अमरावती के परतवाड़ा में सामने आए बहुचर्चित सेक्स स्कैंडल मामले में पुलिस विभाग के अंदर बड़ी कार्रवाई की गई है. मुख्य आरोपी अयान अहमद के बर्थडे वीडियो के वायरल होने के बाद एक अधिकारी समेत तीन पुलिसकर्मियों को निलंबित कर दिया गया है. इससे पहले इन्हीं तीनों को कंट्रोल अटैच किया गया था.
इस मामले की जांच SIT द्वारा तेजी से की जा रही है. जांच के दौरान पुलिस की टीम किराए के फ्लैट, कैफे और डैम तक पहुंची है, जहां आरोपी के कथित संपर्क और गतिविधियों की जांच की जा रही है. साथ ही सोशल मीडिया पर 41 अकाउंट डिलीट किए गए हैं, जिनसे पीड़िताओं के फोटो और वीडियो वायरल किए गए थे.
जांच में सामने आया है कि आरोपी अयान अहमद पीड़ित लड़कियों को अमरावती के कठोरा रोड स्थित किराए के फ्लैट में ले जाकर उनका शोषण करता था. पुलिस ने इस फ्लैट का पंचनामा किया है और फ्लैट मालिक से भी पूछताछ की जा रही है.
बर्थडे वीडियो वायरल होने के बाद पुलिसकर्मियों पर गिरी गाज
पुलिस ने उन सभी स्थानों की भी जांच की है, जहां आरोपी पीड़िताओं से मिलता था. इनमें कैफे रॉयल 10, अचलपुर का कैफे फ्रेंड्स टाउन और परतवाड़ा का बंद हो चुका कैफे सोशल जंक्शन शामिल हैं. इसके अलावा वझ्झर डैम के गार्डन में भी जांच की गई है, जहां एक पीड़िता से मिलने की पुष्टि हुई है.
मामले में अब तक 10 लोगों से पूछताछ की गई है, हालांकि अभी किसी की गिरफ्तारी नहीं हुई है. SIT की टीम लगातार जांच कर रही है और आगे और खुलासे होने की संभावना जताई जा रही है. पीड़िताओं की पहचान गोपनीय रखते हुए उनसे आगे आने की अपील की गई है.
SIT जांच में किराए के फ्लैट, कैफे और डैम तक पहुंची टीम
राष्ट्रीय महिला आयोग ने भी इस मामले का संज्ञान लिया है और वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के जरिए समीक्षा की है. पुलिस प्रशासन का कहना है कि बर्थडे वीडियो में पुलिसकर्मियों की मौजूदगी सामने आने के बाद तुरंत कार्रवाई की गई ताकि जांच की पारदर्शिता और जनता का विश्वास बनाए रखा जा सके.
धनंजय साबले