सिसोदिया पर शिकंजे के बीच बोले कन्हैया कुमार, विपक्ष का गला घोंटने के लिए CBI का इस्तेमाल किया जा रहा

एक सवाल के जवाब में कन्हैया कुमार ने कहा कि सीबीआई जैसी जांच एजेंसियां देश की रक्षा के लिए हैं, लेकिन वर्तमान में भाजपा के नेतृत्व वाली केंद्र सरकार अपनी कुर्सी बचाने के लिए इसका दुरुपयोग कर रही है.

Advertisement
कांग्रेस नेता कन्हैया कुमार कांग्रेस नेता कन्हैया कुमार

aajtak.in

  • नागपुर,
  • 21 अगस्त 2022,
  • अपडेटेड 8:07 AM IST

दिल्ली में नई आबकारी नीति में भ्रष्टाचार के आरोपों में सीबीआई उपमुख्यमंत्री मनीष सिसोदिया के ठिकानों पर लगातार छापेमारी कर रही है. इसको लेकर भाजपा के साथ-साथ कांग्रेस भी आम आदमी पार्टी पर निशाना साध रही है. पीडीपी नेता महबूबा मुफ्ती ने इसको लेकर कांग्रेस पर निशाना साधा और भाजपा के प्रोपोगैंडा को सपोर्ट करने का आरोप लगाया. इस बीच कांग्रेस नेता कन्हैया कुमार ने शनिवार को केंद्र सरकार पर विपक्ष का गला घोंटने के लिए सीबीआई के दुरुपयोग का आरोप लगाया है. कन्हैया यहां पूर्व प्रधानमंत्री स्वर्गीय राजीव गांधी की जयंती के अवसर पर कांग्रेस द्वारा आयोजित एक समारोह में हिस्सा लेने आए थे.

Advertisement

एक सवाल के जवाब में उन्होंने कहा कि सीबीआई जैसी जांच एजेंसियां देश की रक्षा के लिए हैं, लेकिन वर्तमान में भाजपा के नेतृत्व वाली केंद्र सरकार अपनी कुर्सी बचाने के लिए इसका दुरुपयोग कर रही है. विपक्ष का गला घोंटने के लिए सीबीआई का इस्तेमाल किया जा रहा है. आज सत्ता का केंद्रीकरण हो रहा है.

'इतिहास को मिटाने का प्रयास किया जा रहा है'

उन्होंने कहा कि राष्ट्र निर्माण में कई लोगों के योगदान के इतिहास को मिटाने का प्रयास किया जा रहा है, इसलिए हमारे इतिहास को याद रखना और हमें आजादी कैसे मिली, यह याद रखना ज्यादा जरूरी हो जाता है. प्रधानमंत्री के रूप में राजीव गांधी ने अपनी ही सरकार की आलोचना करने का साहस किया, जब उन्होंने कहा कि दिल्ली से भेजा गया एक रुपया लाभार्थी तक पहुंचने पर घटकर कुछ पैसे रह जाता है.

Advertisement

गडकरी पर भी ली चुटकी

गडकरी को संसदीय बोर्ड से हटाने जाने के सवाल पर चुटकी लेते हुए कांग्रेस नेता ने कहा कि केंद्रीय मंत्री नितिन गडकरी ने अपनी सरकार की आलोचना नहीं की, लेकिन केवल इतना कहा कि वह राजनीति छोड़ना चाहते हैं और अब उन्हें राजनीति छोड़ने के लिए मजबूर किया जा रहा है. 

कन्हैया ने कहा, "आज आप अपने ही प्रधानमंत्री और अपनी चुनी हुई सरकार पर सवाल नहीं उठा सकते. देश की राजनीतिक संस्कृति पहले कभी ऐसी नहीं थी. कांग्रेस के शासन में अटल बिहारी वाजपेयी विपक्ष के नेता हुआ करते थे और फिर भी उन्हें भारत का प्रतिनिधि बनाकर विदेशों में भेजा जाता था."

उन्होंने केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह पर भी कटाक्ष करते हुए कहा कि वह चाणक्य नहीं हैं. असली चाणक्य बिहार में पैदा हुए हैं. महाराष्ट्र में जो हुआ, हमने बिहार में उसका बदला लिया." 

सिसोदिया के इस्तीफे की मांग कर रही कांग्रेस

गौरतलब है कि भ्रष्टाचार के आरोपों में घिरे मनीष सिसोदिया के खिलाफ भाजपा के बाद अब कांग्रेस ने भी मोर्चा खोल दिया है. पार्टी ने दिल्ली में प्रदर्शन कर सिसोदिया के इस्तीफे की मांग की है. शनिवार को दिल्ली प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष अनिल चौधरी के नेतृत्व में कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने दिल्ली कांग्रेस ऑफिस से आम आदमी पार्टी के दफ्तर तक प्रदर्शन कर मनीष सिसोदिया के इस्तीफे की मांग की. 

Read more!
Advertisement

RECOMMENDED

Advertisement
Latest News in Hindi »