5वीं में पढ़ने वाली छात्रा पर एसिड अटैक, स्कूल से आते हुए बाइक सवार ने दिया वारदात को अंजाम

महाराष्ट्र के अहिल्यानगर जिले से एक बेहद संवेदनशील और झकझोर देने वाली घटना सामने आई है, जहां स्कूल से घर लौट रही 5वीं की छात्रा पर अज्ञात हमलावर ने तेजाब फेंक दिया. गंभीर रूप से घायल बच्ची का इलाज जारी है.

Advertisement
6 साल की मासूम पर एसिड अटैक (Photo: itg) 6 साल की मासूम पर एसिड अटैक (Photo: itg)

अभिजीत करंडे

  • अहिल्यानगर,
  • 18 मार्च 2026,
  • अपडेटेड 7:40 PM IST

महाराष्ट्र के अहिल्यानगर जिले के वडगांव पान गांव में 5वीं में पढ़ने वाली छात्रा पर तेजाब से हमला किए जाने की घटना ने पूरे इलाके को झकझोर कर रख दिया है. यह वारदात उस समय हुई जब बच्ची स्कूल से घर लौट रही थी. हमले के बाद आरोपी मौके से फरार हो गया और पुलिस उसकी तलाश में जुट गई है.

जानकारी के अनुसार, घटना मंगलवार दोपहर की है. बच्ची अपने स्कूल से घर की ओर जा रही थी, तभी बाइक सवार एक अज्ञात व्यक्ति ने उसे रास्ते में रोक लिया. बताया जा रहा है कि हमलावर ने पहले उससे किसी पते के बारे में पूछने का बहाना किया और जैसे ही बच्ची रुकी, उसने उसके चेहरे पर तेजाब जैसा पदार्थ फेंक दिया. अचानक हुए इस हमले से बच्ची बुरी तरह झुलस गई.

Advertisement

हमले के बाद बच्ची किसी तरह भागकर वापस अपने स्कूल पहुंची, जहां शिक्षकों ने तुरंत स्थिति को समझते हुए उसे प्राथमिक उपचार दिया और फिर लोणी के सरकारी अस्पताल में भर्ती कराया. फिलहाल बच्ची का इलाज जारी है और डॉक्टरों के अनुसार उसकी हालत स्थिर बताई जा रही है.


इस मामले में संगमनेर पुलिस थाने में अज्ञात आरोपी के खिलाफ मामला दर्ज किया गया है. पुलिस आसपास के इलाकों में लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाल रही है, ताकि आरोपी की पहचान की जा सके. अधिकारियों का कहना है कि जल्द ही आरोपी को पकड़ लिया जाएगा.

घटना के बाद गांव में भारी आक्रोश देखने को मिला. गुस्साए ग्रामीणों ने लोणी-संगमनेर रोड पर जाम लगाकर विरोध प्रदर्शन किया और आरोपियों की जल्द गिरफ्तारी की मांग की. लोगों का कहना है कि इस तरह की घटना ने सुरक्षा व्यवस्था पर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं.

Advertisement

इस मामले की गूंज राज्य की राजनीति तक भी पहुंच गई है और विधानसभा सत्र में भी इसे लेकर चर्चा होने की संभावना जताई जा रही है. फिलहाल पुलिस हर पहलू से जांच कर रही है और आरोपी की तलाश तेज कर दी गई है.

Input: रोहित प्रहलाद
 

---- समाप्त ----

Read more!
Advertisement

RECOMMENDED

Advertisement