पुणे के चर्चित केतन अग्रवाल हत्याकांड में हर दिन नए दावे सामने आ रहे हैं. अब आरोपी सिया गोयल की मां पूजा गोयल के बयान ने मामले को नया मोड़ दे दिया है. उन्होंने दावा किया कि दोनों परिवार शादी की तैयारियों में पूरी तरह जुटे हुए थे. उदयपुर के अनंता रिजॉर्ट को शादी के लिए बुक किया गया था, जिसका किराया करीब 3 करोड़ रुपये था, जबकि पूरी शादी पर लगभग 5 करोड़ रुपये खर्च होने थे. ऐसे में परिवार का कहना है कि जिस शादी को लेकर दोनों परिवार इतने उत्साहित थे, उसी से पहले हुई यह घटना कई सवाल खड़े करती है.
5 करोड़ की शादी की थी तैयारी
पूजा गोयल ने कहा कि केतन और सिया की शादी को लेकर दोनों परिवारों में काफी उत्साह था. उन्होंने बताया कि शादी के लिए उदयपुर स्थित अनंता रिजॉर्ट बुक किया गया था. रिजॉर्ट की बुकिंग पर करीब 3 करोड़ रुपये खर्च होने थे और पूरी शादी का बजट लगभग 5 करोड़ रुपये रखा गया था. उन्होंने कहा कि दोनों परिवार इस रिश्ते को लेकर बेहद खुश थे. केतन का परिवार सिया को बहुत स्नेह देता था. उसके जन्मदिन के लिए भी कई कार्यक्रम आयोजित किए गए थे. शादी की तैयारियां लगातार चल रही थीं और परिवार को कभी ऐसा महसूस नहीं हुआ कि सिया इस रिश्ते से असंतुष्ट है.
'गलती हो तो मेरी बेटी को भी सबसे कड़ी सजा मिले'
पूजा गोयल ने कहा कि अगर इस मामले में कोई भी दोषी पाया जाता है तो उसे सबसे कड़ी सजा मिलनी चाहिए. उन्होंने कहा कि यदि जांच में उनकी बेटी सिया गोयल दोषी साबित होती है तो उसे भी वही सजा मिलनी चाहिए जो कानून उचित समझे. उन्होंने कहा कि अगर सिया दोषी है तो उसे भी उसी जगह से फेंक देना चाहिए जहां से केतन को फेंका गया था. हालांकि उन्होंने यह भी कहा कि उन्हें अब भी विश्वास नहीं है कि उनकी बेटी इस तरह की किसी साजिश में शामिल हो सकती है. लेकिन उन्होंने साफ कहा कि अंतिम फैसला जांच के तथ्यों के आधार पर होना चाहिए.
'हमें चेतन के बारे में कुछ नहीं पता था'
पूजा गोयल ने कहा कि परिवार को चेतन चौधरी के बारे में कोई जानकारी नहीं थी. उनके अनुसार सगाई के बाद सिया की बातचीत सिर्फ केतन से होती थी. परिवार को कभी ऐसा महसूस नहीं हुआ कि सिया किसी और व्यक्ति के संपर्क में है या शादी को लेकर किसी तरह की नाराजगी रखती है. उन्होंने कहा कि यदि कभी दोनों के बीच किसी बात को लेकर परेशानी होती थी तो दोनों परिवार बैठकर उस पर चर्चा कर लेते थे. इसलिए उन्हें कभी किसी गंभीर विवाद की आशंका नहीं हुई.
ट्रेक को लेकर भी नया दावा
पूजा गोयल ने घटना से ठीक एक रात पहले हुई बातचीत का भी जिक्र किया. उन्होंने दावा किया कि उस रात सिया और केतन के बीच लोहगढ़ किले पर जाने को लेकर वीडियो कॉल हुई थी. उनके मुताबिक, बातचीत के दौरान जब केतन की मां भी वीडियो कॉल में शामिल हुईं तो सिया ने कहा था कि वह ट्रेक पर नहीं जाना चाहती. लेकिन केतन और उसकी मां उसे जाने के लिए मना रहे थे. पूजा गोयल का दावा है कि यह पूरी बातचीत दोनों के बीच हुई चैट में भी मौजूद है, जिसमें सिया ने ट्रेक पर जाने से इनकार किया था और केतन उसे मना रहा था.
जांच जारी, कई सवाल बाकी
केतन अग्रवाल हत्याकांड की जांच जारी है और पुलिस विभिन्न पहलुओं की पड़ताल कर रही है. इसी बीच आरोपी की मां के बयान ने शादी की तैयारियों, ट्रेक पर जाने की सहमति और दोनों परिवारों के रिश्तों को लेकर नई चर्चा छेड़ दी है. इन दावों की पुष्टि जांच एजेंसियों द्वारा की जानी बाकी है और मामले की सच्चाई जांच पूरी होने के बाद ही स्पष्ट होगी.
ओमकार