CCTV लगाने के नाम पर शिक्षक से मांगी रिश्वत, हेडमास्टर 3 हजार रुपये लेते गिरफ्तार

लातूर में एक सरकारी सहायता प्राप्त स्कूल के हेडमास्टर को रिश्वत लेते हुए रंगे हाथों पकड़ा गया है. एंटी करप्शन ब्यूरो (ACB) की टीम ने उन्हें 3,000 रुपये की रिश्वत लेते समय गिरफ्तार किया. आरोप है कि उन्होंने स्कूल में सीसीटीवी कैमरे लगाने के नाम पर एक शिक्षक से 5,000 रुपये की मांग की थी. मामले में भ्रष्टाचार निरोधक कानून के तहत केस दर्ज किया गया है.

Advertisement

aajtak.in

  • लातूर,
  • 11 मार्च 2026,
  • अपडेटेड 10:48 PM IST

महाराष्ट्र के लातूर जिले में भ्रष्टाचार का एक मामला सामने आया है, जहां एक सरकारी सहायता प्राप्त स्कूल के प्रधानाध्यापक को रिश्वत लेते हुए रंगे हाथों पकड़ा गया. कार्रवाई एंटी करप्शन ब्यूरो (ACB की टीम ने की.

एसीबी अधिकारियों के अनुसार आरोपी प्रधानाध्यापक ने स्कूल में सीसीटीवी कैमरे लगाने के नाम पर एक शिक्षक से रिश्वत की मांग की थी. बताया जा रहा है कि प्रधानाध्यापक ने शिक्षक से कुल 5,000 रुपये की मांग की थी.

Advertisement

शिकायतकर्ता शिक्षक ने बताया कि उसने पहले ही आरोपी को 2,000 रुपये दे दिए थे, लेकिन इसके बाद भी प्रधानाध्यापक शेष 3,000 रुपये देने के लिए लगातार दबाव बना रहा था. आरोप है कि वह शिक्षक के नियमित प्रशासनिक कार्यों में भी बाधा डाल रहा था, जिससे परेशान होकर शिक्षक ने एसीबी से शिकायत कर दी.

3000 की रिश्वत लेते आरोपी हेडमास्टर गिरफ्तार

शिकायत मिलने के बाद एसीबी की टीम ने मामले की जांच की और आरोप सही पाए जाने पर जाल बिछाया. बुधवार सुबह आरोपी प्रधानाध्यापक को उसके कार्यालय में ही 3,000 रुपये की रिश्वत लेते हुए पकड़ लिया गया.

एसीबी अधिकारियों ने बताया कि आरोपी को मौके पर ही हिरासत में ले लिया गया और उसके खिलाफ कानूनी कार्रवाई शुरू कर दी गई है. इस मामले में भ्रष्टाचार निवारण अधिनियम की धारा 7 के तहत मामला दर्ज किया गया है.

Advertisement

अधिकारियों के मुताबिक मामले की आगे की जांच जारी है और यह पता लगाया जा रहा है कि क्या आरोपी पहले भी इस तरह की गतिविधियों में शामिल रहा है.

एसीबी ने लोगों से अपील की है कि यदि किसी सरकारी कर्मचारी द्वारा रिश्वत की मांग की जाती है तो तुरंत इसकी सूचना संबंधित एजेंसियों को दें, ताकि ऐसे मामलों में सख्त कार्रवाई की जा सके.


 

---- समाप्त ----

Read more!
Advertisement

RECOMMENDED

Advertisement
Latest News in Hindi »