गर्भवती को पीटा, फिर काट दिए बाल... दहेज प्रताड़ना के आरोप में पति समेत 3 गिरफ्तार

महाराष्ट्र के ठाणे जिले में दहेज प्रताड़ना का एक गंभीर मामला सामने आया है, जिसमें एक गर्भवती महिला को ससुराल वालों द्वारा बुरी तरह प्रताड़ित किया गया. आरोप है कि दहेज न मिलने पर उसे भूखा रखा गया, मारपीट की गई, गर्म पानी से जलाया गया और उसके बाल भी काट दिए गए.

Advertisement
महिला का अस्पताल में चल रहा है इलाज.  (Photo: Representational ) महिला का अस्पताल में चल रहा है इलाज. (Photo: Representational )

aajtak.in

  • ठाणे,
  • 17 जून 2026,
  • अपडेटेड 10:08 AM IST

महाराष्ट्र के ठाणे जिले से दहेज उत्पीड़न और क्रूरता का एक बेहद चौंकाने वाला मामला सामने आया है. जहां पुलिस ने एक व्यक्ति और उसके परिवार के तीन सदस्यों को गिरफ्तार किया है. आरोप है कि 26 वर्षीय गर्भवती महिला को दहेज की मांग को लेकर न केवल शारीरिक और मानसिक रूप से प्रताड़ित किया गया, बल्कि उसके साथ अमानवीय व्यवहार भी किया गया.

Advertisement

पुलिस के अनुसार पीड़िता की शादी पिछले वर्ष आरोपी युवक से हुई थी. शादी के कुछ ही समय बाद से उसके ससुराल वालों ने दहेज की मांग शुरू कर दी. जब महिला ने दहेज लाने में असमर्थता जताई तो उसके साथ मारपीट, दुर्व्यवहार और उत्पीड़न का सिलसिला शुरू हो गया. आरोप है कि ससुराल पक्ष के लोगों ने उसे कई बार भूखा रखा और लगातार मानसिक दबाव बनाया.

मामला यहीं नहीं रुका. पीड़िता के गर्भवती होने के बाद भी उसके साथ क्रूरता जारी रही. आरोप है कि ससुराल वालों ने उसके हाथों पर गर्म पानी डालकर उसे जलाया और जबरन उसके बाल भी काट दिए. यह पूरी घटना ठाणे के कल्याण स्थित वालधुनी इलाके की बताई जा रही है. इस अमानवीय व्यवहार के चलते महिला बुरी तरह टूट गई और अपनी जान बचाने के लिए वह किसी तरह अपने रिश्तेदार के घर भाग गई.

Advertisement

पीड़िता का जारी है इलाज
इसके बाद उसकी हालत बिगड़ने पर उसे उल्हासनगर के एक अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां उसका इलाज चल रहा है. अस्पताल से मिली सूचना और पीड़िता के बयान के आधार पर पुलिस ने मामले की जांच शुरू की. महात्मा फुले चौक पुलिस स्टेशन के वरिष्ठ निरीक्षक बलिराम परदेशी ने बताया कि पीड़िता की शिकायत के आधार पर पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए उसके पति, सास, ननद और सास की बड़ी बहन को गिरफ्तार कर लिया है.

सभी आरोपियों के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता (BNS) की संबंधित धाराओं के तहत दहेज उत्पीड़न और अन्य गंभीर अपराधों में मामला दर्ज किया गया है. पुलिस मामले की आगे जांच कर रही है और पीड़िता के बयान के आधार पर अन्य पहलुओं को भी खंगाला जा रहा है. इस घटना ने एक बार फिर दहेज प्रथा और घरेलू हिंसा पर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं. 

---- समाप्त ----

Read more!
Advertisement

RECOMMENDED

Advertisement
Latest News in Hindi »