संसद का मॉनसून सत्र 20 जुलाई से शुरू हो रहा है. संसद सत्र की शुरुआत से पहले बुधवार को कांग्रेस संसदीय दल की बैठक हुई. इस बैठक में संसद सत्र के लिए विपक्ष के एजेंडे पर मंथन किया गया. वहीं, गुजरात के कच्छ में भूकंप के झटके महसूस किए गए. पढ़े गुरुवार शाम की बड़ी खबरें.
चंदा चोरी मुद्दा संसद में उठाएगी कांग्रेस, सोनिया-राहुल-खड़गे की मीटिंग में बना प्लान
संसद का मॉनसून सत्र 20 जुलाई से शुरू हो रहा है. संसद सत्र की शुरुआत से पहले बुधवार को कांग्रेस संसदीय दल की बैठक हुई. इस बैठक में संसद सत्र के लिए विपक्ष के एजेंडे पर मंथन किया गया. बैठक के बाद कांग्रेस नेता जयराम रमेश ने बताया कि पार्टी परिसीमन बिल के साथ खाद्य सुरक्षा कानून से जुड़े संशोधन विधेयक का भी विरोध करेगी.
कच्छ में भूकंप के झटके, तीन मिनट में दो बार कांपी धरती
गुजरात के कच्छ में गुरुवार दोपहर तीन मिनट के भीतर भूकंप के दो झटके महसूस किए गए. पहला भूकंप दोपहर 2:20 बजे आया, जिसकी तीव्रता रिक्टर स्केल पर 3.6 मापी गई. इसका केंद्र खावड़ा से 32 किलोमीटर उत्तर-पूर्व में स्थित था. भूकंप से किसी तरह के जान-माल के नुकसान की खबर नहीं है. कच्छ भूकंपीय दृष्टि से बेहद संवेदनशील क्षेत्र माना जाता है.
तीसरी भाषा कक्षा 6 से पढ़ाई जाए, 9वीं से नहीं, सुप्रीम कोर्ट ने छात्रों के हित में दिया बयान
सुप्रीम कोर्ट में गुरुवार को थ्री लैंग्वेज पॉलिसी को चुनौती देने वाली याचिकाओं पर सुनवाई हुई. इस दौरान जस्टिस बी वी नागरत्ना ने कहा कि अगर तीसरी भाषा को पढ़ाना है, तो उसकी शुरुआत कक्षा 6 से ही होनी चाहिए, न कि कक्षा 9 से. उन्होंने आगे कहा कि बोर्ड परीक्षाओं की तैयारी के दौर में नई भाषा अनिवार्य करने से छात्रों पर अतिरिक्त दबाव पड़ सकता है.
भारत के पहले निजी रॉकेट विक्रम-1 की 18 जुलाई को होगी लॉन्चिंग
हैदराबाद की स्पेस कंपनी स्काईरूट एरोस्पेस अपने पहले ऑर्बिटल रॉकेट विक्रम-1 को श्रीहरिकोटा से 18 जुलाई को लॉन्च करने जा रही है. अगर मिशन सफल रहा, तो पहली बार किसी भारतीय प्राइवेट कंपनी का बनाया रॉकेट सैटेलाइट को पृथ्वी की कक्षा में पहुंचाएगा. स्काईरूट इससे पहले 2022 में विक्रम-S नाम का सब-ऑर्बिटल रॉकेट लॉन्च कर चुकी है.
TMC सांसद कोयल मल्लिक का राज्यसभा से इस्तीफा, ममता बनर्जी को एक और झटका
TMC सांसद कोयल मल्लिक ने राज्यसभा से इस्तीफा दे दिया है. राज्यसभा चेयरमैन सीपी राधाकृष्णन को लिखे एक पत्र में कोयल ने कहा है कि वे अपने पद से इस्तीफा दे रही हैं. कृपया इसे स्वीकार किया जाए. कोयल मल्लिक का असली नाम रुक्मिणी मल्लिक है. वे एक प्रसिद्ध बंगाली अभिनेत्री हैं. वे मुख्य रूप से टॉलीवुड की "टॉली-क्वीन" के नाम से जानी जाती हैं.
'बुलडोजर चुन-चुन कर नहीं चलना चाहिए...' अतिक्रमण पर सुप्रीम कोर्ट की राज्यों को सख्त नसीहत
देश में 'बुलडोजर जस्टिस' यानी बिना कानूनी प्रक्रिया के मकान गिराने की कार्रवाई के खिलाफ सुप्रीम कोर्ट में अहम सुनवाई हुई. इस दौरान याचिकाकर्ताओं ने बुलडोजर कार्रवाई को अदालत के आदेशों का घोर उल्लंघन बताया. सुनवाई के दौरान जस्टिस बागची ने कहा कि बुलडोजर का इस्तेमाल चुन-चुन कर नहीं होना चाहिए और सभी के साथ समान न्याय होना चाहिए.
रघुराम राजन को US में मिली बड़ी जिम्मेदारी, ट्रंप के करीबी संग करेंगे काम
भारतीय रिजर्व बैंक के पूर्व गवर्नर रघुराम राजन को अमेरिका में बड़ी ज़िम्मेदारी दी गई है. US Fed चेयरमैन केविन वॉर्श ने उन्हें अपनी टीम में शामिल किया है. रघुराम राजन अब फेडरल रिजर्व की मौजूदा बैलेंस शीट व्यवस्था की लागत, लाभ की जांच के लिए गठित बैलेंस शीट पॉलिसी वर्कफोर्स में अपनी सेवाएं देंगे.
न्यूजीलैंड में 6.3 तीव्रता का तेज भूकंप, सुनामी की चेतावनी जारी
न्यूजीलैंड के साउथ आइलैंड में गुरुवार को 6.3 की तीव्रता के भूकंप के तेज झटके महसूस किए गए. भूकंप का केंद्र ते अनाउ शहर से करीब 40 किलोमीटर उत्तर में था. यह इलाका फियोर्डलैंड जैसे प्रसिद्ध पर्यटन स्थल का प्रवेश द्वार माना जाता है. इस भूकंप के बाद अधिकारियों ने सुनामी की चेतावनी जारी की है.
IND vs ENG: टीम इंडिया के तेज गेंदबाज पर ICC का एक्शन, कार्डिफ ODI से पहले मिली ये सजा
इंग्लैंड के खिलाफ पहले वनडे में भारत की जीत के बाद भारतीय युवा तेज़ गेंदबाज़ गुरनूर बरार पर ICC ने अनुशासनात्मक कार्रवाई की है. ICC ने बरार को कोड ऑफ कंडक्ट के आर्टिकल 2.9 के उल्लंघन करने का दोषी पाया और उन्हें आधिकारिक फटकार के साथ एक डिमेरिट पॉइंट दिया. यह नियम किसी खिलाड़ी की ओर अनुचित या खतरनाक तरीके से गेंद फेंकने से जुड़ा है.
aajtak.in