'मैं तुमसे प्यार करता हूं, शादी करना चाहता हूं', युवती के इनकार के बाद गर्दन पर चाकू से किए कई वार

मैं तुम्हें बहुत पसंद करता हूं, मैं तुमसे शादी करूंगा, तुम मेरे साथ आओ. युवती ने युवक को मना कर दिया. गुस्से में आरोपी जिग्नेश ने धारदार चाकू से युवती की गर्दन पर वार कर दिया और मौके से फरार हो गया. युवती को डोंबिवली के एक अस्पताल में भर्ती कराया गया. बाद में ठाणे के छत्रपति शिवाजी महाराज सरकारी अस्पताल रेफर कर दिया.

Advertisement
(प्रतीकात्मक फोटो) (प्रतीकात्मक फोटो)

मिथिलेश गुप्ता

  • डोंबिवली ,
  • 17 अप्रैल 2023,
  • अपडेटेड 7:03 PM IST

मुंबई से सटे डोंबिवली में एक युवक ने 25 साल की युवती को शादी के लिए प्रपोज किया. युवती ने उसके प्रस्ताव को ठुकरा दिया. इससे गुस्साए युवक ने युवती की गर्दन पर चाकू से वार कर हत्या का प्रयास किया. हमले में युवती गंभीर रूप से घायल हो गई और उसे इलाज के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया.

पीड़िता की शिकायत पर पुलिस ने हत्या के प्रयास का मामला दर्ज कर आरोपी की तलाश शुरू कर दी है. इस घटना के सामने आने के बाद इलाके में हड़कंप मचा हुआ है. पुलिस आरोपी को पकड़ने के लिए जगह-जगह छापेमारी कर रही है. पुलिस ने बताया कि आरोपी युवती का दोस्त है और उससे एकतरफा प्रेम करता था.

Advertisement

प्रपोजल ठुकराने के बाद युवती पर चाकू से हमला

14 अप्रैल की रात युवती घर पर अकेले थी और शांतिनगर इलाके में वेद ओमशांति सोसाइटी के सामने सड़क पर टहलने आई. इस दौरान आरोपी जिग्नेश ने उसे रास्ते में रोका और कहने लगा कि  "मैं तुम्हें बहुत पसंद करता हूं, मैं तुमसे शादी करूंगा, तुम मेरे साथ आओ".

मगर, युवती ने उसे मना कर दिया. गुस्से में आरोपी जिग्नेश ने धारदार चाकू से युवती की गर्दन पर वार कर दिया और मौके से फरार हो गया.

आरोपी को पकड़ने की कोशिश में जुटी पुलिस

युवती ने लहूलुहान हालत में पुलिस को फोन कर मामले की सूचना दी. तिलकनगर पुलिस मौके पर पहुंची और पंचनामा करने के बाद गंभीर रूप से घायल युवती को डोंबिवली के एक अस्पताल में भर्ती कराया गया. मगर, उसकी गंभीर हालत को देखते हुए ठाणे के छत्रपति शिवाजी महाराज सरकारी अस्पताल में भर्ती कराया गया.

Advertisement

फिलहाल, हॉस्पिटल में उसका इलाज चल रहा है और उसकी हालत स्थिर बताई जा रही है. घटना 14 अप्रैल की है और आरोपी अभी फरार है. पुलिस उसके पकड़ने के प्रयास में जुटी है. 

Read more!
Advertisement

RECOMMENDED

Advertisement
Latest News in Hindi »