नासिक के केमिकल प्लांट में ब्लास्ट के बाद लगी भीषण आग, एक की मौत, 17 घायल, रेस्क्यू जारी

महाराष्ट्र के नासिक के इगतपुरी मुंडे गांव की कंपनी में ब्लास्ट के बाद भीषण आग लग गई. इसमें एक महिला की मौत हो गई, वहीं 17 लोग घायल हो गए हैं. घायलों को अस्पताल में भर्ती कराया गया है. इस घटना के बाद महाराष्ट्र के मुख्यमंत्री एकनाथ शिंदे अस्पताल पहुंचे और पीड़ितों से मिले.

Advertisement
नासिक के केमिकल प्लांट में लगी भीषण आग. नासिक के केमिकल प्लांट में लगी भीषण आग.

aajtak.in

  • नासिक,
  • 01 जनवरी 2023,
  • अपडेटेड 7:13 PM IST

महाराष्ट्र के नासिक जिले में आज रविवार को एक केमिकल प्लांट के बॉयलर में ब्लास्ट हो गया. इसके बाद भीषण आग लग गई, जिसमें एक व्यक्ति की मौत हो गई है. वहीं 17 लोग घायल हो गए, जिनमें से चार की हालत गंभीर बताई जा रही है.

जानकारी के अनुसार, इगतपुरी में मुंबई-आगरा हाईवे के किनारे मुंढेगांव स्थित जिंदल पॉली फिल्म्स फैक्ट्री में ब्लास्ट हुआ. यह ब्लास्ट इतना जोरदार था कि इसकी आवाज आसपास के गांवों में भी सुनाई दी. आग की लपटें और धुआं दूर तक दिखाई दिया.

Advertisement

वहीं डिप्टी सीएम देवेंद्र फडणवीस ने कहा कि अब तक 19 लोगों को बचा लिया गया है. उनमें से 17 को इलाज के लिए एक निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया है. उन्होंने कहा कि चार लोगों की हालत गंभीर है, जबकि एक की मौत हो गई है.

बता दें कि मुंढेगांव नासिक से लगभग 30 किमी और मुंबई से 130 किमी दूर स्थित है. फायर ब्रिगेड, पुलिस और आपदा टीम मौके पर हैं. अधिकारियों ने कहा कि आग बुझाने के साथ-साथ बचाव अभियान चलाया जा रहा है.

हादसे को लेकर क्या बोले मुख्यमंत्री एकनाथ शिंदे

इस घटना को लेकर महाराष्ट्र के मुख्यमंत्री एकनाथ शिंदे ने ट्वीट किया कि जिंदल कारखाने में लगी भीषण आग में कुछ मजदूर अभी भी फंसे हुए हैं और फायर ब्रिगेड बचाव अभियान चला रही है.

Advertisement

औरंगाबाद में सीएम शिंदे ने कहा कि देवलाली (नासिक जिले में) में एयर फोर्स इस रेस्क्यू ऑपरेशन के लिए एक हेलीकॉप्टर उपलब्ध कराएगी. घटना को लेकर एक वरिष्ठ अधिकारी ने कहा कि नए साल का पहला दिन होने के कारण कारखाने में कर्मचारी कम थे. सुबह करीब 11.30 बजे जब यह घटना हुई, उस समय कुछ कर्मचारी केमिकल यूनिट के परिसर में मौजूद थे.

सीएम बोले- बचाव कार्य जारी है, जो भी जरूरत होगी, वह करेंगे

सीएम शिंदे ने कहा कि 11 घायलों को नासिक शहर के सुयश अस्पताल में भर्ती कराया गया है. उन्होंने कहा कि यह एक स्वचालित संयंत्र था. बचाव कार्यों के लिए जो भी जरूरत होगी, वह रास्ता निकाला जाएगा. अधिकारी, जिला कलेक्टर और पुलिस अधीक्षक मौके पर हैं. वहीं इस घटना को लेकर सीएम ने ट्वीट कर कहा है कि मैं घायलों के शीघ्र स्वस्थ होने की प्रार्थना करता हूं.

नए साल की वजह से प्लांट में काम पर पहुंचे थे कम लोग

संभागीय राजस्व आयुक्त राधाकृष्ण ने बताया कि आमतौर पर प्लांट में 20 से 25 लोग काम करते हैं, लेकिन नए साल का पहला दिन था, इसलिए रविवार को संख्या कम थी. परिसर में बड़ी घास उगी हुई है और ज्वलनशील पदार्थ हर जगह पड़ा है. इसलिए पहला उद्देश्य आग पर काबू पाना है. आग लगने के सही कारण का अभी पता नहीं चल पाया है. इसकी जांच की जा रही है.

Advertisement

केंद्रीय स्वास्थ्य राज्य मंत्री भारती पवार ने कहा कि बचाव टीमें रेस्क्यू ऑपरेशन में जुटी हैं. नासिक मंत्री ने कहा कि एसडीआरएफ के जवान घटनास्थल पर पहुंच गए हैं. विभिन्न अस्पतालों में 100 बेड तैयार रखे गए हैं. नासिक के पालक मंत्री दादा भुसे ने कहा कि सीएम शिंदे स्थिति का जायजा लेने के लिए घटनास्थल का दौरा कर सकते हैं.

(एजेंसी)

Read more!
Advertisement

RECOMMENDED

Advertisement
Latest News in Hindi »