महाराष्ट्र के जालना में सोमवार सुबह पूर्व केंद्रीय मंत्री और वरिष्ठ बीजेपी नेता रावसाहेब दानवे के आवास पर अज्ञात चोरों ने चोरी की कोशिश की. पुलिस के मुताबिक, चोरों ने बंगले में घुसने के लिए रसोईघर का दरवाजा तोड़ दिया था. हालांकि, वो वहां से कोई भी कीमती सामान चुराए बिना ही फरार हो गए.
FIR के मुताबिक, विट्ठल बरकासे पिछले 23 सालों से जालना के शिक्षक कॉलोनी इलाके में स्थित दानवे के बंगले पर केयरटेकर के रूप में काम कर रहे हैं.
28 जून की शाम को पूर्व केंद्रीय मंत्री रावसाहेब दानवे अपने आवास से बाहर गए थे. उनके जाने के बाद, केयरटेकर विट्ठल बरकासे ने अपनी रोजाना की सफाई का काम पूरा किया. इसके बाद उन्होंने शाम करीब 7 बजे मेन गेट और मेन एंट्री गेट पर ताला लगा दिया और अपने घर लौट गए.
सुबह काम पर आने पर खुला मिला दरवाजा
29 जून की सुबह करीब 8:15 बजे जब विट्ठल बरकासे दोबारा काम पर पहुंचे, तो उनके होश उड़ गए. उन्होंने देखा कि रसोईघर का दरवाजा खुला हुआ था. चोरों ने अंदर घुसने के लिए दरवाजे के लॉक की लोहे की क्लिप को तोड़ दिया था. फर्श पर लकड़ी का बुरादा और छिलके बिखरे हुए थे. इससे साफ पता चल रहा था कि चोरों ने जबरन अंदर घुसने की कोशिश की थी.
केयरटेकर ने तुरंत मामले की जानकारी रावसाहेब दानवे और उनके निजी सहायक को दी. इसके बाद तुरंत स्थानीय पुलिस को मामले की सूचना दी गई और पुलिस टीम मौके पर पहुंची.
सामान सुरक्षित, पुलिस जांच में जुटी
पुलिस अधिकारियों ने मौके पर पहुंचकर पूरे बंगले का निरीक्षण किया. जांच के बाद पुलिस ने बताया कि बंगले से कोई भी कीमती सामान या घर का कोई दूसरा सामना चोरी नहीं हुआ है और न ही सामान के साथ कोई छेड़छाड़ की गई है. चोर किस वजह से बिना सामान लिए भागे, इसकी जांच की जा रही है.
यह भी पढ़ें: भोपाल जेल में बंद पूर्व जज गिरिबाला सिंह के घर चोरी की कोशिश, अभी तक नहीं मिला चोरों का सुराग
इस मामले में जालना के सदर बाजार थाने में अज्ञात लोगों के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया गया है. पुलिस अधिकारी ने बताया कि मामले की आगे की जांच जारी है और आसपास के सुरागों को खंगाला जा रहा है.
aajtak.in