महाराष्ट्र के प्रसिद्ध पंढरपुर तीर्थ स्थल जा रहा श्रद्धालुओं का एक समूह हादसे का शिकार हो गया. एक तेज रफ्तार कार इन्हें कुचलते हुए आगे निकल गई. हादसे में 5 महिलाओं और एक बच्चे समेत 7 श्रद्धालुओं की मौत हो गई. वहीं, गंभीर रूप से घायल 7 लोगों का अस्पताल में इलाज चल रहा है. मौके पर पहुंचे पुलिस अधिकारियों ने कार के ड्राइवर को हिरासत में लेकर मामले की जांच शुरू कर दी है.
पुलिस के मुताबिक हादसा शाम 7 बजे के आसपास हुआ. हादसे का शिकार हुए श्रद्धालु कार्तिकी यात्रा के लिए पैदल जठरवाड़ी से पंढरपुर जा रहे थे. यात्रा के लिए 32 लोग एक समूह में निकले थे. ये सभी श्रद्धालु सोलापुर के सांगोला तालुका के जूनोनी पहुंचे ही थे कि सामने से आ रही तेज रफ्तार टाटा नेक्सॉन कार सीधे श्रद्धालुओं में घुस गई. कार की चपेट में कुल 14 लोग आए, जिनमें से 7 ने दम तोड़ दिया.
शव पोस्टमार्टम के लिए भेजे
पुलिस के मुताबिक घटना की सूचना मिलते ही सांगोला थाने के पुलिस निरीक्षक अनंत कुलकर्णी मौके पर पहुंचे और घायलों को इलाज के लिए भेजा. मृत श्रद्धालुओं का पोस्टमार्टम किया जा रहा है. आरोपी कार ड्राइवर सांगोला तालुका के सोनंद गांव का रहने वाला है.
सीएम ने किया मुआवजे का ऐलान
हादसे पर मुख्यमंत्री एकनाथ शिंदे ने दुख जताया है. उन्होंने दुर्घटना में मारे गए लोगों के परिवारों को पांच-पांच लाख रुपए की तत्काल राहत देने की भी घोषणा की है. सीएम ने दुर्घटना की तत्काल जांच के निर्देश भी दिए हैं.
ट्रक ने मारी थी ऑटो को टक्कर
हाल ही में महाराष्ट्र के जालना शहर में 17 अक्टूबर को भीषण सड़क हादसा हुआ था. यहां ट्रक ने ऑटो रिक्शा में टक्कर मार दी थी. घटना में 5 लोगों की मौत हो गई थी. हादसा महाराष्ट्र के जालना के भोकरधान जाफराबाद रास्ते पर मोहरा गांव के करीब हुआ था. सामने से आ रहे ऑटो रिक्शा से ट्रक टकरा गया था.
इससे पहले महाराष्ट्र के पुणे में 16 अक्टूबर को ऐसा ही भीषण हादसा सामने आया था, जिसमें 8 लोग गंभीर रूप से घायल हो गए थे. यहां एक तेज रफ्तार बस ने सात वाहनों को जोरदार टक्कर मार दी थी. इससे कारों में सवार आठ लोग गंभीर रूप से घायल हो गए थे.
घटना की जानकारी के बाद मौके पर पहुंची पुलिस ने जायजा लेकर घायलों को इलाज के लिए अस्पताल भेजा था. हादसा पुणे के चांदनी चौक इलाके के पास हुआ था. यहां एक हाइवे पर एक बस सवारियों को लेकर जा रही थी, उसी दौरान रोड पर जा रही 7 कारों को बस ने टक्कर मार दी थी.
(रिपोर्ट: नितिन शिंदे)
नितिन शिंदे