पुणे जिले के लोहगढ़ फोर्ट पर हुई 26 साल के केतन विशाल अग्रवाल की मौत के मामले में लगातार नए खुलासे हो रहे हैं. इस बीच एक सोशल मीडिया पोस्ट भी चर्चा का विषय बन गया है, जिसे कथित तौर पर केतन की मंगेतर सिया गोयल ने उनकी मौत के बाद साझा किया था. पोस्ट में सिया ने केतन के साथ एक वीडियो शेयर करते हुए लिखा था कि वह उन्हें छोड़कर क्यों चले गए और वह अब भी उनके लौटने का इंतजार कर रही हैं. पोस्ट में लिखा गया था, तुम मुझे मेरे जन्मदिन पर छोड़कर चले गए. हमारी शादी होने में अब ज्यादा समय नहीं बचा था. मैं अब तक समझ नहीं पाई कि तुमने मेरे साथ ऐसा क्यों किया. मेरे पास कई सवाल हैं, जिनका जवाब शायद कभी नहीं मिलेगा. मैं तुमसे बहुत प्यार करती थी. शांति से आराम करो. इसके साथ एक हिंदी पंक्ति भी लिखी गई थी, मेरे दिल को पता है कि तू यहीं है. वापस आ जा.
हालांकि, इस पोस्ट के बाद पुलिस जांच में सामने आए तथ्यों ने मामले को नया मोड़ दे दिया. जांच के अनुसार, सिया गोयल का कथित तौर पर चेतन चौधरी नाम के युवक के साथ संबंध था. पुलिस का दावा है कि सिया केतन अग्रवाल से शादी नहीं करना चाहती थी और कथित रूप से चेतन के साथ मिलकर उसने केतन को अपने रिश्ते में बाधा माना. पुलिस जांच में यह भी सामने आया कि 1 जनवरी से जून के बीच सिया गोयल और चेतन चौधरी के बीच 2004 बार बातचीत हुई थी. जांच अधिकारियों के अनुसार, दोनों ने पिछले छह महीनों में करीब 238 घंटे फोन पर बात की थी. कॉल रिकॉर्ड्स ने जांच को नई दिशा दी और दोनों के संपर्कों की गहराई की पड़ताल शुरू हुई.
सिया ने सोशल मीडिया पर साझा किया भावुक संदेश
मामले में एक अहम मोड़ तब आया, जब केतन के अंतिम संस्कार के चार दिन बाद सिया उनके घर पहुंची. परिवार अभी भी गहरे सदमे में था. बातचीत के दौरान केतन की बहन को सिया के कुछ जवाबों पर संदेह हुआ. परिवार की ओर से जताया गया यही शक बाद में पुलिस जांच का महत्वपूर्ण आधार बना. जांच के दौरान पुलिस ने 18 जून की गतिविधियों की भी जांच की. अधिकारियों के मुताबिक, उस दिन चेतन चौधरी का इंटरनेट सुबह 7 बजे से शाम 5 बजकर 40 मिनट तक बंद रहा. पुलिस को यह बात संदिग्ध लगी. जांच में यह भी सामने आया कि वह कथित तौर पर अपना मोबाइल फोन दुकान पर छोड़कर गया था और अपने कर्मचारी का फोन लेकर लोहगढ़ पहुंचा था. पुलिस को शक है कि ऐसा लोकेशन ट्रैकिंग से बचने के लिए किया गया.
पुलिस ने उस दिन चेतन के मोबाइल पर आने वाली कॉल्स की भी जांच की. कई कॉलर्स ने पूछताछ में बताया कि फोन पर खुद चेतन ने बात नहीं की थी, बल्कि उसके कर्मचारियों ने कॉल रिसीव किए थे. इसके बाद पुलिस का संदेह और गहरा हो गया. जांच एजेंसियों का दावा है कि 31 मई को केतन और सिया लोहगढ़ फोर्ट गए थे. इसी दौरान कथित तौर पर हत्या की योजना बनाई गई. पुलिस का कहना है कि बाद में भी योजना को अंजाम देने की कोशिश की गई. जांच में यह भी सामने आया कि एक ट्रेक के दौरान केतन को डराकर घाटी की ओर धकेलने की कथित कोशिश की गई थी, लेकिन वह प्रयास सफल नहीं हुआ.
सिया और चेतन को सात दिन की पुलिस हिरासत में भेजा
बता दें, आरोपी सिया गोयल और चेतन चौधरी को वडगांव कोर्ट ने 29 जून तक सात दिन की पुलिस हिरासत में भेज दिया है. मामले की आगे की जांच के लिए लोनावला ग्रामीण पुलिस ने दोनों आरोपियों की पुलिस कस्टडी मांगी थी. सुनवाई के बाद अदालत ने पुलिस की मांग स्वीकार करते हुए दोनों को सात दिन के लिए पुलिस हिरासत में रखने का आदेश दिया.
पुलिस के अनुसार, कथित तौर पर हत्या की दो बार कोशिश की गई. जांच में यह भी सामने आया कि मंगेतर सिया गोयल ने अपने जन्मदिन और घूमने-फिरने के बहाने केतन को लोहगढ़ बुलाया था. केतन की मौत के बाद सिया ने सोशल मीडिया पर एक भावुक पोस्ट भी साझा की, जो अब जांच के केंद्र में है.
परिवार का कहना है कि शादी की तैयारियां चल रही थीं और 25 नवंबर को दोनों की शादी होने वाली थी. केतन के पिता ने बताया कि फरवरी में दोनों की सगाई हुई थी. उन्होंने कहा कि यदि सिया शादी नहीं करना चाहती थी, तो वह साफ मना कर सकती थी. परिवार के अनुसार, शादी रद्द कर दी जाती, लेकिन किसी की जान लेने का फैसला समझ से परे है.
केतन के पिता ने यह भी बताया कि शादी से पहले दोनों का बाली जाने का कार्यक्रम था. परिवार के अनुसार, टूर की तैयारी पूरी हो चुकी थी, लेकिन बाद में पासपोर्ट से जुड़ी समस्या के कारण यह यात्रा रद्द हो गई. परिवार ने यह भी कहा कि केतन ने सिया के जन्मदिन के लिए महाबलेश्वर के एक रिसॉर्ट में कार्यक्रम की तैयारी की थी और कई कमरे बुक कराए थे.
परिवार ने आरोपियों के लिए फांसी की सजा की मांग की
वहीं, केतन की मां ने कहा कि उन्हें कभी सिया पर शक नहीं हुआ. वह कई बार परिवार के साथ घूमी, खरीदारी की और खाने पर भी गई, लेकिन किसी को अंदाजा नहीं था कि मामला इस मोड़ तक पहुंच जाएगा. उन्होंने भी दोषियों के लिए कड़ी सजा की मांग की है. फिलहाल पुणे ग्रामीण पुलिस ने सिया गोयल और चेतन चौधरी को गिरफ्तार कर लिया है. दोनों को अदालत में पेश किया गया है. पुलिस का कहना है कि जांच जारी है और मामले से जुड़े सभी पहलुओं की पड़ताल की जा रही है.
ओमकार