मुंबई के गोरेगांव पूर्व इलाके से एक चौंकाने वाला मामला सामने आया है, जिसमें एक होटल में रोटी पर थूक लगाकर ग्राहकों को परोसने का आरोप लगा है. इस घटना का वीडियो सामने आने के बाद इलाके में हड़कंप मच गया और लोगों में भारी नाराजगी देखी गई. यह मामला गोरेगांव पूर्व के संतोषनगर स्थित फिश कोलीवाडा होटल का बताया जा रहा है.
शिकायतकर्ता 48 वर्षीय दीपक दत्ताराम पवार ने पुलिस को दिए बयान में कहा कि वह 23 मई 2026 की रात खाना खाने के लिए होटल पहुंचे थे. पहले वह एक अन्य होटल गए थे, लेकिन भीड़ अधिक होने के कारण वह वहां से फिश कोलीवाडा होटल आ गए. युवक के अनुसार होटल के अंदर उन्होंने देखा कि रोटी बनाने वाला कर्मचारी हर रोटी पर थूक लगाकर उसे भट्टी में सेक रहा था. यह देखकर वह काफी देर तक वहां खड़े रहे और पूरी घटना को देखते रहे. इसके बाद उन्होंने अपने मोबाइल फोन से इसका वीडियो रिकॉर्ड कर लिया.
होटल मालिक फैय्याज अहमद शेख पर भी लगे गंभीर आरोप
दीपक पवार ने बताया कि वीडियो उन्होंने आसपास के कुछ लोगों को भी दिखाया. वीडियो देखने के बाद लोगों में नाराजगी फैल गई. इसके बाद 25 मई की रात स्थानीय लोगों ने पुलिस कंट्रोल रूम को सूचना दी. सूचना मिलने के बाद पुलिस मौके पर पहुंची और होटल में काम करने वाले कर्मचारी को हिरासत में ले लिया. आरोपी की पहचान 53 वर्षीय कौशार गफार शेख के रूप में हुई है, जो मूल रूप से उत्तर प्रदेश के बलिया जिले का रहने वाला बताया जा रहा है.
पुलिस पूछताछ में आरोप है कि कर्मचारी जानबूझकर रोटी पर थूक लगाकर ग्राहकों को परोस रहा था, जिससे लोगों के स्वास्थ्य पर गंभीर खतरा पैदा हो सकता था. इस मामले में होटल मालिक फैय्याज अहमद शेख पर भी गंभीर आरोप लगाए गए हैं. स्थानीय लोगों का कहना है कि इस तरह की गतिविधियों की जानकारी होने के बावजूद होटल में खाना परोसा जाता रहा. लोगों ने इसे स्वास्थ्य से खिलवाड़ बताते हुए सख्त कार्रवाई की मांग की है.
पुलिस ने वीडियो की सत्यता की जांच शुरू की
घटना का वीडियो सामने आने के बाद इलाके में आक्रोश फैल गया है. कई लोगों ने होटलों और खाने-पीने की दुकानों पर नियमित जांच और सख्त निगरानी की मांग की है. पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है. इसके साथ ही वीडियो की सत्यता की भी जांच की जा रही है. पुलिस का कहना है कि जांच के बाद आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी.
aajtak.in