौसेना में एंटी सबमरीन वॉरफेयर शैलो वॉटर क्रॉफ्ट युद्धपोत INS Malvan आधिकारिक रूप से शामिल हो गया. यह जहाज कोचीन शिपयार्ड लिमिटेड द्वारा बनाया गया है. कमीशनिंग समारोह की अध्यक्षता भारतीय वायु सेना अध्यक्ष एयर चीफ मार्शल एपी सिंह ने की. इस समारोह में वाइस एडमिरल संजय वात्सायन भी मौजूद थे.
राम मंदिर ट्रस्ट की अहम बैठक में पहले रिक्त पदों पर मंथन, फिर दूसरे सत्र में SIT रिपोर्ट पर चर्चा
अयोध्या में श्री राम जन्मभूमि तीर्थ क्षेत्र ट्रस्ट की अहम बैठक आज 2 चरणों में हुईं. बैठक के पहले सत्र में ट्रस्ट के खाली पदों को भरने पर बातचीत हुई. ये मीटिंग दोपहर 3 बजे खत्म हुई. इस बैठक में ट्रस्ट के अध्यक्ष महंत नृत्य गोपालदास समेत कई लोग मौजूद रहे. दूसरे सत्र की बैठक में सभी सदस्य शामिल हुए, जिसमें SIT रिपोर्ट पर चर्चा हुई.
UAE में भारतीयों को बड़ी राहत, फिर शुरू हुई पासपोर्ट-वीजा सेवाएं
UAE में भारतीयों के लिए पासपोर्ट, वीजा और दस्तावेज सत्यापन सेवाएं फिर शुरू हो गई हैं. सुप्रीम कोर्ट के अंतरिम निर्देशों के बाद अब ये सेवाएं 16 नए कांसुलर केंद्रों के जरिए दी जा रही हैं. इन सेवाओं को प्रदान करने में अल हिंद टूर्स एंड ट्रैवल्स भी लोगों की हेल्प करेगी. इसके लिए लोगों को पहले ऑनलाइन अपॉइंटमेंट लेना होगा.
aajtak.in