पुणे में पुलिस ने एक फर्जी लेडी सिंघम को गिरफ्तार किया है. यह महिला सब- इंस्पेक्टर रैंक के स्टार वाली पुलिस की वर्दी पहनकर एक क्लीनिक में गई थी. फर्जी पुलिस अधिकारी बन वह क्लीनिक के स्टाफ पर अपना प्रभाव जमा रही थी.जब वह क्लीनिक के बाहर खड़ी थी तो पुलिस की नजर उसपर पड़ी. उसको संदिग्ध मानकर पूछताछ की गई तो पूरा मामला सामने आया. पुलिस ने जिस महिला को गिरफ्तार किया है उसकी पहचान 25 वर्षीय समीना आसिफ इनामदार उर्फ समीना अयूब पठान के रूप में हुई है.
पुलिस की जांच में पता चला है कि समीना का सपना पुलिस अधिकारी बनने का था, लेकिन कुछ कारणों से वह पुलिस में भर्ती नहीं हो पाई थी. उसके मन में पुलिस अधिकारी न बनने का मलाल भी था. अब वह एक प्राइवेट कंपनी में काम कर रही है.
यह भी पढ़ें: पुणे: 'मार्केट गुरु' बनकर IT प्रोफेशनल को ठगा, ऐंठे 4 करोड़
क्लीनिक में जल्दी अपॉइंटमेंट के लिए पहनी थी पुलिस की वर्दी
समीना जिस डॉक्टर के क्लीनिक में गई थी उनके यहां काफी भीड़ थी. इस कारण उसको अपॉइंटमेंट नहीं मिल रहा था. जल्दी नंबर लगवाने के लिए उसने पुलिस की वर्दी पहन ली. वह क्लीनिक में जाकर खुद को पुलिस अधिकारी बताने लगी और उसने स्टाफ पर प्रभाव भी डालने की कोशिश की. पुलिस के मुताबिक, सबीना का पुलिस विभाग से कोई संबंध नहीं है. उसको गिरफ्तार करके पूरे मामले की जांच की जा रही है.यह भी देखा जा रहा है कि क्या इससे पहले भी सबीना ने पुलिस अधिकारी बन कोई धोखाधड़ी की है या किसी घटना को अंजाम तो नहीं दिया है.
यह भी पढ़ें: रातभर चल रही थी पार्टी, पुणे में पुलिस की रेड में नशे का सामान और हुक्का फ्लेवर बरामद
इस तरह पुलिस ने किया गिरफ्तार
पुणे के पुलिस सब- इंस्पेक्टर महेश शिंदे अपनी टीम के साथ पेट्रोलिंग कर रहे थे. जब वह उस क्लीनिक के बाहर से गुजरे तो उनकी नजर एक महिला पर पड़ी. उन्होंने देखा कि उसने पुलिस की वर्दी पहनी है और उसके कंधों पर सब- इंस्पेक्टर रैंक के स्टार भी लगे हैं. महिला को देखकर सब इंस्पेक्टर शिंद को कुछ शक हुआ. उन्होंने महिला से उसकी पहचान संबंधित कुछ सवाल किए लेकिन वह सही जवाब नहीं दे पाई. उससे पुलिस का आईडी कार्ड भी मांगा गया, लेकिन वह भी नहीं मिला. ऐसे में उसको गिरफ्तार करके जब पूछताछ की गई तो पूरा प्रकरण सामने आया .
ओमकार