मुंबई में साइबर ठगी का एक मामला सामने आया है, जहां सोशल मीडिया पर एक अश्लील लिंक पर क्लिक करने के बाद एक युवक के बैंक खाते से 70 हजार रुपये निकाल लिए गए. यह घटना 32 वर्षीय व्यक्ति के साथ हुई है, जिसने बाद में पुलिस में शिकायत दर्ज कराई. पुलिस के अनुसार पीड़ित अपने मोबाइल फोन पर सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म ब्राउज कर रहा था, तभी उसे फेसबुक पर एक पेज दिखाई दिया जिसमें महिलाओं की अश्लील तस्वीरें मौजूद थीं. जब उसने उन तस्वीरों में से एक पर क्लिक किया तो उसके मोबाइल फोन में तकनीकी गड़बड़ी शुरू हो गई.
बताया गया है कि लिंक पर क्लिक करते ही उसका फोन ओवरहीट होने लगा और कुछ ही देर में हैकर्स ने उसके मोबाइल को अपने नियंत्रण में ले लिया. इसके बाद उसके बैंक खाते से बिना अनुमति कई ऑनलाइन ट्रांजेक्शन किए गए. कुछ ही समय में पीड़ित को बैंक की तरफ से मैसेज मिला, जिसमें बताया गया कि उसके खाते से 70 हजार रुपये डेबिट हो चुके हैं. यह देखकर वह हैरान रह गया और तुरंत समझ गया कि वह साइबर ठगी का शिकार हो गया है.
फेसबुक पर अश्लील फोटो वाला लिंक बना ठगी का जाल
घटना के बाद पीड़ित ने राष्ट्रीय साइबर क्राइम रिपोर्टिंग पोर्टल पर ऑनलाइन शिकायत दर्ज कराई. इसके बाद उसने साकीनाका पुलिस स्टेशन में भी शिकायत दी. साकीनाका पुलिस ने अज्ञात व्यक्ति के खिलाफ धोखाधड़ी और आईटी एक्ट के तहत मामला दर्ज कर लिया है.
साकीनाका पुलिस ने IT एक्ट के तहत दर्ज किया मामला
पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है और यह पता लगाने की कोशिश की जा रही है कि इस साइबर ठगी के पीछे कौन लोग शामिल हैं. पुलिस अधिकारी ने बताया कि प्रारंभिक जांच जारी है और तकनीकी साक्ष्यों के आधार पर आरोपियों तक पहुंचने का प्रयास किया जा रहा है.
aajtak.in