पुणे के चर्चित केतन अग्रवाल मौत के मामले में अब विग एंगल सामने आ रहा है. मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस से मुलाकात के बाद केतन के पिता विशाल अग्रवाल ने दावा किया कि शादी तय होने से पहले ही उन्होंने सिया गोयल के परिवार को बता दिया था कि उनका बेटा सिर पर छोटा-सा विग पैच इस्तेमाल करता है. उन्होंने सवाल उठाया कि क्या इतनी सी बात किसी की हत्या की वजह हो सकती है.
इसी के साथ उन्होंने आरोपियों को फांसी की सजा देने की मांग की. विशाल अग्रवाल ने बताया कि मुख्यमंत्री ने मामले की फास्ट ट्रैक सुनवाई का भरोसा दिया है और उन्हें जानकारी दी गई है कि जांच के लिए एसआईटी का गठन किया गया है. पुलिस का आरोप है कि सिया गोयल और चेतन चौधरी ने कथित तौर पर परिवारों की बदनामी के डर से भागने के बजाय हत्या की साजिश रची थी.
मुख्यमंत्री से मुलाकात के बाद विशाल अग्रवाल ने एक और बड़ा दावा किया. उन्होंने कहा कि शादी तय होने से पहले ही उन्होंने सिया गोयल के परिवार को साफ बता दिया था कि केतन सिर पर एक छोटा सा विग पैच इस्तेमाल करता है. उन्होंने सवाल उठाते हुए कहा कि क्या यह किसी की हत्या की वजह हो सकती है. हालांकि अब तक पुलिस ने अपनी जांच में कहीं भी यह नहीं कहा है कि विग या उससे जुड़ी किसी बात का हत्या से संबंध है.
नए बयान के साथ और उलझता जा रहा है केतन की मौत का मामला
विशाल अग्रवाल ने यह भी कहा कि उनकी जानकारी के अनुसार लोहागढ़ ट्रेक पर जाने की इच्छा सिया गोयल की थी. हालांकि इस मामले में सिया की मां पूजा गोयल का दावा अलग है. उनका कहना है कि घटना से एक रात पहले हुई वीडियो कॉल और चैट में सिया ने कहा था कि वह ट्रेक पर नहीं जाना चाहती थी, लेकिन केतन और उसकी मां उसे जाने के लिए मना रहे थे.
सीएम ने दिया फास्ट ट्रैक जांच का भरोसा
इसी बीच जांच भी आगे बढ़ रही है. लोनावला पुलिस ने सिया गोयल के भाई साहिल गोयल को पूछताछ के लिए बुलाया. सूत्रों के अनुसार, उसे सिया और चेतन चौधरी के कथित रिश्ते की जानकारी थी. पुलिस उसका बयान दर्ज कर मामले से जुड़ी और जानकारी जुटा रही है. पुलिस का आरोप है कि सिया गोयल और चेतन चौधरी ने कथित तौर पर भागने के बजाय हत्या की योजना बनाई क्योंकि उन्हें परिवारों की बदनामी का डर था. साथ ही जांच एजेंसी के अनुसार पहले से तय योजना के तहत सिया ने संकेत दिया और उसके बाद चेतन ने केतन अग्रवाल को लोहागढ़ किले की खाई में धक्का दे दिया. फिलहाल मामले की जांच जारी है और कई दावों की पुष्टि जांच के बाद ही हो सकेगी.
ओमकार