हशमतुल्लाह शाहिदी ने अफगानिस्तान की वनडे क्रिकेट टीम की कप्तानी छोड़ दी है. 31 वर्षीय बल्लेबाज ने सोशल मीडिया पर पोस्ट शेयर कर अपने फैसले की जानकारी दी. उन्होंने साफ किया कि कप्तानी छोड़ना उनका निजी फैसला है और वह आगे भी खिलाड़ी के तौर पर वनडे टीम के सेलेक्शन के लिए उपलब्ध रहेंगे.
शाहिदी ने साल 2022 की शुरुआत में अफगानिस्तान की वनडे टीम की कमान संभाली थी. उनके नेतृत्व में टीम ने अपने क्रिकेट इतिहास के सबसे सफल दौर में से एक देखा. खास तौर पर भारत में खेले गए 2023 वनडे वर्ल्ड कप में अफगानिस्तान ने शानदार प्रदर्शन करते हुए इंग्लैंड, पाकिस्तान, श्रीलंका और नीदरलैंड्स जैसी टीमों को हराकर दुनिया का ध्यान अपनी ओर खींचा था. टीम सेमीफाइनल में जगह बनाने के बेहद करीब पहुंची, लेकिन मामूली अंतर से अंतिम चार में जगह नहीं बना सकी.
शाहिदी का कप्तानी छोड़ने का फैसला ऐसे समय आया है, जब कुछ महीने पहले ही अफगानिस्तान के लंबे समय तक हेड कोच रहे जोनाथन ट्रॉट ने पद छोड़ा था. उनके स्थान पर अनुभवी कोच रिचर्ड पाइबस को टीम का नया हेड कोच बनाया गया है. ट्रॉट और शाहिदी की जोड़ी ने मिलकर अफगानिस्तान क्रिकेट को नई ऊंचाइयों तक पहुंचाने में अहम भूमिका निभाई.
सोशल मीडिया पर जारी अपने बयान में शाहिदी ने लिखा कि वनडे टीम की कप्तानी छोड़ना उनका निजी फैसला है. उन्होंने कहा कि अफगानिस्तान की कप्तानी करना उनके लिए गर्व और सम्मान की बात रही. उन्होंने टीम के सभी खिलाड़ियों का आभार जताते हुए कहा कि कप्तान के तौर पर मिली उपलब्धियां केवल उनकी नहीं थीं, बल्कि पूरी टीम की मेहनत, त्याग, एकजुटता और आपसी विश्वास का परिणाम थीं. उन्होंने हर चुनौती में साथ देने वाले खिलाड़ियों और सहयोगी स्टाफ का भी धन्यवाद किया.
शाहिदी ने यह भी स्पष्ट कर दिया कि कप्तानी छोड़ने का मतलब इंटरनेशनल वनडे क्रिकेट से दूरी बनाना नहीं है. उन्होंने कहा कि वह आगे भी खिलाड़ी के रूप में अफगानिस्तान की वनडे टीम के लिए उपलब्ध रहेंगे और सेलेक्टर्स के फैसले का सम्मान करेंगे.
अब अफगानिस्तान क्रिकेट बोर्ड की नजर नए वनडे कप्तान के सेलेक्शन पर होगी. टीम को 5 अगस्त से आयरलैंड के खिलाफ पांच मैचों की वनडे सीरीज खेलनी है और माना जा रहा है कि उससे पहले नए कप्तान के नाम का ऐलान कर दिया जाएगा.
हशमतुल्लाह शाहिदी का इंटरनेशनल करियर कैसा रहा?
अगर शाहिदी के वनडे करियर की बात करें तो उन्होंने अब तक अफगानिस्तान के लिए 96 वनडे मुकाबले खेले हैं. इस दौरान उन्होंने 33.42 की औसत और 67.80 के स्ट्राइक रेट से 607 रन बनाए हैं. उनके नाम एक शतक और 22 अर्धशतक दर्ज हैं. वहीं 12 टेस्ट में उन्होंने 796 रन 44.22 के एवरेज से बनाए हैं. 6 टी20 इंटरनेशनल में शाहिदी ने 48 रन जड़े हैं.
aajtak.in