पुणे से एक चौंकाने वाली वारदात सामने आई है, जहां आस्था की आड़ में एक शातिर चोर ने मंदिर को ही निशाना बना दिया. चिंचवड़ स्थित भगवान श्री आदेश्वर शंकेश्वर पार्श्वनाथ जैन मंदिर में पुजारी की वेशभूषा में पहुंचे एक आरोपी ने करीब एक किलो वज़न का चांदी का मुकुट चोरी कर लिया. चोरी गए मुकुट की कीमत लगभग ढाई लाख रुपये बताई जा रही है.
घटना मंदिर में लगे सीसीटीवी कैमरों में कैद हो गई. फुटेज में दिखाई देता है कि आरोपी पहले पुजारी का भेष धारण कर मंदिर के गर्भगृह में प्रवेश करता है. वह मुकुट को कपड़े से ढकता है, हाथ जोड़कर दर्शन करता है और बाहर निकल जाता है. कुछ समय बाद वह दोबारा अंदर आता है और मौका पाकर चांदी का मुकुट लेकर फरार हो जाता है.
मंदिर प्रबंधन को जब मुकुट गायब होने की जानकारी मिली तो पुलिस को सूचित किया गया. मामले की गंभीरता को देखते हुए पिंपरी-चिंचवड़ क्राइम ब्रांच यूनिट-1 ने जांच शुरू की. सीसीटीवी फुटेज के आधार पर आरोपी की पहचान की गई और महज 48 घंटे के भीतर उसे गिरफ्तार कर लिया गया.
चोर की हुई पहचान, पुलिस कर रही पूछताछ
पुलिस के मुताबिक गिरफ्तार आरोपी की पहचान नरेश अगरचंद जैन के रूप में हुई है. बताया जा रहा है कि आरोपी के खिलाफ पहले से करीब 12 आपराधिक मामले दर्ज हैं. पुलिस उससे पूछताछ कर रही है और यह भी जांच की जा रही है कि उसने पहले भी इस तरह की वारदातों को अंजाम दिया है या नहीं.
आस्था से जुड़े इस मामले ने लोगों को हैरान कर दिया है. हालांकि, पुलिस की त्वरित कार्रवाई से चोरी का खुलासा होने पर राहत की भावना भी देखी जा रही है. पुलिस का कहना है कि मंदिरों और धार्मिक स्थलों की सुरक्षा को लेकर अतिरिक्त सतर्कता बरती जा रही है, ताकि भविष्य में इस तरह की घटनाएं दोबारा न हों.
श्रीकृष्ण पांचाल